कोई भी संपादक जो जनता से सरोकार रखता हो, ऐसी खबर सुनकर परेशान हो जाएगा: ब्रजेश मिश्रा

‘भारत समाचार’ के एडिटर-इन-चीफ ब्रजेश मिश्रा ने समाचार4मीडिया से खास बातचीत की है। इस दौरान उन्होंने अपने जीवन से जुड़े कई पहलू साझा किए हैं।

Last Modified:
Monday, 31 May, 2021
Brajesh Mishra


‘भारत समाचार’ के एडिटर-इन-चीफ ब्रजेश मिश्रा ने समाचार4मीडिया से खास बातचीत की है। इस बातचीत के दौरान उन्होंने अपने जीवन से जुड़े कई पहलू हमारे साथ साझा किए, वहीं कोरोना को लेकर भी उन्होंने सरकार से कई सवाल किए हैं। प्रस्तुत हैं इस बातचीत के प्रमुख अंश:

अपने प्रारंभिक जीवन के बारे में हमें कुछ बताएं! क्या आप वाकई पत्रकार बनना चाहते थे?

मैं बीएससी ग्रेजुएट हूं। उस वक्त टेलिकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग का दौर था और बाकी लोगों की तरह मैं भी एक टेलिकम्युनिकेशन इंजीनियर बनना चाहता था। मुझे जेके इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड फिजिक्स एंड टेक्नोलॉजी (JK INSTITUTE OF APPLIED PHYSICS AND TECHNOLOGY) में प्रवेश भी मिल गया था लेकिन एक सेमेस्टर करने के बाद अहसास हुआ कि मैं एक अच्छा इंजीनियर नहीं बन सकता हूं।

ये 1997 की बात है, उस समय ‘स्वतंत्र भारत‘ नाम से लखनऊ से अखबार प्रकाशित होता था और उस वक्त उस अखबार की बड़ी इज्जत हुआ करती थी। उस अखबार में मुझे क्राइम रिपोर्टिंग करने का मौका मिला और उस समय मुर्दाघर में मेरी ड्यूटी लगती थी। लाशों की गिनती करना, मृत्यु के कारण का पता लगाना, ये सब मेरे काम होते थे और मुझे उस समय इस काम के 1200 रुपये मिलते थे। इसके बाद मैंने इसी काम को आगे बढ़ाया और जीवन में मौके मिलते चले गए।

आपने ईटीवी के साथ काफी समय काम किया है। उस यात्रा के बारे में कुछ बताएं?

ये बात वर्ष 2002 की है और मैं उस वक्त तक लखनऊ आ गया था और एक वेबसाइट के लिए काम कर रहा था। मैं आपको बता दूं कि जब 80 रुपये एक घंटे के साइबर कैफे में लगते थे, उस वक्त मैं वेब पत्रकारिता शुरू कर चुका था। उस वक्त इंटरनेट महंगा भी था और न ही इतनी स्पीड थी कि लोग न्यूज पढ़ने के लिए वेबसाइट पर आएं। उस दौर में मैंने पहली बार ईटीवी के लिए फ्रीलॉन्स काम किया।

उस वक्त अभय आदित्य सिंह ने मेरा बड़ा साथ दिया और साल 2003 में मुझे पहली बार टीवी पर मौका मिला। मैं इंटरव्यू करता था और अगले दो साल तक मैं वही काम करता रहा। 2005 में न्यूज सेक्शन को मुझे हेड करने का मौका दिया गया। उसके बाद मैं ब्यूरो चीफ भी बना और साल 2008 तक उनके साथ काम किया। वह एक शानदार और सुनहरा वक्त था। उस वक्त तकनीक इतनी आसान नहीं थी और इंटरनेट स्पीड के नाम पर कुछ नहीं था। उस समय हम बस और टैक्सी के जरिये छोटे-छोटे टेप मंगवाते थे और कई बार तो खबर अगले दिन चलती थी।

रामोजी राव ने एक शानदार प्रयोग उस दौर में किया था, जब लोगों ने कभी उम्मीद ही नहीं की थी कि गांव की न्यूज भी टीवी पर आ सकती है। उसके बाद मुझे कुछ वर्षों तक ‘न्यूज 24’ के साथ भी काम करने का मौका मिला। मैं उनका यूपी और उत्तराखंड का प्रमुख था।

उसके बाद वापस 2010 में मुझे संपादक की पोस्ट ‘ईटीवी‘ की ओर से ऑफर हुई, जिसे मैंने स्वीकार कर लिया और साल 2016 तक वह यात्रा बहुत शानदार तरीके से आगे बढ़ी। उस समय रीजनल मीडिया में ‘ईटीवी‘ सबसे अधिक देखा जाने वाला चैनल था। उसके बाद हमने महसूस किया कि जनता को एक ऐसे चैनल की जरूरत है, जो उनकी बात करे।

उस वक्त मेरे पास हर फील्ड से जुड़े 55 लोगों की टीम थी। जब मैंने सबके साथ बैठक की तो महसूस किया कि सबकी यही राय है कि अब खुद का काम शुरू किया जाए और उस तरह से ‘भारत समाचार‘ की नींव रखी गई और वो यात्रा आज भी जारी है।

क्या आपको ऐसा लगता है कि कोरोना की दूसरी लहर की भयावहता को सरकार पढ़ और समझ नहीं पाई?

