होम / / न रुकी, न रुकेगी हिंदी पत्रकारिता: शशि शेखर, प्रधान संपादक, हिन्दुस्तान

न रुकी, न रुकेगी हिंदी पत्रकारिता: शशि शेखर, प्रधान संपादक, हिन्दुस्तान

‘लोकतंत्र के लिए जितनी जरूरी स्वस्थ राजनीति है, उतनी ही जरूरत स्वतंत्र पत्रकारिता की है। अपनी इस आजादी के लिए हम जूझते आए हैं, आगे भी जूझते रहेंगे। कुछ दिक्कतें जरूर हैं, पर रास्ते की दुश्वारियों की न हमारे पुरखों ने परवाह की, न हम करेंगे।’ हिंदी दैनिक अखबार हिन्दुस्तान में अपने आलेख के जरिए ये कहना है वरिष्ठ पत्रकार और हिन्दुस्तान अखबार के समूह सं

समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago

‘लोकतंत्र के लिए जितनी जरूरी स्वस्थ राजनीति है, उतनी ही जरूरत स्वतंत्र पत्रकारिता की है। अपनी इस आजादी के लिए हम जूझते आए हैं, आगे भी जूझते रहेंगे। कुछ दिक्कतें जरूर हैं, पर रास्ते की दुश्वारियों की न हमारे पुरखों ने परवाह की, न हम करेंगे।’ हिंदी दैनिक अखबार हिन्दुस्तान में अपने आलेख के जरिए ये कहना है वरिष्ठ पत्रकार और हिन्दुस्तान अखबार के समूह संपादक शशि शेखर का। हिंदी पत्रकारिता पर उनका ये आलेख आप यहां पढ़ सकते हैं: न रुकी, न रुकेगी हिंदी पत्रकारिता आज ‘हिंदी पत्रकारिता दिवस’ है, अत: ये चंद पंक्तियां राजदेव रंजन और उन जैसे जुझारू पत्रकारों के नाम, जिनकी वजह से हिंदी पत्रकारिता की मशाल आज तक रोशन है। इसे बुझाने की हजारों बार कोशिशें हुईं, पर जिस तरह सूरज उगना बंद नहीं हुआ, जिस तरह अंधेरे से लड़ने की जरूरत खत्म नहीं हुई, जिस तरह बेईमानी के घटाटोप में ईमानदारी चमकती है, जिस तरह अवश्यंभावी मौत के बावजूद इंसानियत अपने रास्ते चलती रहती है, उसी तरह हिंदी पत्रकारिता भी अपना सफर तय करती आई है, आगे भी करती रहेगी। पिछले 15 दिनों में हिन्दुस्तान के साथियों ने कठिन दिन-रात देखे। हर सहयोगी ऐसा महसूस कर रहा था, जैसे उसके घर से कोई अपना चला गया हो। मीडिया की बिरादरी में भी ऐसी एकजुटता कभी नहीं देखी गई। इस दौरान व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता की दीवारें ढह गईं। भाषाई विभेद खत्म हो गए। राष्ट्रीयता की गहरी लकीरें तक हल्की पड़ गईं। विदेशी मीडिया ने न केवल इसे ‘कवर’ किया, बल्कि हर तरह से अपनी गहरी संवेदना जाहिर की। बिहार के जागृत लोगों ने इन दिनों लगातार हमें ढाढ़स बंधाया। जगह-जगह प्रदर्शन हुए। लोगों ने हमारे दफ्तरों में इकट्ठा होकर सहयोग का आश्वासन दिया। दर्जनों संवेदनशील लोग राजदेव के गांव पहुंचे। उनके परिवार की जो क्षति हुई है, उसे जस-का-तस तो नहीं भरा जा सकता, पर हर तबके ने जिस तरह उन्हें संबल दिया, वह अपने आप में मिसाल है। कौन कहता है कि पत्रकारिता और पत्रकारों के प्रति लोगों की आस्था खत्म हो गई है? इस तरह की आशंकाओं की आड़ में दुकानदारी करने वाले जरा बीते पखवाड़े की हलचल पर