होम / मीडिया फोरम / 'गद्दार' वाले पोस्टर पर बवाल, कांग्रेस ने सूचना-प्रसारण मंत्री से की माफी की मांग
'गद्दार' वाले पोस्टर पर बवाल, कांग्रेस ने सूचना-प्रसारण मंत्री से की माफी की मांग
कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को दूरदर्शन पर एक कार्यक्रम के प्रचार को लेकर केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से बिना शर्त माफी की मांग की है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 9 months ago
कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को दूरदर्शन पर एक कार्यक्रम के प्रचार को लेकर केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से बिना शर्त माफी की मांग की है। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पार्टी का आरोप है कि दूरदर्शन पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद इमरान मसूद को 'गद्दार' बताने वाला एक ‘अपमानजनक और खतरनाक नैरेटिव’ पेश किया गया।
दरअसल, 6 मई को दूरदर्शन के एंकर अशोक श्रीवास्तव ने अपने डिबेट शो के लिए सोशल मीडिया पर एक पोस्टर साझा किया, जिसमें खड़गे और मसूद की तस्वीरें थीं और नीचे लिखा था— "भारत तैयार, पर घर में कितने गद्दार?" इस पोस्टर ने तीखी राजनीतिक प्रतिक्रिया को जन्म दिया।
कांग्रेस के संचार प्रमुख जयराम रमेश ने इसे “गंभीर आपत्तिजनक और पूरी तरह अस्वीकार्य” बताते हुए कहा कि मंत्री अश्विनी वैष्णव को कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद से माफी मांगनी चाहिए और संबंधित एंकर को तत्काल हटाया जाना चाहिए।
कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने भी इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि “जिस तरह की घटिया, अपमानजनक और विभाजनकारी भाषा दूरदर्शन के माध्यम से चलाई जा रही है, वह न केवल अनुचित है बल्कि इस समय जब देश गंभीर संकट से गुजर रहा है, पूरी तरह अनुचित भी है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे और इमरान मसूद को 'गद्दार' कहना बेहद भड़काऊ और समाज को बांटने वाला कृत्य है।
वेणुगोपाल ने आगे कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सशस्त्र बलों और सरकार को पूरा समर्थन दिया है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रहित में खड़े रहने का एक लंबा इतिहास रहा है, चाहे पाकिस्तान के खिलाफ तीन युद्धों का समय रहा हो या फिर कारगिल युद्ध के दौरान वाजपेयी सरकार को समर्थन देने की बात हो।
उन्होंने कहा कि आज जब देश एक नाजुक मोड़ पर खड़ा है, ऐसे समय में सरकार की यह जिम्मेदारी है कि वह अपने आधिकारिक या अनौपचारिक माध्यमों से ऐसा कोई भी भड़काऊ संदेश प्रसारित न होने दे। साथ ही मंत्री अश्विनी वैष्णव को अविलंब बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।
टैग्स