होम / एडमिशन-जॉब्स / 'डीडी न्यूज' में नौकरी का मौका, सीनियर कॉरेस्पोंडेंट के लिए मोटी सैलरी ऑफर
'डीडी न्यूज' में नौकरी का मौका, सीनियर कॉरेस्पोंडेंट के लिए मोटी सैलरी ऑफर
भारत के लोक सेवा प्रसारक प्रसार भारती ने 'डीडी न्यूज' के लिए बड़ी भर्ती का ऐलान किया है।
Vikas Saxena 1 hour ago
भारत के लोक सेवा प्रसारक प्रसार भारती ने 'डीडी न्यूज' के लिए बड़ी भर्ती का ऐलान किया है। प्रसार भारती द्वारा जारी नोटिस के मुताबिक, डीडी न्यूज के तहत चार अलग-अलग रीजनल न्यूज यूनिट्स (RNU) में सीनियर कॉरेस्पोंडेंट के पद भरे जाएंगे। यह भर्ती पूरी तरह कॉन्ट्रैक्ट आधार पर होगी और केवल भारतीय नागरिक ही इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।
जारी सूचना के अनुसार कुल चार पद हैं, जिनमें भुवनेश्वर, गुवाहाटी, जम्मू और चंडीगढ़ में एक-एक वरिष्ठ संवाददाता की नियुक्ति की जाएगी। यह नियुक्ति दो साल के लिए होगी। चुने गए उम्मीदवारों को हर महीने 80 हजार से लेकर 1 लाख 25 हजार रुपये तक का वेतन दिया जाएगा, जो आपसी बातचीत के आधार पर तय होगा।
योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से पत्रकारिता, जनसंचार या संबंधित क्षेत्र में डिग्री या पीजी डिप्लोमा होना जरूरी है। साथ ही हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं पर अच्छी पकड़ होनी चाहिए। संबंधित क्षेत्र की स्थानीय भाषा का ज्ञान हो तो उसे प्राथमिकता मिलेगी। उम्मीदवार के पास कम से कम पांच साल का अनुभव होना चाहिए और नोटिफिकेशन जारी होने की तारीख तक उसकी उम्र 45 साल से कम होनी चाहिए।
काम की जिम्मेदारियों में खबरों की रिपोर्टिंग और फाइलिंग, लाइव इनपुट देना, विशेष रिपोर्ट तैयार करना, न्यूजरूम से जुड़े काम संभालना और अपने क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और विकास से जुड़े मुद्दों पर नजर रखना शामिल है। इसके अलावा टीवी और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के लिए कंटेंट तैयार करना भी जिम्मेदारी का हिस्सा होगा। जरूरत पड़ने पर वरिष्ठ अधिकारी द्वारा सौंपे गए अन्य काम भी करने होंगे।
प्रसार भारती ने साफ किया है कि यह नियुक्ति पूरी तरह संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) पर होगी और इससे स्थायी नौकरी या नियमितीकरण का कोई दावा नहीं बनता। नियुक्त व्यक्ति को फुल टाइम काम करना होगा और कॉन्ट्रैक्ट अवधि के दौरान कोई दूसरी नौकरी या असाइनमेंट नहीं ले सकेंगे। दो साल की अवधि में हर साल काम की समीक्षा होगी और प्रदर्शन के आधार पर आगे बढ़ाने का फैसला किया जाएगा। एक महीने का नोटिस देकर या एक महीने का वेतन देकर किसी भी पक्ष की ओर से कॉन्ट्रैक्ट खत्म किया जा सकता है। इस नियुक्ति पर किसी तरह का पेंशन लाभ भी नहीं मिलेगा।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों को प्रसार भारती की आधिकारिक वेबसाइट https://avedan.prasarbharati.org पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। नोटिस जारी होने की तारीख (16 फरवरी 2026) से 15 दिनों के भीतर आवेदन करना जरूरी है। किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आवेदन करते समय सभी जरूरी दस्तावेज साफ और पूरी तरह अपलोड करने होंगे, वरना आवेदन रद्द किया जा सकता है। शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को ही ईमेल के जरिए इंटरव्यू या टेस्ट की जानकारी दी जाएगी।
अधिक जानकारी के लिए नीचे दिए वैकेंसी पर क्लिक करें।
टैग्स