गौर फरमाएं। उन्हें पता चल जाएगा कि वे कितनी गैर-जिम्मेदाराना बातें करते आए हैं! बिहार पुलिस ने इसी बीच पांच लोगों को गिरफ्तार कर दावा किया कि हत्यारे, उनके सहभागी और वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया गया है। हत्याकांड का सूत्रधार लड्डन मियां इन पंक्तियों के लिखे जाने तक पकड़ से बाहर है। पटना में प्रेस कांफ्रेंस करने वाले पुलिस के आला अधिकारी यह नहीं बता सके कि लड्डन मियां ने राजदेव का खून क्यों करवाया? इस हत्या का मकसद क्या था? जाहिर है, अभी काम अधूरा है। उसे बिहार पुलिस पूरा करेगी या सीबीआई? लाखों लोग इस सवाल के जवाब के लिए सत्ता सदन का मुंह जोह रहे हैं। उम्मीद है, इन प्रश्नों के उत्तर तर्कों की कसौटी पर इतने खरे होंगे कि उन्हें जनता और अदालत, दोनों की स्वीकृति हासिल होगी। यह इसलिए भी जरूरी है, क्योंकि अब तक जो हत्याकांड जनचर्चा का विषय बने, वे कुतर्कों के अंधियारे में गुम हो गए। आज तक तय नहीं हो पाया कि आरुषि तलवार को किसने मारा? नेपाल के राजघराने का हत्याकांड किसने और क्यों रचा? अमेरिकी राष्ट्रपति केनेडी को मारने वाला ली. हार्वे ओसवाल्ड वाकई हत्यारा था या नहीं? मैं आपको यह सब इसलिए याद दिला रहा हूं, क्योंकि पूरी दुनिया की जांच एजेंसियां भटकने और भटकाने की अभ्यस्त हैं। इस दौरान सहिष्णु बनाम असहिष्णु की बहस करने वाले वे सूरमा बहुत याद आए, जो बात-बेबात फैन्सी कपड़ों में ‘कैंडल मार्च’ निकालने के अभ्यस्त हैं। बिहार के एक कस्बाई शहर के हिंदी पत्रकार का खून उनकी नजर में पानी है, क्योंकि वह भदेस है! ईश्वर उन्हें सद्बुद्धि दे। अब हिंदी पत्रकारिता की दशा-दिशा पर आते हैं। मैं उन लोगों में शामिल हूं, जिन्होंने तकनीकी को बड़ी तेजी से बदलते हुए देखा है। 1980 के दशक में खबरें कभी-कभी तीन दिन पुरानी छपा करती थीं। वजह? वे बस, ट्रेन या टैक्सी से आती थीं। जिलों के संवाददाता आमतौर पर पत्रकारिता के अलावा जीवन-यापन के लिए कुछ और भी करते थे। इसीलिए एक बड़े भौगोलिक क्षेत्र में पत्रकार और पत्रकारिता, दोनों अंशकालिक गति को प्राप्त थे। यह वह नामुराद जमाना था,  जब फैक्स, कंप्यूटर, मोबाइल किसी के सपने में भी नहीं आते। एसटीडी की सुविधा हासिल हो तो गई थी, पर दूसरे शहर में ‘कनेक्ट’ करने में घंटों लग जाते। मुगलकालीन कबूतरों से तब तक के संसाधनों का सफर शताब्दियों में तय हुआ था- खरामा, खरामा! उन दिनों अगर आपको विदेश से खबर भेजनी हो, तो बस रब राखा। मैंने खुद परदेस से पहली रिपोर्ट ‘टेलेक्स’ से भेजी थी। काउंटर के दूसरी तरफ बैठा ‘गोरा’ नंबर मिलाते-मिलाते झुंझला गया था। मेरी परवाह किए बिना वह बड़बड़ाया था- ‘उफ्फ, ये इंडिया!’ उसकी बेकली और मेरी बेबसी मुझे शर्मसार कर गई थी। ऐसा नहीं है कि हम सिर्फ विकसित देशों से पिछड़े हुए थे। दक्षिणी राज्य भी हिंदीभाषी प्रदेशों से आगे थे। 