देखिए, कोरोना को लेकर हम अपनी जिम्मेदारी समझते हैं और हमने सरकार को जनवरी 2020 से ही आगाह करना शुरू कर दिया था। हम पहले दिन से ही महामारी को ट्रैक कर रहे थे और जो न्यूज आ रही थीं, वो चिंताजनक थीं।

एक ऐसा वायरस, जिसका प्रसार मनुष्य से मनुष्य तक हो रहा है तो जाहिर सी बात है कि वो पूरे विश्व में फैलेगा। हमने पिछले 15 महीने से भी अधिक समय से लगातार राज्य और केंद्र सरकार को अपने सुझाव दिए हैं और इसके अलावा देश-विदेश के डॉक्टर्स और वैज्ञानिक भी हमने अपने टीवी शो में बुलाए हैं।

जब दूसरी लहर की चर्चा हो रही थी, उसी के ठीक पहले यूरोप में हालात बिगड़ रहे थे और लंदन में कर्फ्यू लगाना पड़ा था। जर्मनी, नार्वे और पोलैंड जैसे देशों में स्थिति खराब थी। उसी दौरान हम ये महसूस करने लगे थे कि खतरा हमारी ओर बढ़ रहा है। मुझे हैरानी है कि हमारी सरकारें इसे वक्त रहते क्यों नहीं समझ पाईं? यूरोप के देशों ने अपने सबसे बड़े त्यौहार क्रिसमस को नहीं मनाया था तो क्या ये हमारे लिए चेतावनी नहीं थी?

मुझे लगता है कि चुनाव की वजह से हमने इसे नजरअंदाज किया था। इसके अलावा वैक्सीन का अति आत्मविश्वास भी एक बड़ा कारण हो सकता है। मेरा मत हमेशा से यही रहा है कि कोरोना को नेता नहीं हैंडल कर सकते हैं। इसे तो डॉक्टर्स और वैज्ञानिक ही हैंडल कर सकते हैं और उन्हें अपना काम ईमानदारी से करना चाहिए।

कोरोना विज्ञान से हारेगा, न कि विज्ञापन से, मुझे लगता है कि ये पिछले 100 साल की सबसे बड़ी राजनीतिक चूक है। अगर मेरे जैसा पत्रकार उस तबाही को देख सकता था तो क्या हमारे डॉक्टर्स नहीं देख पाए? मुझे ऐसा लगता है कि या तो उनसे चूक हुई है या जब उन्होंने सरकार को बताया तो सरकार ने उसे अनदेखा किया।

आपके रिपोर्टर इस समय यूपी के 55 जनपदों तक से रिपोर्ट कर रहे हैं। यूपी के गांवों में इस समय कोरोना की क्या स्थिति दिखाई देती है?

जब ये बुरा दौर शुरू हुआ तो उस समय हमारी टीम ने ये निर्णय किया कि हम पंचायत चुनाव के नतीजे कवर नहीं करेंगे। ये वही समय था, जब लोग ऑक्सीजन की कमी से जूझ रहे थे और देश में हजारों मौतें हो रही थीं। न पर्याप्त दवाएं थीं और न ही पर्याप्त इंजेक्शन थे। टेस्ट होना तो लगभग बंद हो गया था। ऐसे समय में जब लोगों को अस्पताल में जगह तक नहीं मिल रही थी, उस समय हमने गांवों की ओर रुख करना शुरू किया।

गांवों से ये न्यूज आ रही थीं कि दिन में बुखार है, दर्द है, सीने में जकड़न है और रात को सोने के बाद सुबह मरे हुए मिलते हैं। कोई भी ऐसा संपादक जो जनता से सरोकार रखता हो और उनकी चिंता करता हो, निश्चित रूप से ऐसी खबर सुनकर परेशान हो जाएगा। हमने 55 लोगों की टीम बनाई, जो गांवों में जाने को तैयार थी। इस वक्त हम 1900 गांवों तक पहुंच गए हैं और हालात डराने वाले हैं। अगर देखा जाए तो यूपी में 90 हजार से अधिक गांव हैं तो ऐसे में अभी बहुत सफर तय करना बाकी है।

