होम / साक्षात्कार / नेशनल के मुकाबले लोकल ऐडवर्टाइजर्स 50% अधिक कीमत देने को तैयार: पुनीत गोयनका
नेशनल के मुकाबले लोकल ऐडवर्टाइजर्स 50% अधिक कीमत देने को तैयार: पुनीत गोयनका
ZEEL के CEO पुनीत गोयनका ने टेलीविजन विज्ञापन में गिरावट पर चर्चा करते हुए कहा, "टीवी अब भी 90 करोड़ लोगों का माध्यम है।"
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 11 months ago
ZEEL के CEO पुनीत गोयनका ने टेलीविजन विज्ञापन में गिरावट पर चर्चा करते हुए कहा, "टीवी अब भी 90 करोड़ लोगों का माध्यम है।" उन्होंने बिजनेस स्टैंडर्ड को दिए गए एक इंटरव्यू में सोनी के साथ असफल विलय, ऐड मार्केट में गिरावट, DD फ्री डिश और नेटवर्क के भविष्य को लेकर अपने विचार साझा किए।
भारत के सबसे बड़े ब्रॉडकास्टर्स में से एक, ZEE, जो 17% दर्शक हिस्सेदारी रखता है, सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (SPNI) के साथ विलय करने वाला था। लेकिन जनवरी 2024 में यह समझौता टूट गया। गोयनका ने बताया कि उन्होंने अपनी ओर से पूरी कोशिश की, लेकिन हर प्रक्रिया अपेक्षा से अधिक समय ले रही थी।
उन्होंने कहा कि इस विलय को पूरा करने में काफी समय उन पक्षों के साथ समझौता करने में लगा, जिन्होंने आपत्ति जताई थी, जिनमें से कुछ मुद्दे ZEE से जुड़े भी नहीं थे। कंपनी ने विवादों का निपटारा कर प्रक्रिया को तेज करने का प्रयास किया, लेकिन फिर भी विलय पूरा नहीं हो सका। उन्होंने कहा, "समय अपनी जगह है और अदालतें अपनी।"
$940 मिलियन के स्टार-ICC अधिकार समझौते को विलय में रोड़ा बताया जा रहा था। इस पर गोयनका ने कहा, "अगर यह उनके (सोनी के) सिस्टम में था या नहीं, मैं नहीं कह सकता। जिस दिन हमें यह डील मिली, हमने उन्हें जानकारी दी और उन्होंने इस पर हस्ताक्षर किए।"
मेटा और यूट्यूब के साथ प्रतिस्पर्धा पर बात करते हुए गोयनका ने कहा कि ZEE के लिए खुद को अलग बनाना जरूरी है और इन प्लेटफॉर्म्स की नकल करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा, "वे पूरी तरह से यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर निर्भर हैं। उनके पास कोई बौद्धिक संपदा नहीं है।"
विज्ञापन को लेकर अपनी चिंता जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि ZEE ने इंडस्ट्री के मुकाबले सबसे कम गिरावट का सामना किया है। जहां इंडस्ट्री की विज्ञापन आय में 12-13% की गिरावट आई, वहीं ZEE का नुकसान सिर्फ 3.5-4% तक सीमित रहा। उन्होंने दोहराया, "टीवी अब भी 90 करोड़ लोगों का माध्यम है।"
गोयनका ने राष्ट्रीय ब्रैंड्स की तुलना में क्षेत्रीय और स्थानीय FMCG ब्रैंड्स को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा, "इसमें अधिक मेहनत लगती है, लेकिन लोकल कंपनियां नेशनल ब्रैंड्स की तुलना में 50% ज्यादा कीमत करने के लिए तैयार रहती हैं।"
उन्होंने Zee Anmol को DD Free Dish से हटाने के फैसले को इंडस्ट्री द्वारा लिया गया सामूहिक निर्णय बताया। हालांकि, फ्री-टू-एयर बाजार से दूर रहने के बाद, उन्होंने कहा कि चैनल फिर से DD Free Dish पर लौटेगा ताकि खो रहे दर्शकों को वापस लाया जा सके।
गोयनका ने यह भी खुलासा किया कि नेटवर्क गेमिंग में प्रवेश करने पर विचार कर रहा है, भले ही उसका मुख्य ध्यान अभी भी लीनियर टेलीविजन, डिजिटल, मूवीज और म्यूजिक पर केंद्रित है।
ZEEL के CEO ने कहा कि वह किसी भी प्रकार के इन्वेस्टमेंट, मर्जर या डील पर विचार करने के लिए तैयार हैं, बशर्ते कि यह उनके शेयरधारकों, कर्मचारियों और उनके खुद के हित में हो।
टैग्स