होम / साक्षात्कार / 'BW Dialogue' : शेन वाट्सन ने खोला मीडिया से दूरी बनाने का राज...
'BW Dialogue' : शेन वाट्सन ने खोला मीडिया से दूरी बनाने का राज...
‘बिजनेस वर्ल्ड’ (BW Businessworld) ग्रुप की सीरीज ‘बीडब्ल्यू डायलॉग’ (BW Dialogue) में इस बार...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
‘बिजनेस वर्ल्ड’ (BW Businessworld) ग्रुप की सीरीज ‘बीडब्ल्यू डायलॉग’ (BW Dialogue) में इस बार ऑस्ट्रेलिया के पूर्व हरफनमौला क्रिकेटर शेन वाट्सन नजर आए। कार्यक्रम के होस्ट और ‘बिजनेस वर्ल्ड’ ग्रुप के चेयरमैन व एडिटर-इन-चीफ डॉ. अनुराग बत्रा के साथ 31 जुलाई को दिल्ली के ‘द लोधी’ होटल में हुई इस खास बातचीत में वाट्सन ने खुलकर अपनी जिंदगी के तमाम अनुभव शेयर किए।
वाट्सन ने युवा खिलाडि़यों को क्रिकेट की बारीकियां सिखाने के लिए एकेडमी खोली है। वाट्सन का कहना है कि इन युवा खिलाडि़यों को देखकर उन्हें अपना समय याद आता है, जब उन्होंने शुरुआत की थी और यहां तक का सफर तय किया। इसके साथ ही वाट्सन ने यह भी बताया, 'मीडिया के साथ मेरे रिश्ते हमेशा उतार-चढ़ाव भरे रहे हैं। जब हम अच्छा प्रदर्शन कर रहे होते हैं तो सब चीजें सही चल रही होती हैं और मीडिया हमें भगवान का दर्जा देती है लेकिन आपका प्रदर्शन खराब होने के साथ ही मीडिया आपको एक झटके में जमीन पर गिराने में भी देर नहीं लगाती है। मैं मीडिया को खुद से दूर ही रखता हूं। अपने ऊपर की गई नकारात्मक टिप्पणियों पर मैं ध्यान नहीं देता हूं।'
वाट्सन का मानना है कि यदि आपको खुद पर भरोसा है तो सफलता निश्चित मिलती है। यही उनकी सफलता का राज भी है। इस बातचीत के दौरान वाट्सन ने यह भी बताया कि आईपीएल मैचों में 'राजस्थान रॉयल्स' की कप्तानी के दौरान शुरुआती दौर में चीजें काफी अस्पष्ट थीं लेकिन उन्हें अपने अंतर्मन पर भरोसा था और इस वजह से वह एक बेहतर कप्तान बन सके।
इस बातचीत के दौरान वाट्सन ने कहा कि हमेशा अपनी अंतरात्मा पर भरोसा रखना चाहिए। चीजों के बारे में पहले से कुछ भी कहना मुश्किल है लेकिन आपका अंतर्मन बताता है कि आपको क्या करना है। उस पर भरोसा करें और आगे बढ़ते जाएं।
वाट्सन ने बताया कि उन्हें अपनी जीवन में परिवार का भरपूर समर्थन मिला है। विभिन्न खेलों खासकर क्रिकेट के प्रति लगाव और जुनून उन्हें अपने पिता से मिला है जो खुद भी बहुत अच्छे क्रिकेटर थे।
वाट्सन ने बताया, 'जब मैं बहुत छोटा था, तब से क्रिकेट खेल रहा हूं। मेरे पिताजी मुझे टेस्ट क्रिकेट दिखाने के लिए एडिलेड ले जाया करते थे। जैसा कि आपको पता भी है कि क्रिकेट खेलने के दौरान मैं कई बार घायल भी हुआ हूं। क्रिकेट खेलने के दौरान पहली बार मैं जब घायल हुआ था, उस समय मेरी उम्र महज 12 वर्ष थी। उस समय मेरे परिवार ने वाकई में मुझे बहुत सपोर्ट किया था।'
क्रिकेट की दुनिया में समय-समय पर उठने वाले विवादों और स्कैंडल के बारे में वाट्सन का कहना था कि ये बात सभी को पता है कि जिन चीजों में ढेर सारा पैसा होता है, वहां कुछ लोग इस तरह की गतिविधियों में लिप्त हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है कि सिर्फ क्रिकेट ही नहीं बल्कि अन्य खेलों में भी इस तरह की चीजें शामिल हैं। यह गलत है लेकिन फिर भी हो रहा है।
अपने पसंदीदा भारतीय क्रिकेटर के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह राहुल द्रविड़ को काफी पसंद करते हैं। वाट्सन ने कहा, 'राहुल काफी बेहतरीन खिलाड़ी हैं। मुझे विराट कोहली भी काफी पसंद है। वे हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं।'
गौरतलब है कि ‘बीडब्ल्यू डायलॉग’ ऐसा मंच है, जिसके जरिये ऐसे प्रख्यात व्यक्तियों, सेलेब्रिटीज और अचीवर्स से बात कर उनसे उनकी जिंदगी, उनके बिजनेस और उनके नेतृत्व क्षमता के बारे में जानने की कोशिश की जाती है, ताकि उनकी सफलता की कहानी को दुनिया के सामने लाया जा सके। ये सेलिब्रिटीज विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हैं फिर चाहे वे किसी स्पोर्ट्स से हों, आर्टिस्ट हों, एक्टर हों या फिर कोई लेखक। लेकिन ये वे लोग हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा, प्रदर्शन और कार्यक्षमता से अपने क्षेत्र में लोहा मनवाया।
टैग्स शेन वॉटसन बीडब्ल्यू डायलॉग अनुराग बत्रा