शायद ही कोई ऐसा गांव हमे ऐसा मिला, जिसमें 50 से 60 लोगों की मौत न हुई हो। न कोई टीका लग रहा है और न ही स्वास्थ्य विभाग की कोई टीम वहां है। आज के समय में 90 फीसदी गांवों में हालात बेहद खराब है।

आईसीयू की तो आप बात ही छोड़ दीजिए। एक नार्मल पैरासिटामोल तक वहां उपलब्ध नहीं है। जानकारी के अभाव और सरकार की नाकामी के चलते आज जो रिपोर्ट हमारे पास आ रही है, वो बेहद दुःखदायी है। ‘भारत समाचार‘ पर 1900 गांवों की वास्तविक तस्वीर आप देख सकते हैं और हमारा काम सिर्फ जनता की समस्या दिखाना है। हम न तो पुलिस हैं और न ही जज, आखिर में जनता ही तय करती है कि कौन सही था और कौन गलत।

यूपी सरकार कह रही है कि उसने कोर्ट के कहने पर चुनाव करवाए हैं। ऐसे में सरकार पर आरोप लगाना कहां तक उचित है?

सरकार कोर्ट के आदेश की दलील तो दे रही है, लेकिन वो ये क्यों नहीं बताती कि पंचायत का कार्यकाल तो दिसंबर 2020 में ही खत्म हो गया था। इसका अर्थ यह हुआ कि आपको नवंबर तक पूरी प्रक्रिया से गुजरना था, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। उस वक्त कोरोना से देश में हालात उतने बुरे नहीं थे। अगर लोकसभा और विधानसभा के चुनाव समय पर हो रहे हैं तो पंचायत चुनाव क्यों नहीं? 56000 ग्राम पंचायतों का गठन समय से क्यों नहीं हो पाया?

इसके अलावा एक और सवाल उठता है कि सरकार ने निर्वाचन आयोग से क्या ये कहा कि कोरोना बढ़ गया है, आप चुनाव को रोकने की सिफारिश कीजिए? हमारी आयोग से बात हुई है, जिसमें उनकी ओर से ये कहा गया है कि हमें ऐसा कोई पत्र नहीं मिला है। हां, सरकार ने ये तर्क जरूर दिया था कि आरक्षण प्रक्रिया के चलते इसमें देरी हो रही है। ये वो सरकार है, जो बात-बात पर हाई कोर्ट के निर्णय के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट चली जाती है! जब अप्रैल में कोर्ट ने लॉकडाउन के लिए कहा था तो यही सरकार स्टे लेने सुप्रीम कोर्ट चली गई थी।

अगर आपको लगता था कि चुनाव नहीं हो सकते तो आप इस निर्णय के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट क्यों नहीं गए? अभी आपको याद होगा कि राम भरोसे कह दिया था हाई कोर्ट ने तो सुप्रीम कोर्ट से स्टे लेने चले गए! जब आप इतनी सी बात पर सुप्रीम कोर्ट जा सकते हैं तो जब हजारों लोगों की जान जा रही थी, तब क्यों नहीं गए? लाखों लोगों की जान गई है। लोगों ने अपने बच्चे खोए हैं। इस प्रकार के बयान से बात बनने वाली नहीं है, जवाबदेही तो तय करनी ही होगी।

आपके ऊपर ये आरोप लगाया जाता है कि आप सिर्फ सरकार को बदनाम करने के लिए कोरोना की ही बात करते हैं। क्या आप लोगों को डरा रहे हैं?

ये जो भी लोग हैं और जो भी ये कमेंट करते हैं कि मैं लोगों को डरा रहा हूं,  ऐसे लोगों को मैं बिल्कुल भी तवज्जो नहीं देता हूं। इसके पीछे एक सबसे बड़ा कारण यह है कि मैं सच की राह पर खड़ा हूं। कन्नौज से लेकर बलिया तक गंगा के दोनों छोर तक लाशें अटी पड़ी हैं, गांवों में लोग मर रहे है। अगर लाशें बहाई जा रही हैं, किनारों पर दफनाई जा रही हैं तो क्या हम सच को नहीं देखें?

आपको अंदाजा नहीं है कि इतनी बड़ी तबाही हुई है कि परिजनों के पास अपने लोगों के अंतिम संस्कार करने तक के पैसे नहीं हैं। गांवों में लोग इस पीड़ा से गुजर रहे हैं कि इलाज कराने में उनके घर और गहने तक गिरवी हो गए हैं। क्या आरोप लगाने वाले गांवों में जाकर ये सच देखेंगे?