1980 के दशक में वहां कंप्यूटर क्रांति हो रही थी, जबकि उत्तर के लोग ‘एसटीडी युग’ में जी रहे थे। मोबाइल फोन की आमद ने हमें यकायक अपने दक्षिण भारतीय दोस्तों के बराबर ला खड़ा किया। पिछली दो सदियों में अगर रेल, हवाई जहाज और बिजली ने मानवता के लिए नए द्वार खोले, दुनिया एक-दूसरे के पास आई, तो इंटरनेट अब सारे विभेद समाप्त कर रहा है। इसने ज्ञान पाने और बांटने के तमाम खिड़की-दरवाजों को खोल दिया है। अब यह आपके ऊपर है कि आप इसकी गति से कितना तारतम्य बैठा पाते हैं? सुखद बात यह है कि संसार के सर्वाधिक उन्नत देश भारतीय भाषा-भाषियों को कई मायनों में अपने से बेहतर पा रहे हैं। कुछ महीने पहले वॉल स्ट्रीट जर्नल  के मुख्यालय में मैंने एक हफ्ता गुजारा था। वहां हर प्रशिक्षण सत्र के बाद अनौपचारिक इम्तिहान लिया जाता। उसमें सर्वाधिक तालियां भारतीय और चीनी प्रतिनिधि को मिलीं। संयोगवश वहां अकेला हिन्दुस्तानी मैं था। उस दौरान हर शाम हम अमेरिका व यूरोप के पत्रकारों के साथ बैठते और सुनकर खुशी होती कि तकनीकी से तारतम्य के मामले में आप भारतीयों का जवाब नहीं। चीन से आई एक महिला संपादक की भी यही राय थी। हमने सदियों की इस विपन्नता को सिर्फ तीन दशकों में पाटा है। प्रिंट मीडिया के अवसान की चर्चाओं के बीच यह शुभ संकेत है। कुछ खत्म हो या कुछ नया आ जाए, हिंदी और हिन्दुस्तानी भाषाओं के पत्रकार उसके लिए तत्पर हैं। खबरें पाठकों तक पहुंचाने के साधन बदल सकते हैं, पर इससे पत्रकारिता खत्म नहीं होने जा रही। कैसे? बताता हूं। हिन्दुस्तान टाइम्स में मेरे एक सहयोगी हैं- निकोलस डावेस। वह दक्षिण अफ्रीकी ‘अंग्रेज’ हैं और ‘न्यूज मीडिया’ के बारे में गहरी समझ रखते हैं। मैं उन्हें बिहार के शहरों और गांवों में ले गया। वह यह देखकर हैरान थे कि हमारे साथी किस तरह संपादकीय सामग्री भेजने के लिए खस्ताहाल नेटवर्क के बावजूद मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हैं। निक ने लौटते समय कहा कि आपके लोग ‘प्रोग्रेस हंगरी’ यानी गजब के प्रगतिकामी हैं। हिंदी पत्रकारिता को अब वैश्विक होने से कोई नहीं रोक सकता। 4-जी के प्रसार और ‘डिजिटल हाइवेज’ की आमद हमारे लिए नए अवसर खोलने जा रही है। यहां एक यक्ष प्रश्न सिर उठाता है। क्या हमारे हुक्मरां इस सच को समझते हैं? हिंदी पत्रकारों के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने की बजाय वे उनका रास्ता रोकने में लगे हैं। लोकतंत्र के लिए जितनी जरूरी स्वस्थ राजनीति है, उतनी ही जरूरत स्वतंत्र पत्रकारिता की है। अपनी इस आजादी के लिए हम जूझते आए हैं, आगे भी जूझते रहेंगे। कुछ दिक्कतें जरूर हैं, पर रास्ते की दुश्वारियों की न हमारे पुरखों ने परवाह की, न हम करेंगे। (साभार: हिन्दुस्तान)   समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।


