होम / मीडिया फोरम / पेड़ से बांधकर पत्रकार की पिटाई, कांग्रेस बोली- 'जंगलराज'
पेड़ से बांधकर पत्रकार की पिटाई, कांग्रेस बोली- 'जंगलराज'
मध्य प्रदेश का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक पत्रकार को पेड़ से बांधकर पीटने का मामला सामने आया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
मध्य प्रदेश का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक पत्रकार को पेड़ से बांधकर पीटने का मामला सामने आया है। घटना होशंगाबाद की बतायी जा रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में देख जा सकता है कि किस तरह से कुछ लड़के एक 25 वर्षीय पत्रकार को पेड़ से बांधकर उसे थप्पड़ और घूंसे मार रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पेड़ से बांधकर जिसकी पिटाई की गई, वह पेशे से पत्रकार है, जिसका नाम प्रकाश यादव है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला कि कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर पीड़ित पत्रकार और आरोपियों के बीच बहस हुई थी, जिसका बदला लेने के लिए शनिवार को आरोपियों ने पत्रकार को रोका और बाद में उसकी पिटाई भी की।
इस मामले में पुलिस ने वीडियो में दिख रहे सभी छह आरोपियों को फिलहाल गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले को लेकर पीड़ित पत्रकार प्रकाश यादव ने एक शिकायत भी दर्ज कराई है, जिसमें उसने बताया कि वह पास के गांव से एक विज्ञापन की बुकिंग करके अपने गांव कोटगांव वापस जा रहा था। इसी दौरान आरोपी नारायण यादव ने उसे रोका। प्रकाश को रोकने के बाद एक जनवरी को उसके साथ हुए विवाद को लेकर नारायण यादव उसे गालियां देने लगा।
प्रकाश ने अपनी शिकायत में कहा कि जब मैंने उन्हें गाली देने से मना किया तो उसके भाई नरेंद्र यादव और कुछ अन्य लड़कों ने मुझे पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। पुलिस ने फिलहाल मिली शिकायत को लेकर मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच भी शुरू कर दी है।
मध्य प्रदेश कांग्रेस ने इस घटना का वीडियो ट्विटर पर शेयर करते हुए बीजेपी सरकार पर निशाना साधा और लिखा कि मध्य प्रदेश फिर हुआ शर्मसार, नर्मदापुरम में एक पत्रकार की पेड़ से बांधकर बेरहमी से पिटाई की गई। शिवराज जी, अब तो जंगलराज भी छोटा शब्द लगता है। ‘बीजेपी हटाओ, मध्य प्रदेश बचाओ’
मध्यप्रदेश फिर हुआ शर्मसार,
— MP Congress (@INCMP) January 27, 2023
— नर्मदापुरम में एक पत्रकार की पेड़ से बांधकर बेरहमी से पिटाई की गई।
शिवराज जी,
अब तो जंगलराज भी छोटा शब्द लगता है।
“बीजेपी हटाओ, मध्यप्रदेश बचाओ” pic.twitter.com/23M3dcQe7U
टैग्स पत्रकार पिटाई मध्य प्रदेश पेड़ से बांधकर