होम / मीडिया फोरम / युद्ध की आहट में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने न्यूज चैनल्स से की ये अपील
युद्ध की आहट में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने न्यूज चैनल्स से की ये अपील
भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के माहौल में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने समाचार चैनलों से संयम बरतने की अपील की है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 9 months ago
भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के माहौल में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने समाचार चैनलों से संयम बरतने की अपील की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने आग्रह किया कि टीवी चैनलों को बार-बार खतरे के सायरन नहीं बजाने चाहिए, क्योंकि इससे भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। विज ने कहा कि अगर भविष्य में कभी वास्तविक सायरन बजा, तो लोग उसे भी टीवी का ही हिस्सा समझ बैठेंगे और समय रहते जरूरी सुरक्षात्मक कदम नहीं उठा पाएंगे।
अनिल विज ने मौजूदा हालात को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि हालात किसी युद्ध से कम नहीं हैं और पाकिस्तान की स्थिति स्पष्ट रूप से कमजोर दिख रही है। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता पूरी तरह एकजुट होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ी है। उनके अनुसार, पीएम मोदी इस संघर्ष के नेतृत्वकर्ता हैं और पूरे देश को सेना के साहस और पराक्रम पर पूरा भरोसा है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान की ओर से हाल ही में जम्मू क्षेत्र में कई जगहों पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए गए, जिनका भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया। सभी हमलों को सेना ने नाकाम कर दिया और पाकिस्तानी ड्रोन व मिसाइलों को मार गिराया। इसी पृष्ठभूमि में विज ने मीडिया से अतिरिक्त सतर्कता बरतने का आग्रह किया है, ताकि जनमानस में किसी तरह की अफवाह या घबराहट न फैले।
टैग्स