होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / रूबिका लियाकत और श्वेता सिंह ने बॉलिवुड पर उठाए सवाल, मिला खूब समर्थन...
रूबिका लियाकत और श्वेता सिंह ने बॉलिवुड पर उठाए सवाल, मिला खूब समर्थन...
टीवी पत्रकार रुबिका लियाकत अपने तीखे और सीधे सवालों के लिए पहचानी जाती हैं...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
टीवी पत्रकार रुबिका लियाकत अपने तीखे और सीधे सवालों के लिए पहचानी जाती हैं। सोशल मीडिया पर भी उनकी सक्रियता काफी ज्यादा है और अपने अंदाज के चलते वो यहां भी चर्चा का विषय बनी रहती हैं। फिलहाल मंदसौर कांड को लेकर उनके ट्वीट को अधिकांश यूजर्स का समर्थन मिल रहा है।
रुबिका ने एक ऐसा मुद्दा उठाया है, जिसके जवाब की तलाश लोगों को काफी समय से है। मध्यप्रदेश के मंदसौर में एक 7 वर्षीय बच्ची से दरिंदगी की खबर मीडिया में तो आई, लेकिन जिस तरह माहौल कठुआ कांड के वक्त माहौल निर्मित हुआ था वैसा इस मामले में नहीं हुआ। जम्मू कश्मीर के कठुआ में मासूम आसिफा से बलात्कार और उसकी हत्या के बाद जब पूरे देश में उबाल आया तो बॉलिवुड कलाकारों ने भी इसके विरोध में अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। कुछ कलाकारों ने हाथों में संदेश लिखीं तख्तियां लेकर इस झंकझोर देने वाली घटना के खिलाफ आवाज़ उठाई, मगर मंदसौर की घटना ने उन्हें इतना उद्देलित नहीं किया कि सार्वजानिक तौर पर वो इसके बारे में कुछ कहें, रुबिका ने अपने ट्वीट में इसी को लेकर कमेंट किया है।
उन्होंने लिखा है, ‘मंदसौर में बच्ची साथ हुए दुष्कर्म पर अब बॉलिवुड की रूह नहीं कांपेगी! अब तख्तियों को लेकर फोटो नहीं पोस्ट होंगे #MandsaurMeinAdharm पर इतना सन्नाटा क्यूं’? रुबिका के इस ट्वीट को अब तक करीब 6 हजार बार रीट्वीट किया जा चुका है। इसके अलावा 12 हजार के आसपास यूजर्स ने इसे लाइक किया है और करीब इतने ही कमेंट हैं। @weluvnamo नाम के यूजर ने रुबिका के समर्थन में कठुआ कांड के बाद बॉलिवुड अभिनेत्रियों द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट की गईं तस्वीरें भी शेयर की हैं। हालांकि रुबिका के ट्वीट को लेकर सोशल मीडिया पर बॉलिवुड समर्थक और विरोधियों में जंग भी शुरू हो गई है।
वहीं, वरिष्ठ पत्रकार बरखा दत्त ने उन लोगों को आड़े हाथ लिया है, जो मंदसौर और कठुआ कांड की तुलना कर रहे हैं। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा है कि मंदसौर भी कठुआ जितना ही भयावह है. दोनों मामलों में फर्क बस इतना है कि कठुआ में राज्य के मंत्री और कई राजनेता आरोपियों के समर्थन में उतर आये थे, उन्हें निर्दोष करार देते हुए तिरंगा हाथ में लेकर मार्च निकाला गया था। आप जानते हैं उसे आप ‘राष्ट्र विरोधी’ कहते है। बरखा के इस ट्वीट को करीब 15 हजार बार रीट्वीट किया है।
बरखा दत्त की तरह वरिष्ठ टीवी पत्रकार राजदीप सरदेसाई ने भी बलात्कार जैसे संवेदनशील मुद्दे को धार्मिक रंग देने वालों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीड़ित के प्रति सहानभूति प्रकट करने के बजाये बलात्कारियों के धर्म को मुद्दा बनाया जा रहा है। राजदीप ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘मंदसौर में आठ वर्षीय बच्ची से बलात्कार की वीभत्स घटना। पीड़ित के प्रति सहानभूति दर्शाने के बजाये ट्विटर आर्मी रेपिस्ट के धर्म पर ध्यान केंद्रित कर रही है. ऐसा ही कुछ कठुआ मामले में हुआ था, जहां कुछ लोग आरोपियों के समर्थन में उतर आये थे. रेपिस्ट अपराधी है, यहां साम्प्रदायिक एजेंडे के लिए कोई जगह नहीं है।
इस मामले में रुबिका को आज तक की स्टार एंकर श्वेता सिंह का भरपूर साथ मिला है। उन्होंने भी मंदसौर कांड पर बॉलिवुड अभिनेत्रियों की खामोशी पर सवाल उठाए हैं। श्वेता के इस ट्वीट को रुबिका के ट्वीट जैसा ही समर्थन मिल रहा है। उन्हें 36 हजार लाइक मिले हैं और तकरीबन 16 हजार लोगों ने उनके ट्वीट को रीट्वीट किया है। श्वेता ने अपने ट्वीट में कहा है, ‘अगर बलात्कार जैसे गंभीर और घृणित मामले में ‘बॉलिवुड देवियों’ ने धर्म की जगह जुर्म ढूंढा होता, तो कम से कम समाज का कुछ भला करतीं। और अगर तब ढूंढा तो आज भी ढूंढें। वरना हमेशा के लिए खामोश रहें।
समाचार4मीडिया.कॉम देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया में हम अपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स