होम / मीडिया फोरम / पत्रकार सौम्या विश्वनाथन हत्याकांड में अदालत आज सुनाएगी फैसला
पत्रकार सौम्या विश्वनाथन हत्याकांड में अदालत आज सुनाएगी फैसला
टीवी पत्रकार सौम्या विश्वनाथन की हत्या के मामले में दिल्ली की साकेत कोर्ट 18 अक्टूबर यानी आज अपना फैसला सुनाएगी।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
टीवी पत्रकार सौम्या विश्वनाथन की हत्या के मामले में दिल्ली की साकेत कोर्ट 18 अक्टूबर यानी आज अपना फैसला सुनाएगी। तमाम पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने 13 अक्टूबर को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। वैसे इस मामले में साकेत कोर्ट के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (ASJ) रविंद्र कुमार पांडेय ने फैसला सुनाए जाने के समय सभी आरोपितों को अदालत में उपस्थित रहने का निर्देश दिया था।
गौरतलब है कि 30 सितंबर 2008 को सौम्या विश्वनाथन की हत्या उस वक्त गोली मारकर कर दी गई थी, जब वह कार्यालय से अपनी कार से घर लौट रही थीं। इस मामले में दिल्ली के वसंत कुंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी।
पुलिस ने इस मामले में पूछताछ के आधार पर रवि कपूर, अमित शुक्ला, बलजीत मलिक, अजय कुमार और अजय सेठी को सौम्या की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ सख्त ‘महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम’ (मकोका) भी लगाया था।
सौम्या केस में आरोपितों ने खुलासा किया था कि उन्होंने हत्या इसलिए की, क्योंकि सौम्या की सेंट्रो उनकी कार से आगे निकल गई थी। हत्यारों ने सौम्या के सिर में गोली मारी थी, जिसकी वजह से कार डिवाइडर पर चढ़ गई। शुरू में पुलिस ने इसे एक्सीडेंट का केस समझा, लेकिन जब सौम्या के सिर से गोली निकली तो मामला सुलझा।
टैग्स सौम्या विश्वनाथन बलजीत मलिक दिल्ली कोर्ट फैसला सुरक्षित