होम / मार्केटिंग / HUL के CEO व MD पद से इस महीने विदाई लेंगे रोहित जावा, लिंक्डइन पर लिखा भावुक संदेश
HUL के CEO व MD पद से इस महीने विदाई लेंगे रोहित जावा, लिंक्डइन पर लिखा भावुक संदेश
इस नोट में रोहित जावा ने अपने लगभग चार दशक लंबे करियर, उपलब्धियों, अनुभवों और उन लोगों के प्रति आभार प्रकट किया, जिन्होंने उनके इस सफर को आकार दिया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 7 months ago
31 जुलाई 2025 को हिन्दुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) के रूप में अपना कार्यकाल समाप्त करने की तैयारी कर रहे रोहित जावा ने शुक्रवार को LinkedIn पर एक भावनात्मक नोट साझा किया। इस नोट में उन्होंने अपने लगभग चार दशक लंबे करियर, उपलब्धियों, अनुभवों और उन लोगों के प्रति आभार प्रकट किया, जिन्होंने उनके इस सफर को आकार दिया।
उन्होंने लिखा, “इस महीने के अंत में तिमाही नतीजों की घोषणा के बाद जब मैं HUL के CEO और MD के पद से विदा लूंगा, तो मन में कई भावनाएं उमड़ रही हैं। यह एक बेहद रोमांचक सफर रहा है, अपने पुराने संस्थान में लौटना, भारत को फिर से जानना और देशभर में अपनी टीमों और पार्टनर्स से जुड़ना। हर दिन एक नया अनुभव लेकर आया, और मुझे उन टीमों के साथ काम करने का सौभाग्य मिला जो किसी भी लीडर के लिए सपना होती हैं।”
जावा ने आगे लिखा कि कठिन बाजार परिस्थितियों के बावजूद, कंपनी ने अपने मार्केट लीडरशिप को मजबूत बनाए रखा, सांस्कृतिक जुड़ाव और सोशल-फर्स्ट डिमांड जेनरेशन का लाभ उठाया, क्रांतिकारी इनोवेशन लॉन्च किए, और नई रणनीति ‘ASPIRE: Unlocking a Billion Aspirations’ की नींव रखी, जो अब असर दिखाने लगी है।
उन्होंने लिखा, “HUL का नेतृत्व करना, जहां से मैंने अपना करियर शुरू किया था, मेरे लिए बेहद विनम्रता और सीख से भरा अनुभव रहा, जिसे मैं हमेशा संजो कर रखूंगा।”
HUL और Unilever, दोनों को जावा ने अपने 37 साल के करियर का घर बताया। उन्होंने लिखा कि इस दौरान उन्होंने न सिर्फ खुद को, बल्कि लोगों, समुदायों और ब्रांड्स को भी बढ़ते हुए देखा। उन्हें फिलीपींस, नॉर्थ एशिया और चीन जैसे रणनीतिक रूप से अहम बाजारों में कारोबार का नेतृत्व करने का अवसर भी मिला।
उन्होंने लिखा, “मैं अपने पूर्ववर्ती नेताओं, बोर्ड, मेंटर्स और वरिष्ठ अधिकारियों का गहरा आभार व्यक्त करता हूं, जिनके मार्गदर्शन और समर्थन ने मेरे पूरे सफर को दिशा दी। साथ ही मैं HUL परिवार और Unilever के अपने सहयोगियों का भी दिल से धन्यवाद करता हूं, जो हमेशा मेरी इस यात्रा की रीढ़ बने रहे।”
नोट के अंत में जावा ने अपनी उत्तराधिकारी के रूप में प्रिया नायर का उल्लेख किया और कहा, “अब मुझे लगता है कि बैटन आगे बढ़ाने का यही सही समय है। मुझे पूरा विश्वास है कि उनके नेतृत्व में HUL आने वाले वर्षों में और अधिक चमकेगा।”
टैग्स