होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / छोटे पर्दे के इस शो ने तोड़ा रिकॉर्ड, 4 करोड़ हुए दर्शक
छोटे पर्दे के इस शो ने तोड़ा रिकॉर्ड, 4 करोड़ हुए दर्शक
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। किसी से यदि यह पूछा जाए कि कौन सा सीरियल टीवी पर स
समाचार4मीडिया ब्यूरो 8 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
इन दिनों दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले एक सीरियल ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस शो का नाम है ' मैं कुछ भी कर सकती हूं'। यह शो देश का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला शो बन गया है। अंग्रेजी दैनिक 'मिड-डे' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक 400 मिलियन व्युअर्स यानी 4 करोड़ लोग इस शो को देख चुके हैं।
सास-बहू, नाग-नागिन, मेलोड्रामा के किस्सों से दूर यह सीरियल सामाजिक बुराइयों पर आधारित है जिसे भारत के ग्रामीण परिवेश में खूब पसंद किया जाता है। फिरोज खान द्वारा निर्देशित इस सीरियल में भ्रष्टाचार, पितृसत्ता, भ्रूण-हत्या और सेक्स-एजुकेशन के बारे में लोगों को जागरूक किया जाता है।
यह शो स्नेहा नाम की डॉक्टर की जिंदगी पर बना है जो सामाजिक बुराइयों से लड़ती है और गांव की महिलाओं को उनके हक के लिए लड़ने के लिए प्रोत्साहित करती है। अपने लिए आवाज उठाने से लेकर, घर से बाहर जाने और वुमन हॉकी टीम बनाने तक वो अपनी जान की परवाह किए बिना सब कुछ करती है जो पुरुष पसंद नहीं करते।
सीरियल की एक खासियत यह भी है कि इसमें दिखाए जाने वाले सारे मुद्दे और संवाद असली हैं। सीरियल में दिखाया गया है लिंग के आधार पर भेदभाव गांवों के साथ-साथ शहरों में भी मौजूद है। अंतर बस इतना ही है कि दोनों ही जगह इस भेदभाव का स्वरूप अलग होता है। सामाजिक मुद्दों पर आधारित इस शो ने अपने दर्शकों की सोच में काफी सकारात्मक बदलाव किया है। गांवों की औरतें अपने अधिकारों के बारे में सजग हो रही हैं।
इस सीरियल के ऑन-एयर होने के बाद से 30,000 घरों में एक सर्वे किया गया। सर्वे में पता चला कि पहले 66 प्रतिशत महिलाएं पतियों से मार खाने को गलत या गैर-कानूनी नहीं मानती थी। लेकिन इस सीरियल को देखने के बाद ये आंकड़ा 44 प्रतिशत तक गिर गया है। वहीं 35 प्रतिशत महिलाएं आधुनिक गर्भनिरोधक उपायों के इस्तेमाल को लेकर डरी रहती थीं लेकिन इस सीरियल के देखने के बाद से ये 13 प्रतिशत पर आ गिरा।
इस शो का अत्यंत रोचक पहलू इसका 'इंटरेक्टिव वॉयस रिस्पांस सिस्टम' (आईवीआरएस) है। यह टोल फ्री नंबर है इस नंबर पर यूजर्स फीडबैक के लिए कॉल करते हैं। इस नंबर पर लाखों की संख्या में कॉल्स आती हैं और सर्वे में यह भी पाया गया कि इनमें से कॉल करने वाले 30 लोग मध्य प्रदेश और बिहार से थे।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स