होम / टेक वर्ल्ड / 'India AI Summit 2026' आज से: दिल्ली में जुटेंगे दुनिया के बड़े टेक लीडर
'India AI Summit 2026' आज से: दिल्ली में जुटेंगे दुनिया के बड़े टेक लीडर
दिल्ली के भारत मंडपम में आज से India AI Summit 2026 शुरू होगा। पांच दिन चलने वाले इस आयोजन में वैश्विक टेक कंपनियां, स्टार्टअप और विशेषज्ञ शामिल होंगे, भारत को AI हब बनाने पर जोर रहेगा।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 21 hours ago
दिल्ली के भारत मंडपम में आज, 16 फरवरी से India AI Summit 2026 की शुरुआत होगी। यह वैश्विक आयोजन 20 फरवरी तक चलेगा और इसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी AI के क्षेत्र में भारत की बढ़ती भूमिका का महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भारत मंडपम में India AI Impact Expo 2026 का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में करीब 2.5 लाख से अधिक विजिटर के आने की उम्मीद है।
आयोजन के दौरान 500 से ज्यादा सेशन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 3 हजार से अधिक स्पीकर और विशेषज्ञ भाग लेंगे। यह कार्यक्रम 10 अलग-अलग एरिना में आयोजित होगा। इस समिट में दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों के प्रमुखों के शामिल होने की संभावना है। OpenAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सैम ऑल्टमैन, Alphabet के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुंदर पिचाई, Anthropic के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डारियो अमोदेई और Google DeepMind के प्रमुख डेमिस हसाबिस के आने की खबर है।
IndiaAI Mission के तहत 12 स्वदेशी फाउंडेशनल मॉडल भी पेश किए जाएंगे। इन्हें भारतीय स्टार्टअप और समूहों ने देश के बड़े डाटा सेट पर तैयार किया है और ये 22 आधिकारिक भाषाओं के अनुरूप बनाए गए हैं। इस एक्सपो में 600 से ज्यादा स्टार्टअप खेती, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में अपने AI समाधान प्रस्तुत करेंगे। साथ ही 13 देशों के पवेलियन लगाए गए हैं। सरकार का लक्ष्य भारत को जिम्मेदार, समावेशी और वैश्विक AI विकास का प्रमुख केंद्र बनाना है।
टैग्स