होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ABP का मास्टरस्ट्रोक: 3 महीने में आया ‘तीसरा’ एंकर
ABP का मास्टरस्ट्रोक: 3 महीने में आया ‘तीसरा’ एंकर
आज से एक बार फिर दर्शकों को ‘एबीपी न्यूज’ के फ्लैगशिप शो ‘मास्टरस्ट्रोक’ में...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
आज से दर्शकों को ‘एबीपी न्यूज’ के फ्लैगशिप शो ‘मास्टरस्ट्रोक’ अब एक नए रंग रूप में दिखेगा और वह भी एक नए चेहरे के साथ। अब शो की कमान संभालेंगी चर्चित न्यूज एंकर रूबिका लियाकत। रूबिका की खासियत है कि हिंदी टीवी मीडिया में उन्हें शाम पांच बजे के स्लॉट की क्वीन माना जाता है, पर अब रूबिका ने अपनी पारी का एक बड़ा दांव खेला है। क्वीन से सुपर क्वीन बनने की चाहत रखने वाली रूबिका अब 9 बजे के प्राइम टाइम स्लॉट में दो-दो हाथ करने को तैयार हैं।
नए रंग रूप में 'मास्टरस्ट्रोक' को बदलते जमाने के हिसाब से तैयार किया गया है, जिसमें 8 से 10 बड़ी राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और शोधपरक खबरें होंगी, जो कहीं न कहीं दर्शकों से जुड़ी होंगी और सीधे तौर पर उन्हें प्रभावित करती होंगी। दर्शकों को शो को प्रजेंटेशन भी एक अलग अंदाज में देखने को मिलेगा। इसके अतिरिक्त यह शो न्यूज के 'पांच क + कैसे' (5 डब्लू + 1 एच) के मूलभूत तत्वों पर फोकस करेगा। खबरों को सबसे पहले, संक्षिप्त रूप यानी पांच लाइनों में तेज गति से दिखाया जाएगा, इसके बाद बाइट्स के साथ पैकेज के तौर पर पेश किया जाएगा और अंत में खबरों पर एक्सक्लूसिव एंगल से रोशनी डाली जाएगी और छिपे तथ्यों को उजागर किया जाएगा।
शो के प्रोमो इशारा कर रहे हैं कि ये शो रूबिका की राष्ट्रवादी शख्सियत को भी कैच करने की पूरी कोशिश है। निष्पक्षता के नाम पर सच्चाई नहीं छिपेगी और भावनाओं के नाम पर खबर नहीं दबेगी, जैसे जुमलो के साथ प्रचारित ये शो अपनी एक अलग कहानी लिखने को उत्सुक है।
उल्लेखनीय है कि 9 बजे के प्राइम टाइम स्लॉट में हिंदी मीडिया के बड़े पत्रकार सुधीर चौधरी का राज चलता है और लगातार देश के बड़े पत्रकार किशोर अजवाणी, रजत शर्मा, श्वेता सिंह, रवीश कुमार, दीपक चौरसिया, अजय कुमार पूरे दमखम के साथ चुनौतियां देने में जुटे हुए हैं।इसी मुकाबले में अपनी अहम उपस्थिति दर्ज कराने के लिए ‘एबीपी न्यूज’ ने पुण्य प्रसून बाजपेयी पर दांव खेला था पर दुर्भाग्यवश अगस्त में पुण्य प्रसून ‘हिट विकेट’ हो गए। फिर पिच पर उतारा गया ‘एबीपी न्यूज’ के लोकप्रिय चेहरे चित्रा त्रिपाठी को। चित्रा ने भी पिच को समझते हुए कई जोरदार शॉट लगाए, लेकिन मैनेजमेंट ने अंतत: अपने बैट्समैन को बदलने का फैसला किया और एबीपी की ओर से रूबिका लियाकत को ये अहम जिम्मेदारी दी गई है।
गौरतलब है कि एबीपी न्यूज से पहले रूबिका लंबे समय तक ‘जी न्यूज’ के साथ जुड़ी हुई थीं। रूबिका की हिंदी, उर्दू और अंग्रेजी पर मजबूत पकड़ है और अपने इस हुनर का वो शब्दों के चयन में पूरा इस्तेमाल करती हैं।
मूलरूप से उदयपुर की रहने वालीं रूबिका मुंबई यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट हैं, उनके पास मास कम्युनिकेशन की डिग्री भी है। 2003 में ग्रेजुएशन के दौरान उन्होंने तीन महीने तक चैनल 24 के साथ अपनी पत्रकारिता की पारी की शुरुआत की। उसके बाद वे ‘लाइव इंडिया’ का हिस्सा बन गईं। जून 2007 से लेकर सितंबर 2008 तक वह ‘लाइव इंडिया’ से जुड़ीं रहीं। 2008 में नए लॉन्च हुए चैनल ‘न्यूज24’ में बतौर एंकर उन्होंने काम किया था। इसके बाद उन्होंने ‘जी न्यूज’ के साथ रिपोर्टिंग और एंकरिंग की पारी शुरू की।
खबरों की समझ, भाषा कौशल और लगभग हर क्षेत्र पर पकड़ के चलते जल्द ही उन्होंने ‘जी न्यूज’ में अपनी एक अलग पहचान स्थापित की और आज वह एक दबंग और धाकड़ पत्रकार के रूप में पहचानी जाती हैं।
देखें 'मास्टरस्ट्रोक' का प्रोमो-
नमस्कार, मैं रुबिका लियाक़त अब मिलूँगी आपसे @abpnewshindi पर रात 9 बजे सोमवार से मास्टरस्ट्रोक के साथ pic.twitter.com/ExV5rxRIJ0
— Rubika Liyaquat (@RubikaLiyaquat) October 11, 2018
टैग्स एबीपी न्यूज मास्टरस्ट्रोक रूबिका लियाकत