क्या हमने कभी कल्पना की थी कि लखनऊ और वाराणसी जैसे बड़े शहरों में लोग बिना ऑक्सीजन के मर जाएंगे? क्या कभी एक बेटे को आपने देखा है, जिसने ऑक्सीजन की कमी के कारण अपने बाप को मरते देखा हो? क्या आपको पता है कि लखनऊ में श्मशान घाट का एरिया सील कर दिया गया था, ताकि जलती लाशें न दिखाई जाएं? जब आपके परिजन का अंतिम संस्कार करने के लिए आपको 3 दिन का टोकन दिया जाए और आप उसकी पीड़ा का अनुभव नहीं कर सकें तो आप ये मान लीजिए कि आपमें मानवता की कमी आ गई है।

यहां कोई पक्ष और विपक्ष नहीं है, सिर्फ सत्यता है। हम सच के साथ हैं और हम किसी भी विभाग को अपनी रिपोर्ट देने के लिए तैयार हैं। मैं तो इतना तक कह रहा हूं कि इन पूरी मौतों की न्यायिक जांच होनी चाहिए।

आरोप लगाने वाले ये भी देख लें कि सिर्फ एक-दो महीने से नहीं, जब आप कोरोना का सी नहीं जानते थे, तब से मैं कोरोना को लेकर लगातार ट्वीट कर रहा हूं। अगर इतनी तबाही के बाद भी आप लोगों की पीड़ा से नहीं जुड़ पाते हैं और मुझे ये कहते हैं कि मैं लोगों को डरा रहा हूं तो ये बेशर्म और निर्लल्ज लोग हैं और मैं ऐसे लोगों को महत्त्व नहीं देता।

कोरोना के इस दौर में आपके ऑफिस में किन प्रोटोकॉल्स को फॉलो किया जा रहा है?

आपने बहुत अच्छा सवाल किया है और मुझे लगता है कि इसका सबसे अच्छा जवाब हमारे एम्प्लॉयीज और पत्रकार बंधु ही दे सकते हैं। हमने फरवरी 2020 से ही तैयारी कर ली थी और ताईवान का मॉडल फॉलो किया।

थर्मल स्कैनर, ऑक्सीमीटर, बेहतरीन क्वालिटी के N 95 मास्क का हमने प्रयोग किया। जितना हो सके उतने कम कर्मचारियों को हमने ऑफिस में रखा और इसके अलावा दो लोगों के बीच कम से कम 4 फुट की दूरी हमने रखी।

जब लोगों को इस बीमारी की गंभीरता का अहसास भी नहीं था तब हमने सभी का आरटीपीसीआर टेस्ट करवा लिया था। दूसरी लहर में भी हमनें सभी के टेस्ट करवाए। आज भी आप ऑफिस में आएंगे तो मल्टी लेयर हेल्थ सिस्टम आपको देखने को मिलेगा। इसी का नतीजा था कि यहां सिर्फ 5 से 7 लोगों को ही कोरोना हुआ और ईश्वर की कृपा से कोई जान की हानि नहीं हुई।

हमने विदेशी मीडिया से सीखा और एक कोविड हेल्प डेस्क तैयार करवाई जो कि हर समय स्टाफ की सेवा के लिए उपलब्ध थी। अगर किसी स्टाफ को कोरोना हुआ तो हम इतना तक आपको बता सकते हैं कि सुबह और शाम को उसका ऑक्सीजन लेवल कितना था, आप अंदाजा लगा सकते हैं कि इतनी सघन निगरानी शायद ही किसी ने की हो।

क्या भविष्य में आप किसी राष्ट्रीय चैनल को लाने की सोच रहे हैं? क्या लखनऊ से दिल्ली आने की इच्छा है?

लखनऊ एक शानदार शहर है और मैं आपको निमंत्रित करता हूं कि आप आइये। एक बार आप आएंगे तो मुझे पूरी उम्मीद है कि आपका जाने का मन नहीं करेगा। ये अपनी रफ्तार का शहर है मुझे ये बहुत पसंद है। दिल्ली मुझे सहज नहीं लगता है और मेरी वहां आने की कोई इच्छा भी नहीं है।

‘भारत समाचार’ यूपी के लोगों को समर्पित है और अभी हमें बहुत लंबा सफर तय करना है। हमारे पास बहुत ही मेहनती, वफादार और कर्मठ टीम है। इसके अलावा आने वाले समय में हमारी राष्ट्रीय चैनल लाने की कोई योजना नहीं है। आखिर में बस मैं इतना कहूंगा कि रात में किसी को बुखार आता है और सुबह अगर वो मरा हुआ मिलता है तो आप डरिए, क्योंकि कभी-कभी डरना अच्छा होता है।

समाचार4मीडिया के साथ ब्रजेश मिश्रा की इस बातचीत का वीडियो आप यहां देख सकते हैं-

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए