होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पत्रकार को धमकी- 'लालू यादव के खिलाफ कुछ लिखा तो गोली मार दूंगा'
पत्रकार को धमकी- 'लालू यादव के खिलाफ कुछ लिखा तो गोली मार दूंगा'
खबर लिखने पर पत्रकार को जान से मारने की धमकी का मामला एक बार फिर सामने आया है...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
खबर लिखने पर पत्रकार को जान से मारने की धमकी का मामला एक बार फिर सामने आया है। अपराधियों ने फोन कर अंग्रेजी अखबार के एक पत्रकार को जान से मारने की धमकी दी है। यह ताजा मामला राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से जुड़ा है।
फोन करने वाले शख्स ने खुद को लालू यादव का हिमायती बताते हुए फोन पर पत्रकार को लालू यादव के परिवार के खिलाफ नहीं लिखने को कहा। उसने कहा अगर आगे भी ऐसा हुआ तो घर में घुसकर गोली मार देंगे।
पत्रकार अमित भेलारी ने मीडिया को बताया कि 'बुधवार रात 8 बजकर 26 मिनट पर किसी ने मुझे एक अज्ञात नंबर से कॉल किया और मेरा नाम पूछा और इसके बाद मुझसे गालियां देकर बात करने लगा।' उसने कहा कि 'लालू के बारे में तुम क्या बकवास लिख रहे हो? पहचानते नहीं हो कि किससे बात कर रहे हो, रुक जाओ पहचान लोगे।मैं तुम्हारे घर में घुसकर तुम्हें गोली मार दूंगा।'
इस मामले के बाद पत्रकार अमित भेलारी ने इसकी शिकायत पटना के एसएसपी मनु महाराज से की। एसएसपी मनु महाराज ने इस मामले में बिना देरी एक्शन लेते हुए कार्रवाई करने का आश्वासन दिया और तुरंत ही कोतवाली थाने को एफआईआर लिखने को कहा।
वहीं, बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन (बीडब्ल्यूजेयू) ने पत्रकार अमित भेलारी को जान से मारने की मिली धमकी की निंदा करते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। इसके अतिरिक्त बीडब्ल्यूजेयू की अध्यक्ष निवेदिता झा और महासचिव कमलकांत सहाय ने पिछले कुछ महीनों में बिहार में पत्रकारों के खिलाफ बढ़ते हमले पर भी चिंता व्यक्त की है।
टैग्स पत्रकार लालू प्रसाद यादव