वरिष्ठ पत्रकार खुशदीप सहगल ने अपने फेसबुक पोस्ट में एक ऐसे शख्स की मीडिया जगत में मौजूदगी पर सवाल उठाए हैं, जिस पर पहले गंभीर आर्थिक अनियमितताओं और धोखाधड़ी के आरोपों का जिक्र सामने आ चुका है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
वरिष्ठ पत्रकार खुशदीप सहगल ने अपने फेसबुक पोस्ट में एक ऐसे शख्स की मीडिया जगत में मौजूदगी पर सवाल उठाए हैं, जिस पर पहले गंभीर आर्थिक अनियमितताओं और धोखाधड़ी के आरोपों का जिक्र सामने आ चुका है। सहगल ने पोस्ट में यह भी लिखा है कि दो दिन पहले यही शख्स मीडिया हाउस के मालिक के तौर पर दिवाली पार्टी में शामिल हुआ और वहां की सेल्फी सोशल मीडिया पर शान से साझा की। इस पूरे घटनाक्रम के जरिए उन्होंने सवाल उठाया है कि किसी को ऐसे आयोजनों में न्योता देने से पहले क्या उसकी पृष्ठभूमि की पड़ताल की जाती है?
यहां पढ़िए उनका ये पूरा लेख-
नवभारत टाइम्स कोई छोटा-मोटा अखबार तो है नहीं। इसने 7 नवंबर 2025 को एक खबर छापी, जिसका लिंक नीचे दिया गया है-
"कभी खुद को शिक्षा सुधारक बताने वाले बिजेंद्र सिंह हुड्डा आज उत्तर प्रदेश के सबसे चर्चित आर्थिक अपराधियों में से एक बन चुके हैं। हापुड़ (पिलखुवा) से लेकर मेरठ, गाजियाबाद और दिल्ली तक, उनका नाम ठगी, फर्जीवाड़े और अरबों की हेराफेरी के मामलों में गूंजता है। बिजेंद्र सिंह हुड्डा की कहानी एक फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं, एक ऐसा शख्स जो 10वीं पास था, लेकिन करोड़ों की संपत्ति का मालिक बन बैठा।
हुड्डा ने अपनी शुरुआत चीन में लैपटॉप और टैबलेट के कारोबार से की थी। वहां से उसने करोड़ों रुपये कमाए और 2010 में भारत लौट आया। लौटते ही उसने यही बिजनेस देश में शुरू किया और फिर धीरे-धीरे मीडिया, शिक्षा और राजनीति की दुनिया में अपने पांव पसारने लगा। न्यूज चैनलों में हिस्सेदारी, अफसरों और पत्रकारों से संपर्क और फिर शिक्षा के नाम पर साम्राज्य खड़ा करने का सपना, लेकिन इस सपने की बुनियाद ठगी और धोखाधड़ी पर रखी गई थी।
मोनाड यूनिवर्सिटी, जो कभी शिक्षा का प्रतीक मानी जाती थी, आज हुड्डा की फर्जी डिग्रियों और वित्तीय गड़बड़ियों के कारण जांच के घेरे में है। वहीं दूसरी ओर, बाइक बोट घोटाला, जिसमें 15 हजार करोड़ रुपये की ठगी का आरोप है, ने हुड्डा की साख पूरी तरह ध्वस्त कर दी। जैसे ही इस घोटाले का खुलासा हुआ, हुड्डा ने अपने न्यूज चैनल और कारोबार से किनारा कर लिया और देश छोड़कर फरार हो गया था।
गाजियाबाद, दिल्ली और गौतमबुद्धनगर की अदालतों में हुड्डा के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक षड्यंत्र और साक्ष्य मिटाने जैसे 100 से अधिक मामले दर्ज हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में दाखिल शपथपत्र में बिजेंद्र ने खुद स्वीकार किया कि उसकी कुल संपत्ति 28 करोड़ रुपये है, जबकि देनदारी 230 करोड़ रुपये से अधिक है। दिलचस्प यह है कि उसकी वार्षिक आय मात्र 15 लाख रुपये बताई गई। ऐसे में सवाल उठता है कि इतनी अकूत संपत्ति आखिर आई कहां से?
अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) बिजेंद्र सिंह हुड्डा के पूरे आर्थिक नेटवर्क की तहकीकात में जुट गया है। सूत्रों के अनुसार, ईडी अब यह जांच कर रही है कि बाइक बोट से जुटाई गई 15 हजार करोड़ रुपये की राशि कहां-कहां निवेश की गई और मोनाड यूनिवर्सिटी का साम्राज्य कैसे खड़ा हुआ।"
एक साल पहले की खबर आपने पढ़ ली।
फेसबुक यूजर सचिन गुप्ता की पोस्ट के मुताबिक, सालभर पहले ही यूपी-एसटीएफ ने छापेमारी कर विजेंद्र सिंह हुड्डा को जेल भेजा था। जेल से जमानत पर बाहर आते ही बिजेंद्र हुड्डा ने दो टीवी चैनल खरीद लिए। दो दिन पहले मीडिया हाउस के मालिक होने के नाते दिवाली पार्टी में शिरकत की। उस अवसर की सेल्फी भी शान के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट कीं।
अब ये सवाल अलग है कि न्योता देने से पहले किसी शख्स के इतिहास-भूगोल की स्क्रूटनी होती है या नहीं।
बाकी जो है सो है...
