होम / मार्केटिंग / Meesho ने IPO लाने की दिशा में बढ़ाए कदम, दायर किया SEBI में गोपनीय DRHP
Meesho ने IPO लाने की दिशा में बढ़ाए कदम, दायर किया SEBI में गोपनीय DRHP
सोशल कॉमर्स यूनिकॉर्न Meesho ने आधिकारिक तौर पर इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) की दिशा में कदम बढ़ा दिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 7 months ago
सोशल कॉमर्स यूनिकॉर्न Meesho ने आधिकारिक तौर पर इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। कंपनी ने भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास एक गोपनीय ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल किया है, जिसके जरिए वह 4,250 करोड़ रुपये की प्राथमिक पूंजी जुटाना चाहती है। Moneycontrol की रिपोर्ट के मुताबिक, जब इसमें सेकेंडरी शेयर सेल को जोड़ा जाएगा, तो कुल IPO साइज 8,500 करोड़ रुपये (लगभग 1 बिलियन डॉलर) तक पहुंच सकता है।
बेंगलुरु स्थित Meesho छोटे विक्रेताओं और टियर-2 व टियर-3 कस्बों के उपभोक्ताओं के लिए ई-कॉमर्स को लोकतांत्रिक बनाने के लिए जानी जाती है। कंपनी सितंबर-अक्टूबर 2025 के बीच बाजार में लिस्टिंग का लक्ष्य बना रही है- एक ऐसा समय जब डिजिटल-फर्स्ट बिजनेस में निवेशकों की दिलचस्पी के फिर से बढ़ने की उम्मीद है।
गोपनीय DRHP दाखिल करने की सुविधा Meesho को प्रतिस्पर्धात्मक डेटा सार्वजनिक किए बिना आगे बढ़ने का मौका देती है, खासकर जब कंपनी Amazon, Flipkart और Reliance Jiomart जैसे दिग्गजों से मुकाबला कर रही है। यह व्यवस्था कंपनी को बाजार की अनिश्चितताओं के बीच अपने आईपीओ टाइमलाइन में लचीलापन रखने की अनुमति भी देती है।
Meesho का यह कदम भारत की टेक IPO पाइपलाइन में लौटती रौनक की ओर भी इशारा करता है। बीते दो हफ्तों में Wakefit, Curefoods, Pine Labs और Shadowfax जैसी कंपनियों ने भी SEBI के पास अपने दस्तावेज दाखिल किए हैं, और सामूहिक रूप से 6,000 करोड़ रुपये से अधिक की फंडिंग का लक्ष्य रखा है। यह साफ संकेत है कि एक लंबे फंडिंग विंटर के बाद, Dalal Street पर फिर से आशा लौट रही है।
IPO से पहले Meesho ने कई अहम रणनीतिक बदलाव किए हैं। कंपनी ने अपने बोर्ड का पुनर्गठन किया, अमेरिकी होल्डिंग स्ट्रक्चर से हटकर दोबारा भारतीय डोमिसाइल अपनाया और एक सार्वजनिक कंपनी के रूप में खुद को रूपांतरित किया, ताकि वह एक लिस्टेड ब्रांड के रूप में मजबूत शुरुआत कर सके।
गोपनीय DRHP दाखिल कर Meesho अब उन उभरते हुए भारतीय स्टार्टअप्स की कतार में शामिल हो गया है जो stealth mode में IPO का रास्ता चुन रहे हैं। इससे पहले Groww, Oyo और Shadowfax भी ऐसा कर चुके हैं, जहां पूंजी की दक्षता और बौद्धिक संपदा की सुरक्षा प्राथमिकताओं में रही हैं।
Meesho की यह लिस्टिंग न केवल सोशल कॉमर्स सेगमेंट के वैल्यूएशन को एक नई दिशा दे सकती है, बल्कि यह भी तय करेगी कि वैश्विक निवेशक भारत के उभरते ई-कॉमर्स ब्रांड्स को किस नजर से देखते हैं।
टैग्स