होम / मीडिया फोरम / एकनाथ शिंदे का बड़ा बयान: देवेंद्र फडणवीस से मतभेद नहीं, मीडिया TRP के लिए फैला रही अफवाह
एकनाथ शिंदे का बड़ा बयान: देवेंद्र फडणवीस से मतभेद नहीं, मीडिया TRP के लिए फैला रही अफवाह
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को अक्कलकोट में कहा कि उनके और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच कोई मतभेद नहीं है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 3 months ago
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को अक्कलकोट में कहा कि उनके और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच कोई मतभेद नहीं है। उन्होंने मीडिया पर आरोप लगाया कि केवल TRP बढ़ाने के लिए झूठा माहौल बनाया जा रहा है।
शिंदे सोलापुर में नगर परिषद चुनावों के लिए रैलियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बीजेपी के खिलाफ चुनाव लड़ना दोनों पार्टियों के बीच दुश्मनी का संकेत नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया, "यह एक स्थानीय चुनाव है। हम लोकसभा में नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री देखने के लिए साथ थे, विधानसभा में महायुति के लिए। स्थानीय चुनाव में पार्टी के कार्यकर्ता भावनात्मक होते हैं और लड़ना चाहते हैं।"
उन्होंने यह भी कहा कि शिवसेना का दुश्मन BJP नहीं बल्कि MVA (महाविकास आघाडी) है, और भविष्य में भी यही रहेगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या वे और फडणवीस सार्वजनिक कार्यक्रमों में एक-दूसरे को अनदेखा कर रहे हैं, तो शिंदे ने जवाब दिया, "मीडिया ऐसे सवाल खुद बनाती है और जवाब भी खोजती है। सब कुछ बनाकर ब्रेकिंग न्यूज बना देते हैं। यह सब TRP के लिए होता है। अब उन्हें ऐसा करना बंद करना चाहिए।"
शिंदे ने यह भी कहा कि उनका "रावण" और "अहंकारी" वाला बयान BJP के लिए नहीं, बल्कि शिवसेना (UBT) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और उनके साथियों के लिए था। उन्होंने कहा, "हर कोई जानता है कि रावण कौन है और अहंकारी कौन। गरीब किसान के बेटे से मुख्यमंत्री बने; इसे कौन पचा नहीं पा रहा है? घर बैठे लोग जनता की समस्याओं को नहीं समझ सकते। जब मैं मुख्यमंत्री बना, तब शिवसेना (UBT) नेताओं को पेट में दर्द हुआ। वही रावण और अहंकारी हैं।"
टैग्स