(साभार: खुशदीप सहगल की फेसबुक वॉल से)
श्रीनिवास वनामा प्राइम वीडियो और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज में क्रिएटिव स्पेशलिस्ट के रूप में शामिल हुए हैं। इससे पहले वह अमेजन और लक्ष्य डिजिटल में काम कर चुके हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
श्रीनिवास वनामा (Srinivas Vanama) प्राइम वीडियो (Prime Video) और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज (Amazon MGM Studios) से क्रिएटिव स्पेशलिस्ट के रूप में जुड़ गए हैं। उन्होंने लिंक्डइन (LinkedIn) पर पोस्ट साझा कर अपनी नई भूमिका की जानकारी दी।
अपनी पोस्ट में वनामा ने लिखा, “मुझे यह साझा करते हुए खुशी हो रही है कि मैं प्राइम वीडियो और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज में क्रिएटिव स्पेशलिस्ट के रूप में नई जिम्मेदारी संभाल रहा हूं।”
इससे पहले वनामा अमेजन (Amazon) में लेवल 4 3डी टीम लीड – वेंडर मैनेजमेंट, प्रोजेक्ट और प्रोग्राम मैनेजमेंट की भूमिका में कार्यरत थे।
अमेजन से पहले वह लक्ष्य डिजिटल (Lakshya Digital) के साथ जुड़े हुए थे।
Yu Foods आज सुपरमार्केट से लेकर एयरलाइन के मेन्यू तक अपनी जगह बना चुका है। इस ब्रैंड को खड़ा करने में इसके को-फाउंडर वरुण कपूर की अहम भूमिका रही है, जिनका जन्मदिन 15 नवंबर को है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
एक छोटी-सी लैब, दो पूर्व इन्वेस्टमेंट बैंकर और बिना प्रिजर्वेटिव्स के इंस्टेंट फूड बनाने का एक आइडिया। इसी सोच के साथ शुरू हुआ Yu Foods आज सुपरमार्केट से लेकर एयरलाइन के मेन्यू तक अपनी जगह बना चुका है। इस ब्रैंड को खड़ा करने में इसके को-फाउंडर वरुण कपूर की अहम भूमिका रही है, जिनका जन्मदिन 15 नवंबर को है।
वरुण कपूर और Bharat Bhalla ने साल 2020 में सिर्फ 12 फीट लंबी और 8 फीट चौड़ी लैब से इस सफर की शुरुआत की थी। दोनों यह समझने की कोशिश कर रहे थे कि बिना किसी प्रिजर्वेटिव्स के ऐसा इंस्टेंट खाना कैसे तैयार किया जाए, जिसे लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सके।
Yu Foods लॉन्च करने से पहले दोनों ने 500 से ज्यादा ग्राहकों से बातचीत की। उन्होंने यह जानने की कोशिश की कि लोग क्या खरीदते हैं, क्या खाना पसंद करते हैं और पैकेज्ड फूड खरीदते समय किन बातों से परहेज करते हैं। इसी रिसर्च के आधार पर उन्होंने अपने फूड ब्रैंड की योजना तैयार की।
बैंकिंग से फूड बिजनेस तक का सफर
चार्टर्ड अकाउंटेंट वरुण कपूर ने साल 2004 में YES BANK से अपने करियर की शुरुआत की थी। यहां काम करते हुए वह आगे चलकर सीनियर प्रेसिडेंट के पद तक पहुंचे। इसके बाद उन्होंने DOIT Group में प्रिंसिपल के तौर पर काम किया।
बैंकिंग और फाइनेंस सेक्टर में अनुभव हासिल करने के बाद उन्होंने Bharat Bhalla के साथ मिलकर Yu Foodlabs की शुरुआत की। दोनों का मकसद ऐसे इंस्टेंट फूड प्रोडक्ट्स तैयार करना था, जो बनाने में आसान हों और जिनमें प्रिजर्वेटिव्स का इस्तेमाल न करना पड़े।
अक्टूबर 2021 में बाजार में उतारे प्रोडक्ट्स
Yu Foods ने अक्टूबर 2021 में अपने प्रोडक्ट्स बाजार में उतारे। शुरुआत पास्ता और ओट्स बाउल से हुई, जिन्हें तैयार करने के लिए सिर्फ गर्म पानी की जरूरत होती थी।
कंपनी ने इन प्रोडक्ट्स को तैयार करने के लिए फ्रीज-ड्राइंग तकनीक का इस्तेमाल किया। इस तकनीक की मदद से खाने को बिना फ्रिज में रखे एक साल तक सुरक्षित रखने की क्षमता मिली।
इसी साल कंपनी ने गाजर का हलवा और मूंग दाल का हलवा भी लॉन्च किया। वरुण कपूर ने इन डेजर्ट्स में गाजर के हलवे को अपना पसंदीदा बताया था।
कंपनी को शुरुआत में ही एयरलाइन सेक्टर से भी अच्छा मौका मिला। कारोबार शुरू होने के पहले 10 महीनों के भीतर ही Yu Foods का थ्री-चीज पास्ता और गाजर का हलवा SpiceJet की फ्लाइट्स में परोसा जाने लगा। इससे ब्रैंड को नए ग्राहकों तक पहुंचने का मौका मिला।
Hardik Pandya बने निवेशक और ब्रैंड का चेहरा
साल 2023 में भारतीय क्रिकेटर Hardik Pandya भी Yu Foods से बतौर निवेशक जुड़ गए। इसके साथ ही वह कंपनी के पहले ब्रैंड कैंपेन का चेहरा भी बने।
इसके अगले साल यानी 2024 में कंपनी ने 55 करोड़ रुपये की फंडिंग जुटाई। यह कंपनी का Series B फंडिंग राउंड था, जिसका नेतृत्व निवेशक Ashish Kacholia और Asian Paints के प्रमोटर ग्रुप के सदस्यों ने किया।
इस दौरान Yu Foods ने अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो का भी विस्तार किया। कंपनी ने सिर्फ इंस्टेंट मील बाउल तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि होल व्हीट नूडल्स, नारियल पानी और फ्रूट जूस जैसे प्रोडक्ट्स भी बाजार में उतारे।
FY26 में 75 करोड़ रुपये तक पहुंचा रेवेन्यू
Yu Foods के कारोबार में अब तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। कंपनी के को-फाउंडर Bharat Bhalla ने Inc42 को बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) में कंपनी का ऑपरेटिंग रेवेन्यू बढ़कर 75 करोड़ रुपये हो गया।
इससे पिछले वित्त वर्ष यानी FY25 में कंपनी का ऑपरेटिंग रेवेन्यू 35 करोड़ रुपये था। इस तरह एक साल में कंपनी के रेवेन्यू में करीब 114 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
कंपनी की इस ग्रोथ में होल व्हीट नूडल्स, कोरियन रामेन और बेवरेजेज की बिक्री का बड़ा योगदान रहा।
क्विक कॉमर्स से मिल रही कारोबार को रफ्तार
Yu Foods की कमाई में अब क्विक कॉमर्स की बड़ी भूमिका है। कंपनी के कुल रेवेन्यू का ज्यादातर हिस्सा इसी माध्यम से आ रहा है।
क्विक कॉमर्स के जरिए ग्राहक कम समय में अपनी जरूरत के प्रोडक्ट घर पर मंगवा सकते हैं। यह सुविधा उसी सोच से मेल खाती है, जिसके साथ वरुण कपूर और Bharat Bhalla ने शुरुआत में इंस्टेंट मील बाउल तैयार किए थे। उनका मकसद ग्राहकों को ऐसा खाना उपलब्ध कराना था, जिसे आसानी से और कम समय में तैयार किया जा सके।
