होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पूर्व मंत्री के कथित ऑडियो क्लिप मामले में चैनल के CEO ने मांगी माफी...
पूर्व मंत्री के कथित ऑडियो क्लिप मामले में चैनल के CEO ने मांगी माफी...
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। केरल के पूर्व परिवहन मंत्री ए.के. शशीन्द्रन की कथित आपत्तिजनक ऑडियो क्लिप मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है। अब बताया जा रहा है कि पूर्व मंत्री की जिस महिला से बात हुई, वह कोई गृहणी नहीं बल्कि पत्रकार थी।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 8 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
केरल के पूर्व परिवहन मंत्री ए.के. शशीन्द्रन की कथित आपत्तिजनक ऑडियो क्लिप मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है। अब बताया जा रहा है कि पूर्व मंत्री की जिस महिला से बात हुई, वह कोई गृहणी नहीं बल्कि पत्रकार थी।
एलडीएफ मंत्रालय में राकांपा के मंत्री रहे शशीन्द्रन ने मलयालम टेलिविजन चैनल ‘मंगलम टीवी’ पर एक ऑडियो क्लिप प्रसारित होने के बाद 26 मार्च को परिवहन मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। इस ऑडियो क्लिप में कथित तौर पर वे टेलिफोन पर कामुक आवाज में एक महिला से बात कर रहे हैं। तब चैनल ने दावा किया था कि महिला एक गृहिणी थी जिसने अपनी कुछ समस्याओं के समाधान के लिए मंत्री को फोन किया था।
लेकिन अब चैनल की भूल को स्वीकार करते हुए, ‘मंगलम टीवी’ के सीईओ अजीत कुमार ने इस घटना पर खेद व्यक्त किया है और माफी मांगी है।
इस ऑडियो क्लिप के प्रसारण के बारे में उन्होंने कहा, कुछ गलतियां हुई हैं। यह एक स्टिंग ऑपरेशन था। इसलिए पहले ही इस तथ्य का खुलासा नहीं किया जा सकता था क्योंकि हम पत्रकारों की पहचान को छुपाना चाहते थे।
उन्होंने कहा कि महिला पत्रकार को स्टिंग ऑपरेशन में शामिल होने के लिए मजबूर नहीं किया गया था। यह वरिष्ठ पत्रकारों के आठ सदस्यीय पैनल द्वारा लिया गया निर्णय था।
इस बीच, घटना की जांच के लिए क्राइम ब्रांच के आईजी डिंडेन्द्र कश्यप की अध्यक्षता वाली एक विशेष छह सदस्यीय जांच दल का गठन किया गया है।
यह जांच दल डीजीपी को मिली शिकायतों की जांच करेगा। बता दें कि इससे पहले, एक न्यायिक जांच भी की घोषणा की गई थी।
वहीं दूसरी तरफ, इस मामले में महिला पत्रकार की भूमिका होने की आशंका को लेकर महिला पत्रकारों के एक संगठन ने मुख्यमंत्री पिनरई विजयन से इस मामले की शिकायत कर स्पष्ट जांच की मांग की, जिसके बाद जांच के आदेश दे दिए गए।
दरअसल, महिला पत्रकारों की संस्था ‘नेटवर्क ऑफ वुमेन इन मीडिया (इंडिया)’ ने मुख्यमंत्री पिनरई विजयन से की गई शिकायत में आरोप लगाया कि आपत्तिजनक बातचीत के प्रकरण में एक महिला पत्रकार की भूमिका को लेकर मीडिया के एक वर्ग में आई खबरों के बाद उन्हें ‘शर्मनाक’ स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इससे उनके काम पर विपरीत असर पड़ा है और स्थिति इस हद तक बिगड़ गई है कि महिला पत्रकारों का ‘अपमान’ किया जा रहा है और उन पर ‘शक’ किया जा रहा है।
पत्रकारों की संस्था की ओर से गीता नजीर और जिशा सूर्या के हस्ताक्षर वाली शिकायत में कहा गया है कि सच सामने लाने के लिए इस मामले की व्यापक जांच किए जाने की जरूरत है।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स