होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ‘संजू’ मूवी पर नितिन गडकरी ने मीडिया को दी ये नसीहत...
‘संजू’ मूवी पर नितिन गडकरी ने मीडिया को दी ये नसीहत...
अभिनेता संजय दत्त की बायोपिक पर बनी फिल्म ‘संजू’ में...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
अभिनेता संजय दत्त की बायोपिक पर बनी फिल्म ‘संजू’ में मीडिया पर इस कदर गुस्सा उतारा गया है कि मानो संजय दत्त की जिंदगी में सबसे बड़ा खलनायक मीडिया ही है। यही वजह है कि इस फिल्म में जिस तरह से मीडिया को दर्शाया गया है उससे मीडिया का एक धड़ा निर्देशक राजकुमार हिरानी और संजय दत्त से खासा नाराज है और आए दिन मीडिया और सोशल मीडिया पर यह देखने को भी मिल रहा है। लेकिन इस बीच ‘संजू’ फिल्म को लेकर नितिन गडकरी ने मीडिया को ही नसीहत दे डाली।
नागपुर में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उन्होंने संजू फिल्म देखी है और यह एक शानदार फिल्म है। उन्होंने कहा कि इससे साबित होता है कि मीडिया में बनाई गई गलत धारणा कैसे पुलिस और न्यायपालिका को प्रभावित करती है और इसका किसी की जिंदगी पर क्या फर्क पड़ता है। इसी गलत धारणा की वजह से सुनील दत्त और संजय दत्त की जिंदगी अशांत हो गई थी।
नागपुर में 30 गायकों के सम्मान समारोह में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कलम की ताकत परमाणु बम से ज्यादा घातक होती है। गडकरी ने संजू को बढ़िया फिल्म करार देते हुए स्वर्गीय बाला साहब ठाकरे से जुड़ी एक याद को सभी के साथ साझा किया।
गडकरी ने बताया कि बाला साहब ने एक बार मुझसे कहा था कि संजय दत्त पूरी तरह निर्दोष हैं। लेकिन तब परिस्थितियां ऐसी थीं कि सब संजय दत्त के खिलाफ थे। केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि मैं हमेशा कहता हूं कि मीडिया को किसी भी व्यक्ति या बैंक आदि पर लिखने से पहले सर्तकता जरूर बरतनी चाहिए क्योंकि अखबार में छपे शब्द किसी की पूरी जिंदगी को बदल कर रख सकते हैं। एक व्यक्ति अपनी जिंदगी को संवारने और मुकाम हासिल करने में जीवनभर संघर्ष करता है लेकिन उस पर उठी एक भी उंगली उसके करियर को धराशायी कर देती है।
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री का बयान ऐसे समय पर आया है जब लोग संजय दत्त को देशद्रोही बता रहे हैं और फिल्म बनाने की प्रासंगिकता पर सवाल उठा रहे हैं। इतना ही नहीं कुछ दक्षिणपंथी संगठनों ने भी इस फिल्म पर सवाल उठाते हुए इसका बायकॉट किया है। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने अब तक 250 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है और यह तेजी से 300 करोड़ क्लब की तरफ बढ़ रही है।
समाचार4मीडिया.कॉम देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया में हम अपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स