इस तरह 12x8 फीट की छोटी-सी लैब से शुरू हुआ Yu Foods का सफर अब एक बड़े फूड ब्रैंड के रूप में आगे बढ़ रहा है। कंपनी ने इंस्टेंट मील से शुरुआत की, फिर नूडल्स और बेवरेजेज जैसे प्रोडक्ट्स जोड़े और अब क्विक कॉमर्स के जरिए अपने कारोबार को नई रफ्तार दे रही है।
इस नई जिम्मेदारी के साथ अब वह ब्रैंड के संपूर्ण डिजाइन विभाग का नेतृत्व करेंगे। वह कंपनी में वर्ष 2017 से जुड़े हुए हैं और इससे पहले हेड ऑफ डिजाइन क्रिएशन के पद पर कार्यरत थे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
जर्मन वाहन निर्माता कंपनी Volkswagen Commercial Vehicles (VWCV) ने मार्टिन पोहांका को हेड ऑफ डिजाइन नियुक्त किया है। इस नई जिम्मेदारी के साथ अब वह ब्रैंड के संपूर्ण डिजाइन विभाग का नेतृत्व करेंगे। वह कंपनी में वर्ष 2017 से जुड़े हुए हैं और इससे पहले हेड ऑफ डिजाइन क्रिएशन के पद पर कार्यरत थे।
मार्टिन पोहांका को ऑटोमोबाइल डिजाइन के क्षेत्र में लंबा अनुभव है। हेड ऑफ डिजाइन क्रिएशन के तौर पर वह इंटीरियर, एक्सटीरियर, UI/UX और कलर एंड ट्रिम से जुड़े डिजाइन कार्यों की देखरेख कर रहे थे। Volkswagen Commercial Vehicles में उन्होंने शुरुआत में इंटीरियर डिजाइन का नेतृत्व किया था। इसके बाद वर्ष 2023 में उन्हें डिजाइन क्रिएशन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इससे पहले मार्टिन पोहांका Audi, Porsche और Jaguar Land Rover जैसी प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनियों में डिजाइन से जुड़ी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उन्होंने वर्ष 1997 में फ्रीलांस इंडस्ट्रियल डिजाइनर के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी। वर्ष 1998 में वह Audi से जुड़े और वर्ष 2001 में Porsche चले गए, जहां उन्होंने इंटीरियर और एडवांस्ड डिजाइन के क्षेत्र में काम किया। वर्ष 2015 में उन्होंने Jaguar Land Rover में चीफ डिजाइनर (इंटीरियर क्रिएशन) के तौर पर जिम्मेदारी संभाली।
Volkswagen Commercial Vehicles में अपने कार्यकाल के दौरान मार्टिन पोहांका ने Multivan, ID. Buzz, नई Transporter जनरेशन और Amarok जैसे मॉडलों के डिजाइन में योगदान दिया है। वहीं, उनके पिछले अनुभव में Porsche 911, Boxster और Macan के साथ Land Rover Defender और Range Rover जैसे चर्चित मॉडल्स का डिजाइन कार्य भी शामिल रहा है।
फिल्म और मीडिया कारोबार से जुड़ी कंपनी पिक्चर्सहाउस मीडिया लिमिटेड (Picturehouse Media Limited) की वित्तीय स्थिति को लेकर ऑडिटर्स ने गंभीर चिंताएं जताई हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
फिल्म और मीडिया कारोबार से जुड़ी कंपनी पिक्चर्सहाउस मीडिया लिमिटेड (Picturehouse Media Limited) की वित्तीय स्थिति को लेकर ऑडिटर्स ने गंभीर चिंताएं जताई हैं। कंपनी के सितंबर 2026 को समाप्त दूसरी तिमाही और छमाही के वित्तीय नतीजों की समीक्षा के दौरान ऑडिटर्स ने फिल्म प्रोडक्शन पर हुए खर्च और कंपनी की आर्थिक स्थिति को लेकर कई सवाल उठाए हैं। खास तौर पर करीब 28.80 करोड़ रुपये की फिल्म इन्वेंट्री को लेकर ऑडिटर्स ने आपत्ति जताई है।
कंपनी ने 13 नवंबर 2026 को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि उसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 30 सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही और छमाही के अनऑडिटेड स्टैंडअलोन और कंसोलिडेटेड वित्तीय नतीजों को मंजूरी दे दी है। इन नतीजों के साथ कंपनी ने ऑडिटर्स की लिमिटेड रिव्यू रिपोर्ट भी जमा की है। इस रिपोर्ट में कंपनी की वित्तीय स्थिति और कुछ अहम मदों को लेकर चिंताएं सामने आई हैं।
फिल्म प्रोडक्शन के 28.80 करोड़ रुपये पर ऑडिटर्स की आपत्ति
ऑडिटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी की वित्तीय रिपोर्ट में फिल्म प्रोडक्शन खर्च के तहत 3,017.94 लाख रुपये यानी करीब 30.18 करोड़ रुपये की इन्वेंट्री दिखाई गई है। इसमें कलाकारों और को-प्रोड्यूसर्स को दिए गए एडवांस शामिल हैं।
कंपनी के बोर्ड के अनुसार, चार फिल्मों का प्रोडक्शन चल रहा है, जिनकी लागत 138.09 लाख रुपये यानी करीब 1.38 करोड़ रुपये है। वहीं, बाकी 2,879.85 लाख रुपये यानी करीब 28.80 करोड़ रुपये की रकम को लेकर बोर्ड को उम्मीद है कि इसे प्रोडक्शन हाउस से वसूल कर लिया जाएगा।
हालांकि, ऑडिटर्स का कहना है कि इस रकम से जुड़े जरूरी दस्तावेज और संबंधित पक्षों से बकाया राशि की पुष्टि उपलब्ध नहीं कराई गई है। ऐसे में उन्हें इस इन्वेंट्री की वसूली को लेकर संदेह है। ऑडिटर्स के मुताबिक, कंपनी को इस रकम के लिए प्रावधान करना चाहिए था। ऐसा नहीं करने के कारण कंपनी का घाटा 2,879.85 लाख रुपये यानी करीब 28.80 करोड़ रुपये कम दिखाया गया है।
कंपनी की नेटवर्थ भी निगेटिव
ऑडिटर्स ने कंपनी की आर्थिक स्थिति को लेकर भी चिंता जताई है। स्टैंडअलोन रिपोर्ट के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 तक कंपनी की नेटवर्थ 3,979.95 लाख रुपये यानी करीब 39.80 करोड़ रुपये निगेटिव थी।
ऑडिटर्स ने लगातार ऑपरेशनल घाटे, प्रतिकूल वित्तीय अनुपात, सरकारी बकाया राशि का भुगतान नहीं होने और अपनी रिपोर्ट में उठाए गए अन्य मुद्दों का जिक्र किया है। उनके मुताबिक, ये परिस्थितियां कंपनी की आगे भी सामान्य रूप से कारोबार जारी रखने की क्षमता पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
कंपनी ने अपने वित्तीय नतीजे 'गोइंग कंसर्न' आधार पर तैयार किए हैं। इसका मतलब है कि कंपनी ने यह मानकर वित्तीय नतीजे तैयार किए हैं कि उसका कारोबार आगे भी जारी रहेगा। हालांकि, ऑडिटर्स का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए कंपनी की इस क्षमता को लेकर महत्वपूर्ण अनिश्चितता है। इसलिए वे यह स्पष्ट राय नहीं दे सके कि वित्तीय नतीजों को इस आधार पर तैयार करना उचित है या नहीं।
PVP Capital में निवेश को लेकर भी सवाल
कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी PVP Capital Limited की वित्तीय स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है। ऑडिटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 तक इस सब्सिडियरी की नेटवर्थ 621.16 लाख रुपये यानी करीब 6.21 करोड़ रुपये निगेटिव थी।
रिपोर्ट में बताया गया है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने PVP Capital का NBFC रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया है और कंपनी ने अपना रजिस्ट्रेशन सरेंडर कर दिया है। इसके अलावा, सब्सिडियरी की नेटवर्थ पूरी तरह खत्म हो चुकी है और सरकारी बकाया राशि का भुगतान भी नहीं किया गया है।
Picturehouse Media ने PVP Capital में 2,521.74 लाख रुपये यानी करीब 25.22 करोड़ रुपये का निवेश किया है। कंपनी का बोर्ड भविष्य में मिलने वाले कैश फ्लो और कर्जदारों से बकाया रकम की वसूली की संभावना के आधार पर इस निवेश के मूल्य में किसी तरह की कमी का प्रावधान जरूरी नहीं मानता।
हालांकि, ऑडिटर्स इस बात से सहमत नहीं हैं। उनका कहना है कि निवेश की वैल्यू में कितनी कमी आई है, इसका आकलन करना मुश्किल है। इसलिए वे इस निवेश की मौजूदा वैल्यू को लेकर स्पष्ट राय देने में असमर्थ हैं।
कंसोलिडेटेड रिपोर्ट में भी जताई गई चिंता
कंपनी की कंसोलिडेटेड रिपोर्ट में भी ग्रुप की वित्तीय स्थिति को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। इसके मुताबिक, 30 सितंबर 2026 तक ग्रुप की नेटवर्थ 6,283 लाख रुपये यानी करीब 62.83 करोड़ रुपये निगेटिव थी।
ऑडिटर्स ने कहा है कि ग्रुप की नेटवर्थ पूरी तरह खत्म हो चुकी है और कारोबार से लगातार घाटा हो रहा है। इसके अलावा, सरकारी बकाया राशि का भुगतान नहीं होने और अन्य वित्तीय चुनौतियों के कारण ग्रुप की सामान्य रूप से कारोबार जारी रखने की क्षमता पर महत्वपूर्ण अनिश्चितता है।
ऑडिटर्स के मुताबिक, ऐसी स्थिति में कंपनी अपनी संपत्तियों से रकम वसूल पाएगी और अपनी देनदारियों का सामान्य तरीके से भुगतान कर पाएगी या नहीं, इस पर भी सवाल हैं। कंसोलिडेटेड रिपोर्ट में PVP Capital के ऑडिटर्स की ओर से कंपनी सेक्रेटरी और चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) की नियुक्ति नहीं होने तथा वित्तीय और नकदी से जुड़ी चुनौतियों का भी जिक्र किया गया है।
स्नेहा सोनी को मिली नई जिम्मेदारी
इस बीच, Picturehouse Media ने स्नेहा सोनी को कंपनी की नई कंपनी सेक्रेटरी, कंप्लायंस ऑफिसर और की मैनेजेरियल पर्सनल (KMP) नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति 13 नवंबर 2026 से प्रभावी है।
वह इस पद पर हेमलता विजयकुमार की जगह लेंगी, जिन्होंने 29 मई 2026 से अपना पद छोड़ दिया था। स्नेहा सोनी इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (ICSI) की एसोसिएट मेंबर हैं और उन्हें कॉरपोरेट सेक्रेटेरियल, कंपनी कानून, SEBI नियमों और स्टॉक एक्सचेंज से जुड़े अनुपालन मामलों में करीब सात साल का अनुभव है।
कुल मिलाकर, Picturehouse Media के सामने फिल्म प्रोडक्शन खर्च की वसूली, सब्सिडियरी की कमजोर वित्तीय स्थिति और कारोबार जारी रखने की क्षमता जैसी कई चुनौतियां हैं। ऑडिटर्स की रिपोर्ट में उठाए गए इन सवालों के चलते कंपनी की वित्तीय स्थिति पर नजर बनी हुई है।
India Ratings ने PVR INOX की मजबूत बाजार स्थिति को भी उसकी रेटिंग का एक अहम आधार बताया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
देश की सबसे बड़ी मल्टीप्लेक्स चेन PVR INOX के लिए अच्छी खबर है। क्रेडिट रेटिंग एजेंसी India Ratings and Research ने कंपनी की बैंक लोन सुविधाओं की रेटिंग को ‘IND AA’ पर बरकरार रखा है, जबकि इसके आउटलुक को Stable से बढ़ाकर Positive कर दिया है। एजेंसी का मानना है कि कंपनी की कमाई, मुनाफे और कर्ज की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। आने वाले समय में भी यह रफ्तार जारी रहने की उम्मीद है।
PVR INOX ने 13 नवंबर को स्टॉक एक्सचेंजों को दी गई जानकारी में बताया कि उसे India Ratings की ओर से रेटिंग में बदलाव से जुड़ा पत्र मिला है। कंपनी की 650 करोड़ रुपये की बैंक लोन सुविधाओं पर ‘IND AA/Positive/IND A1+’ रेटिंग दी गई है।
कमाई और मुनाफे में हुआ सुधार
India Ratings के मुताबिक, वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर 2026) में PVR INOX के कारोबार और मुनाफे में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है। इस दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड ऑपरेटिंग रेवेन्यू बढ़कर 3,730 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की समान अवधि में 3,250 करोड़ रुपये था।
इसी तरह कंपनी का EBITDAR भी 1,020 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,300 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, EBITDA (Ind-AS एडजस्टमेंट के बाद) 430 करोड़ रुपये से बढ़कर 680 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी के सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या भी बढ़ी है। वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में दर्शकों की संख्या 8.29 करोड़ रही, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 7.85 करोड़ थी। इस दौरान ऑक्यूपेंसी रेट भी 25.4 प्रतिशत से बढ़कर 27.9 प्रतिशत हो गया।