टैग्स
सम्बंधित खबरें

हिंदी अखबारों के सामने जनसरोकार की पत्रकारिता बड़ी चुनौती है: वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष चतुर्वेदी

एक तो हिंदी अखबारों ने जनसरोकार की पत्रकारिता करना बंद कर दिया है, लोगों से जुड़े मुद्दे उठाना बंद कर दिया है...

30-May-2017

हिंदी अखबारों के लिए विश्वसनीयता बचाना ही चुनौती है: राजीव सचान, एसोसिएट एडिटर, दैनिक जागरण

आज भी देश की बड़ी आबादी हिंदी भाषा ही समझती है, ऐसे में हिंदी मीडिया विशेषकर हिंदी अखबार ही उनके लिए सूचना पाने का जरिया होते हैं...

30-May-2017

हिंदी पत्रकारों को इस समय का फायदा उठाना चाहिए, बोले हरवीर सिंह, संपादक, आउटलुक(हिंदी)

मेरा मानना है कि हिंदी पत्रकारिता मजबूत तौर पर खड़ी है और कहीं भी इसके सर्वाइवल पर कोई सवाल नहीं है

30-May-2017

'अखबार आज पाठक की जरूरत नहीं बल्कि आदत की वजह से खरीदा जाता है’

समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। आज हिंदी का ह्रास और पत्रकारिता का अवमूल्यन हो रहा है। अखबार आज पाठक की जरूरत नहीं बल्कि आदत की वजह से खरीदा जाता है। ये बात हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में आयोजित संगोष्ठी में बोलते हुए जाने-माने टिप्पणीकार, पद्मश्री प्रोफेसर पुष्पेश पंत ने कही। संगोष्ठी में मुख्य वक

01-June-2016

क्या यही हिंदी पत्रकारिता का ‘स्वर्णयुग’ है?

आनंद प्रधान ।। क्या 188 साल की भरी-पूरी उम्र में कई उतार-चढ़ाव देख चुकी हिंदी पत्रकारिता का यह ‘स्वर्ण युग’ है? जाने-माने संपादक सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने बहुत पहले 8

30-May-2016


बड़ी खबरें

दुनिया को अलविदा कह गए वरिष्ठ पत्रकार व पूर्व राज्यसभा सांसद एच.के. दुआ

वरिष्ठ पत्रकार, राजनयिक और पूर्व राज्यसभा सांसद एच.के. दुआ का बुधवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया।

2 hours ago

BSE व NSE ने इस मामले में 'बालाजी टेलीफिल्म्स' पर लगाया जुर्माना

टीवी और फिल्म प्रोडक्शन कंपनी बालाजी टेलीफिल्म्स (Balaji Telefilms Limited) पर स्टॉक एक्सचेंज ने जुर्माना लगाया है।

1 day ago

मैडिसन मीडिया सिग्मा की CEO वनिता केसवानी ने छोड़ा पद

मीडिया इंडस्ट्री से एक बड़ी खबर सामने आई है। वनिता केसवानी ने मैडिसन मीडिया सिग्मा (Madison Media Sigma) के सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया है।

1 day ago

क्या पाकिस्तान अफगानिस्तान को हरा पाएगा: रजत शर्मा

तालिबान ने कहा कि उसके हमले में 55 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, इनमें से 23 सैनिकों की लाशें भी अफगान लड़ाके अपने साथ अफगानिस्तान ले गए।

1 day ago

वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी में शाजिया फ़ज़ल को मिली ये बड़ी जिम्मेदारी

ग्लोबल मीडिया और एंटरटेनमेंट कंपनी वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी (Warner Bros. Discovery) में शाजिया फ़ज़ल को बड़ी जिम्मेदारी मिली है

1 day ago