इसके अलावा, औसत टिकट कीमत (ATP) में सालाना आधार पर 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 287 रुपये पहुंच गई। वहीं, प्रति दर्शक खाने-पीने की चीजों पर होने वाला औसत खर्च (SPH) भी 11 प्रतिशत बढ़कर 156 रुपये हो गया।
कर्ज घटने से मजबूत हुई वित्तीय स्थिति
रेटिंग आउटलुक Positive होने की एक बड़ी वजह कंपनी के कर्ज में लगातार आ रही कमी भी है। India Ratings के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025 के अंत में कंपनी का फाइनेंशियल डेट 1,490 करोड़ रुपये था, जो वित्त वर्ष 2026 के अंत तक घटकर 760 करोड़ रुपये रह गया। वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही के अंत में यह और घटकर 500 करोड़ रुपये पर आ गया।
कंपनी की कुल कर्ज देनदारी, जिसमें लीज से जुड़ी देनदारियां भी शामिल हैं, वित्त वर्ष 2025 के अंत में 7,770 करोड़ रुपये थी। यह वित्त वर्ष 2026 के अंत में 6,780 करोड़ रुपये और सितंबर 2026 के अंत में 6,310 करोड़ रुपये रह गई।
एजेंसी के मुताबिक, कंपनी वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही के अंत में नेट कैश पोजिशन में आ गई है। इसका मतलब है कि लीज देनदारियों को छोड़कर कंपनी के पास मौजूद कैश उसकी नेट फाइनेंशियल डेट से ज्यादा है।
114 शहरों में फैला है कारोबार
India Ratings ने PVR INOX की मजबूत बाजार स्थिति को भी उसकी रेटिंग का एक अहम आधार बताया है। सितंबर 2026 तक कंपनी के पास देश के 114 शहरों में 358 सिनेमाघर और 1,797 स्क्रीन थीं। इस तरह यह देश की सबसे बड़ी मल्टीप्लेक्स चेन बनी हुई है।
एजेंसी का मानना है कि फिल्म निर्माताओं और डिस्ट्रीब्यूटर्स के साथ पुराने कारोबारी रिश्ते, बड़े स्तर पर कारोबार और नए सिनेमाघर खोलने के लिए अच्छी जगहों की कमी जैसी वजहों से इस इंडस्ट्री में नए खिलाड़ियों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।
OTT से सीमित चुनौती, लेकिन फिल्मों पर निर्भरता बरकरार
रेटिंग एजेंसी का मानना है कि फिलहाल OTT प्लेटफॉर्म से मल्टीप्लेक्स कारोबार को सीमित जोखिम है। सिनेमाघरों में फिल्म रिलीज और OTT पर उसके प्रीमियर के बीच कम से कम आठ हफ्ते का अंतर रखने की गाइडलाइन से भी मल्टीप्लेक्स कंपनियों को फायदा मिल सकता है।
हालांकि, एजेंसी ने यह भी कहा है कि PVR INOX का कारोबार फिल्मों के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर काफी हद तक निर्भर करता है। अगर फिल्मों की रिलीज कमजोर रहती है या दर्शकों की संख्या घटती है, तो कंपनी की टिकट बिक्री, खाने-पीने की चीजों और विज्ञापन से होने वाली कमाई पर असर पड़ सकता है।
आगे इन बातों पर रहेगी नजर
India Ratings के मुताबिक, आने वाले समय में फिल्मों की मजबूत पाइपलाइन, दर्शकों की संख्या और ऑक्यूपेंसी में सुधार से कंपनी की कमाई और मुनाफे को सहारा मिल सकता है। Blockbuster Tuesday और Students Special जैसी योजनाएं भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने में मदद कर सकती हैं।
एजेंसी ने यह भी बताया कि PVR INOX वित्त वर्ष 2027 में 90 से 100 नई स्क्रीन खोलने की योजना बना रही है। कंपनी अब कैपिटल-लाइट मॉडल पर ज्यादा ध्यान दे रही है, जिसमें नई स्क्रीन खोलने के लिए फ्रेंचाइजी और कम निवेश वाले मॉडल का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे कंपनी पर पूंजीगत खर्च का दबाव कम हो सकता है।
India Ratings ने साफ किया है कि कंपनी की कमाई और मुनाफे में सुधार के साथ कर्ज का स्तर नियंत्रित रहता है या नहीं, इस पर आगे भी नजर रखी जाएगी।
फिल्मों और म्यूजिक कंटेंट के कारोबार से जुड़ी कंपनी इरोज इंटरनेशनल मीडिया की वित्तीय स्थिति में अभी भी चुनौतियां बनी हुई हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
फिल्मों और म्यूजिक कंटेंट के कारोबार से जुड़ी कंपनी इरोज इंटरनेशनल मीडिया (Eros International Media) की वित्तीय स्थिति में अभी भी चुनौतियां बनी हुई हैं। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही और पहली छमाही के नतीजे जारी किए हैं। कंपनी को 30 सितंबर 2026 को समाप्त पहली छमाही में कंसॉलिडेटेड आधार पर 28 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। हालांकि, पिछले साल की इसी अवधि में यह घाटा 50.04 करोड़ रुपये था। यानी कंपनी का घाटा कम हुआ है, लेकिन उसकी वित्तीय मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई हैं।
कंपनी की ओर से 13 नवंबर को जारी नतीजों के मुताबिक, सितंबर तिमाही और पहली छमाही के वित्तीय आंकड़ों को बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। स्टैंडअलोन नतीजों में भी पहली छमाही का घाटा कम हुआ है। इस दौरान कंपनी को 18.28 करोड़ रुपये का घाटा हुआ, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह घाटा 35.99 करोड़ रुपये था।
स्टैंडअलोन नतीजों में क्या रहा हाल?
स्टैंडअलोन आधार पर सितंबर 2026 तिमाही में कंपनी की ऑपरेशंस से आय 4.79 करोड़ रुपये रही। एक साल पहले इसी तिमाही में यह 9.93 करोड़ रुपये थी। वहीं, दूसरी तिमाही में कंपनी को 10.85 करोड़ रुपये का घाटा हुआ। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का घाटा 7.84 करोड़ रुपये था।
पहली छमाही में कंपनी की ऑपरेशंस से आय 8.28 करोड़ रुपये रही, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 14.14 करोड़ रुपये थी। इस दौरान कंपनी का घाटा 35.99 करोड़ रुपये से घटकर 18.28 करोड़ रुपये रह गया।
कंपनी की नेटवर्थ पूरी तरह खत्म
कंपनी ने अपने वित्तीय नतीजों में बताया है कि 30 सितंबर 2026 तक उसकी स्टैंडअलोन नेटवर्थ पूरी तरह खत्म हो चुकी है। पहली छमाही में कंपनी को टैक्स से पहले 18.28 करोड़ रुपये का घाटा हुआ। इसके अलावा, कुछ मौकों पर वैधानिक देनदारियों का भुगतान करने में भी चूक हुई है।
कंपनी का कहना है कि नकदी की स्थिति सुधारने के लिए उधारी पर नियंत्रण, खर्चों में कटौती और फिल्म-म्यूजिक लाइब्रेरी के अधिकारों से कमाई बढ़ाने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। इसके साथ ही ग्रुप कंपनियों से बकाया रकम वसूलने और गैर-प्रमुख संपत्तियों से पैसा जुटाने की कोशिश भी की जा रही है।
ग्रुप कंपनियों से करोड़ों रुपये की रकम अटकी
कंपनी की एक बड़ी चिंता ग्रुप से जुड़ी कंपनियों से मिलने वाली पुरानी बकाया रकम भी है। कंपनी के मुताबिक, Eros Worldwide FZE से करीब 498.73 करोड़ रुपये की ट्रेड रिसीवेबल्स यानी कारोबारी रकम बकाया है। इसके मुकाबले कंपनी को इस इकाई को 328.54 करोड़ रुपये का भुगतान करना है। दोनों का हिसाब लगाने के बाद करीब 170.19 करोड़ रुपये की रकम बाकी रहती है।
इसके अलावा Eros International Limited UK से करीब 83.61 करोड़ रुपये और Eros International USA Inc. से करीब 36.44 करोड़ रुपये की रकम भी मिलनी है। कंपनी ने इन बकाया रकम पर संभावित नुकसान को देखते हुए 30 सितंबर 2026 तक कुल 290.25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
कंपनी ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पास भी आवेदन किया है। इसमें बकाया एक्सपोर्ट इनवॉइस की रकम मिलने में हुई देरी को माफ करने, जुर्माना नहीं लगाने और ग्रुप कंपनी के साथ बकाया रकम का हिसाब करने की अनुमति मांगी गई है। इस पर RBI की मंजूरी का इंतजार है।
SEBI की जांच और कंटेंट एडवांस भी चिंता का विषय
कंपनी के वित्तीय नतीजों में SEBI से जुड़े मामलों का भी जिक्र है। कंपनी को 2023 में SEBI की ओर से अंतरिम आदेश और उसके बाद कन्फर्मेटरी ऑर्डर मिला था। इस मामले में कंपनी ने सिक्योरिटीज अपीलेट ट्रिब्यूनल (SAT) में अपील की थी। बाद में SEBI ने कंपनी को कारण बताओ नोटिस (Show Cause Notice) जारी किया।
कंपनी का कहना है कि वह इस नोटिस से जुड़े दस्तावेज और जानकारी SEBI से मांग रही है, ताकि अपना जवाब दे सके। इस मामले की आगे सुनवाई 17 और 18 दिसंबर 2026 को होनी है।
इसके अलावा, कंपनी के मुताबिक 30 सितंबर 2026 तक कुछ पक्षों को दिए गए 1,016.01 करोड़ रुपये के कंटेंट एडवांस भी SEBI की जांच के दायरे में हैं। कंपनी ने बताया है कि इन एडवांस पर इम्पेयरमेंट और राइट-ऑफ के बाद शुद्ध रकम शून्य है।
ऑडिटर ने जताई वित्तीय स्थिति पर चिंता
कंपनी के नतीजों की समीक्षा करने वाले ऑडिटर Haribhakti & Co. LLP ने भी कई अहम मुद्दों की ओर ध्यान दिलाया है। स्टैंडअलोन नतीजों पर ऑडिटर ने क्वालिफाइड कन्क्लूजन दिया है। वहीं, कंसॉलिडेटेड नतीजों पर पर्याप्त और उचित सबूत नहीं मिल पाने के कारण ऑडिटर ने कोई निष्कर्ष नहीं दिया है।
ऑडिटर ने कंपनी की एक सब्सिडियरी Colour Yellow Production Private Limited के वित्तीय आंकड़े उपलब्ध नहीं होने का भी जिक्र किया है। कंपनी ने बताया है कि इस सब्सिडियरी के प्रबंधन और नियंत्रण को लेकर विवाद चल रहा है और मामला NCLAT में है। इसकी अगली सुनवाई 3 दिसंबर 2026 को होनी है।
ऑडिटर ने यह भी कहा है कि कंपनी और ग्रुप की वित्तीय स्थिति ऐसी है, जिससे कारोबार को आगे जारी रखने की क्षमता पर गंभीर सवाल उठ सकते हैं। स्टैंडअलोन आधार पर कंपनी को पहली छमाही में 18.28 करोड़ रुपये और कंसॉलिडेटेड आधार पर ग्रुप को 28 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है।
कंपनी का कारोबार जारी रखने की क्षमता इस बात पर निर्भर करती है कि वह अपनी फिल्म और म्यूजिक लाइब्रेरी के अधिकारों, गैर-प्रमुख संपत्तियों और ग्रुप कंपनियों से बकाया रकम के जरिए कितनी पूंजी जुटा पाती है। कंपनी ने हालांकि अपने वित्तीय नतीजे कारोबार जारी रखने की धारणा यानी 'गोइंग कंसर्न' के आधार पर ही तैयार किए हैं।
बालाजी टेलीफिल्म्स (Balaji Telefilms) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
बालाजी टेलीफिल्म्स (Balaji Telefilms) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी ने जुलाई-सितंबर 2026 के दौरान 32.5 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में उसे 5 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। इस दौरान कंपनी की ऑपरेशंस से आय बढ़कर 181.1 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल की समान तिमाही में 48.8 करोड़ रुपये थी।
कंपनी के मुताबिक, फिल्मों से मिले अच्छे कारोबार, टीवी शोज की मजबूत पकड़ और डिजिटल बिजनेस में नए समझौतों ने इस प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई। कंपनी ने Netflix के साथ लंबे समय की क्रिएटिव पार्टनरशिप की है। वहीं, YouTube के साथ मिलकर पांच नए ओरिजिनल शो बनाने की तैयारी है। इन दोनों साझेदारियों के जरिए कंपनी अपने कंटेंट को ज्यादा दर्शकों तक पहुंचाने और कमाई के नए रास्ते बनाने पर काम कर रही है।
दूसरी तिमाही में 181 करोड़ रुपये से ज्यादा की आय
Balaji Telefilms की निवेशक प्रस्तुति के मुताबिक, Q2 FY27 में कंपनी की ऑपरेशंस से आय 181.1 करोड़ रुपये रही। पिछले साल इसी तिमाही में यह 48.8 करोड़ रुपये थी। कंपनी का प्रॉफिट बिफोर टैक्स (PBT) 44.9 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल उसे 6.6 करोड़ रुपये का प्री-टैक्स घाटा हुआ था।
वहीं, कंपनी का नेट प्रॉफिट 32.5 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल की दूसरी तिमाही में कंपनी को 5 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। इस तिमाही में कंपनी की प्रति शेयर कमाई (EPS) 2.67 रुपये रही।
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी अप्रैल-सितंबर 2026 में कंपनी की ऑपरेशंस से आय 421.4 करोड़ रुपये रही। इस दौरान कंपनी ने 72.9 करोड़ रुपये का PBT और 54.9 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया। पिछले साल की पहली छमाही में कंपनी को 10.9 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।
फिल्म कारोबार से 106 करोड़ रुपये की कमाई
कंपनी के तीन प्रमुख कारोबारों में फिल्मों का योगदान सबसे ज्यादा रहा। Q2 FY27 में मूवी बिजनेस से 106.31 करोड़ रुपये का रेवेन्यू आया और इस सेगमेंट ने 41.24 करोड़ रुपये का PBT दर्ज किया।
कंपनी ने बताया कि उसकी फिल्म ‘Bhooth Bangla’ ने दुनियाभर में 240 करोड़ रुपये से ज्यादा का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया। इसके बाद सितंबर में रिलीज हुई फिल्म ‘Vvan’ को भी अच्छा रिस्पॉन्स मिला।
कंपनी के पास आने वाले समय के लिए फिल्मों की मजबूत पाइपलाइन है। निवेशक प्रस्तुति के मुताबिक, ‘Ragini 3’, ‘Hero Ki Horoine’, ‘Heer Ranjha’ और ‘Obsessive Lover’ जैसी फिल्में उसके आगामी प्रोजेक्ट्स में शामिल हैं। कंपनी की योजना हर साल 4 से 6 फिल्में बनाने की है।
टीवी और डिजिटल कंटेंट से 69.69 करोड़ रुपये का रेवेन्यू
टीवी और डिजिटल के कमीशंड कंटेंट कारोबार से कंपनी को दूसरी तिमाही में 69.69 करोड़ रुपये का रेवेन्यू मिला। इस सेगमेंट का PBT 7.03 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी के दो प्रमुख शो ‘Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2’ और ‘Naagin 7’ TRP चार्ट में शीर्ष पर रहे। कंपनी ने इस तिमाही में 85 घंटे से ज्यादा का टीवी कंटेंट तैयार किया। पहली छमाही में उसका प्रोडक्शन 187.5 घंटे से ज्यादा रहा।
कंपनी का कहना है कि टीवी कंटेंट की मांग स्थिर बनी हुई है और उसके शोज दर्शकों की दिलचस्पी बनाए हुए हैं।
Netflix के साथ लंबी साझेदारी, ‘Lock Upp’ को मिला नया मंच
Balaji Telefilms ने Netflix के साथ लंबे समय की क्रिएटिव पार्टनरशिप की है। इसके तहत दोनों कंपनियां अलग-अलग फॉर्मेट और जॉनर में नए कंटेंट तैयार करेंगी। इस साझेदारी में Balaji की कहानी कहने की क्षमता और Netflix की ग्लोबल पहुंच का फायदा उठाने की योजना है।
कंपनी की ओर से बताया गया कि ‘Lock Upp’ सीरीज Netflix पर रिलीज हो चुकी है। इसके अलावा ‘Kohinoor Season 1’ और ‘Pact of Silence’ जैसे प्रोजेक्ट पाइपलाइन में हैं।
कंपनी की प्रस्तुति में ‘Lock Upp’ के प्रदर्शन से जुड़े आंकड़े भी साझा किए गए हैं। इसके मुताबिक, शो को 100 मिलियन से ज्यादा व्यूइंग ऑवर्स मिले और एपिसोड-दर-एपिसोड दर्शकों को बनाए रखने की दर 95 फीसदी रही। शो 12 देशों में टॉप 10 में शामिल रहा और इसे छह महीने के भीतर दूसरे सीजन के लिए भी रिन्यू किया गया।
YouTube के साथ पांच ओरिजिनल शो बनाने का समझौता
कंपनी ने YouTube के साथ भी साझेदारी की है। इसके तहत भारत और दुनियाभर के दर्शकों के लिए पांच ओरिजिनल शो और कुल 200 एपिसोड तैयार किए जाएंगे।
इस समझौते में Balaji Telefilms के पास कंटेंट का बौद्धिक संपदा अधिकार (IP) और क्रिएटिव कंट्रोल रहेगा, जबकि YouTube इसके वितरण और विज्ञापन व ब्रांड पार्टनरशिप के जरिए कमाई में मदद करेगा।
कंपनी के मुताबिक, उसके YouTube चैनल पर 1.1 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। पिछले दो से तीन महीनों में इसमें 6.5 लाख नए सब्सक्राइबर जुड़े हैं। कंपनी डिजिटल कारोबार में विज्ञापन आधारित कमाई यानी AVOD मॉडल पर भी ज्यादा ध्यान दे रही है।
नए OTT प्लेटफॉर्म Kutingg की शुरुआत
Balaji Telefilms ने ‘Kutingg’ नाम से एक नया OTT प्लेटफॉर्म भी लॉन्च किया है। इस पर परिवार के साथ देखे जा सकने वाले शॉर्ट-फॉर्मेट कंटेंट उपलब्ध कराने की योजना है। इसके अलावा कंपनी ने AstroGuide ऐप भी लॉन्च किया है, जिसे पहले 24 घंटे में 2.5 लाख डाउनलोड मिले।
कंपनी का डिजिटल बिजनेस अब सब्सक्रिप्शन आधारित SVOD मॉडल के साथ विज्ञापन आधारित AVOD मॉडल पर भी काम कर रहा है। कंपनी के पास प्रमुख OTT प्लेटफॉर्म्स से 350 करोड़ रुपये से ज्यादा का B2B ऑर्डर बुक है। इसका लक्ष्य डिजिटल कारोबार में कंटेंट की पहुंच और कमाई दोनों बढ़ाना है।
आगे 3 से 5 साल की मजबूत कंटेंट पाइपलाइन तैयार
कंपनी ने अपनी आगे की योजनाओं के बारे में बताया कि वित्त वर्ष 2027 से 2031 के बीच उसके पास 30 से ज्यादा फिल्मों, 15 से अधिक टीवी शोज, 25 से ज्यादा OTT सीरीज, 500 से अधिक माइक्रो-ड्रामा और 10 से ज्यादा YouTube शोज की पाइपलाइन है।
कंपनी का फोकस फिल्मों, टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के लिए अलग-अलग तरह का कंटेंट तैयार करने पर रहेगा। इसके साथ ही वह अपने कंटेंट के अधिकार अपने पास रखने और उन्हें अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर इस्तेमाल करके कमाई बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है।
Balaji Telefilms का कहना है कि वह फिल्मों, टीवी और डिजिटल कारोबार को एक साथ जोड़कर एकीकृत कंटेंट स्टूडियो के रूप में आगे बढ़ना चाहती है। Netflix और YouTube के साथ साझेदारी, नए OTT प्लेटफॉर्म और फिल्मों की पाइपलाइन इसी रणनीति का हिस्सा हैं।
सुपरह्यूमन ने प्रिया त्यागी को प्रमोट कर हेड ऑफ जीआरसी बनाया है। त्यागी ने लिंक्डइन पोस्ट के जरिए नई जिम्मेदारी की जानकारी साझा की। वह फरवरी 2026 से कंपनी से जुड़ी हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
सुपरह्यूमन (Superhuman) ने प्रिया त्यागी (Priya Tyagi) को प्रमोट कर हेड ऑफ जीआरसी (Head of GRC) की जिम्मेदारी सौंपी है। त्यागी ने लिंक्डइन (LinkedIn) पर पोस्ट साझा कर अपनी नई भूमिका की जानकारी दी।
अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, “मुझे यह साझा करते हुए खुशी हो रही है कि मैंने सुपरह्यूमन में हेड ऑफ जीआरसी के रूप में नई जिम्मेदारी संभाली है। सीखने, मिले अवसरों और शानदार टीम व नेतृत्व के भरोसे और सहयोग के लिए आभारी हूं। अब तक का यह सफर काफी अच्छा रहा है और आगे की चुनौतियों को लेकर उत्साहित हूं।”
सुपरह्यूमन से पहले त्यागी साइबर जीआरसी (Cyber GRC) के साथ जुड़ी हुई थीं। वह फरवरी 2026 से सुपरह्यूमन में काम कर रही हैं। अब नई भूमिका में वह कंपनी के जीआरसी फंक्शन का नेतृत्व करेंगी।
रितिका चोपड़ा की चुनाव आयोग पर खोजी रिपोर्ट ने 2026 में राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान खींचा। जानिए उनकी पत्रकारिता, करियर, प्रमुख खुलासों और प्रतिष्ठित पुरस्कारों की पूरी कहानी।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
भारतीय पत्रकारिता में रितिका चोपड़ा (Ritika Chopra) ने अपनी पहचान दस्तावेजों पर आधारित खोजी रिपोर्टिंग और सार्वजनिक संस्थानों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाने के लिए बनाई है।
द इंडियन एक्सप्रेस (The Indian Express) की मुंबई रेजिडेंट एडिटर के रूप में वह करीब दो दशक से शिक्षा, राजनीति, सार्वजनिक नीति और संवैधानिक संस्थाओं से जुड़े विषयों पर रिपोर्टिंग कर रही हैं।
सितंबर 2026 में चुनाव आयोग (Election Commission of India) के भीतर मतभेदों पर उनकी खोजी रिपोर्ट ने राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित किया। रिपोर्ट में खुलासा किया गया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने 10 महीने के दौरान कम से कम 14 बार कुछ फैसलों पर आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि ये फैसले उनकी जानकारी या मंजूरी के बिना जारी किए गए थे।
इन आपत्तियों का संबंध मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया, मतदाता सूची के प्रबंधन, तकनीकी प्रणालियों और आयोग के अधिकारियों के अधिकारों से जुड़े मामलों से था। यह रिपोर्ट ऐसे समय सामने आई, जब मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) को लेकर राजनीतिक और सार्वजनिक स्तर पर बहस जारी थी।
रिपोर्ट सामने आने के बाद चुनाव आयोग ने संबंधित नोट्स के अस्तित्व को स्वीकार किया। हालांकि, आयोग ने कहा कि आंतरिक विचार-विमर्श के दौरान अलग-अलग राय होना सामान्य है और फैसले सर्वसम्मति से लिए गए थे।
इसके बाद आयोग ने बैठक की प्रक्रिया, आधिकारिक मंजूरी और तकनीकी प्रणालियों से जुड़े कुछ कदमों की घोषणा की। इनमें बैठक के एजेंडे और कार्यवृत्त साझा करना, आधिकारिक यात्राओं की मंजूरी और चुनावी सॉफ्टवेयर की स्वतंत्र विशेषज्ञ समीक्षा जैसे विषय शामिल थे। रितिका ने शुरुआती खुलासे के बाद भी इन घटनाक्रमों पर लगातार रिपोर्टिंग की।
कोलकाता में जन्मीं रितिका ने सेंट जेवियर्स कॉलेज से मास कम्युनिकेशन और वीडियोग्राफी की पढ़ाई की। उन्होंने 2006 में हिंदुस्तान टाइम्स (Hindustan Times) में इंटर्न के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद दिल्ली आकर मेल टुडे (Mail Today) और द इकोनॉमिक टाइम्स (The Economic Times) में राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग की।
वर्ष 2015 में वह द इंडियन एक्सप्रेस से जुड़ीं। यहां उन्होंने नेशनल एजुकेशन एडिटर और चीफ ऑफ द नेशनल ब्यूरो (गवर्नमेंट) जैसी जिम्मेदारियां निभाईं। बाद में उन्हें अखबार का मुंबई रेजिडेंट एडिटर बनाया गया।
चुनाव आयोग से जुड़े मामलों पर उनकी रिपोर्टिंग का अनुभव 2019 के लोकसभा चुनावों से भी जुड़ा है। उस दौरान उन्होंने आदर्श आचार संहिता से संबंधित शिकायतों पर आयोग के भीतर हुए मतभेदों को कवर किया था। इस रिपोर्टिंग के लिए उन्हें 2020 में इंटरनेशनल प्रेस इंस्टीट्यूट इंडिया अवॉर्ड फॉर एक्सीलेंस इन जर्नलिज्म (International Press Institute India Award for Excellence in Journalism) से सम्मानित किया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में उनकी खोजी रिपोर्टिंग भी चर्चा में रही है। उनकी चार भागों वाली रिपोर्ट 'डीवैल्यूड डिग्री' (Devalued Degree) में देश की इंजीनियरिंग शिक्षा की गुणवत्ता और डिग्रियों के मूल्य से जुड़े सवाल उठाए गए थे। इस रिपोर्ट को 2018 में एशियन कॉलेज ऑफ जर्नलिज्म (Asian College of Journalism) के इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज्म अवॉर्ड्स में विशेष उल्लेख मिला।
रितिका को 2021 में रामनाथ गोयनका एक्सीलेंस इन जर्नलिज्म अवॉर्ड (Ramnath Goenka Excellence in Journalism Award) और 2024 में चमेली देवी जैन अवॉर्ड फॉर आउटस्टैंडिंग वुमन मीडिया पर्सन ऑफ द ईयर (Chameli Devi Jain Award for Outstanding Woman Media Person of the Year) भी मिला।
दस्तावेजों के आधार पर पड़ताल, संस्थागत प्रक्रियाओं की समझ और किसी मुद्दे को लगातार फॉलो करना रितिका की रिपोर्टिंग की प्रमुख विशेषताएं हैं। 2026 में चुनाव आयोग से जुड़े उनके खुलासों ने एक बार फिर सार्वजनिक संस्थाओं के फैसलों और उनकी कार्यप्रणाली पर पत्रकारिता की निगरानी की भूमिका को चर्चा में ला दिया।
स्वाति खुराना ने इस नई जिम्मेदारी की जानकारी लिंक्डइन पर एक पोस्ट के जरिए साझा की। उन्होंने इस स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के साथ अपनी नई भूमिका शुरू करने पर खुशी जाहिर की है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
स्वाति खुराना ने ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 के साथ नई पारी की शुरुआत की है। उन्होंने यहां एसोसिएट डायरेक्टर के पद पर जॉइन किया है।
स्वाति खुराना ने इस नई जिम्मेदारी की जानकारी लिंक्डइन पर एक पोस्ट के जरिए साझा की। उन्होंने इस स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के साथ अपनी नई भूमिका शुरू करने पर खुशी जाहिर की है।
ZEE5 से जुड़ने से पहले स्वाति खुराना डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म इनशॉर्ट्स (Inshorts) के साथ तीन साल से ज्यादा समय तक जुड़ी रही थीं। यहां उन्होंने सीनियर मैनेजर-डिजिटल पार्टनरशिप्स के तौर पर काम किया।