होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / इस बड़े पत्रकार को मिलेगा पहला कुलदीप नैय्यर पुरस्कार
इस बड़े पत्रकार को मिलेगा पहला कुलदीप नैय्यर पुरस्कार
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। भाषाई पत्रकारिता के लिए स्थापित पहला कुलदीप नैय्यर सम्मान चर्चित टीवी पत्रकार रवीश कुमार क
समाचार4मीडिया ब्यूरो 8 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
गांधी शांति प्रतिष्ठान ने हिंदी और भारतीय भाषाओं में मूल्यों पर आधारित पत्रकारिता करने वाले किसी श्रेष्ठ पत्रकार को हर साल यह पुरस्कार प्रदान करने का फैसला किया है। इस पुरस्कार के तहत एक लाख रुपए की राशि, प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिह्न दिया जाएगा।
पत्रकारिता जगत में अपनी अलग पहचान बना चुके एनडीटीवी के पत्रकार रवीश कुमार को यह सम्मान 19 मार्च को दिया जाएगा। इस पुरस्कार की घोषणा गुरुवार को गांधी शांति प्रतिष्ठान के अध्यक्ष कुमार प्रशांत और समाजशास्त्री आशीष नंदी ने की। इस अवसर पर कुलदीप नैय्यर, जनसत्ता के पूर्व संपादक ओम थानवी और समाजवादी कार्यकर्ता विजय प्रताप भी मौजूद थे।
प्रशांत ने कहा कि देश में पत्रकारों को दिए जाने वाले पुरस्कारों की भीड़ में एक और पुरस्कार की घोषणा इसलिए की जा रही है कि आज मूल्यों पर आधारित पत्रकारिता की बेहद जरूरत है। यह इस अर्थ में अलग पुरस्कार है कि पत्रकार ही इसका चयन करेंगे। इस पुरस्कार के लिए एक संचालन समिति गठित की गई है और गांधी शांति प्रतिष्ठान इसे संचालित करेगा।
संचालन समिति में आशीष नंदी, ओम थानवी, नीरजा चौधरी, रिजवान कैसर, विजय प्रताप, प्रियदर्शन, जयशंकर गुप्त, अनिल सिन्हा, प्रमोद रंजन और प्रतिष्ठान के सचिव अशोक कुमार शामिल हैं।
समाजशास्त्री आशीष नंदी ने रवीश कुमार के नाम की घोषणा करते हुए कहा कि उनकी आज देश भर में पहचान है और वह सबके पसंदीदा पत्रकार हैं इसलिए पहले साल उन्हें यह पुरस्कार दिया जा रहा है। नैय्यर ने कहा कि देश में लोग अंग्रेजी के पत्रकारों को जानते हैं, हिंदी के पत्रकारों को नहीं जानते। इसलिए सारे पुरस्कार अंग्रेजी पत्रकारों को ही मिलते हैं। हिंदी और भारतीय भाषाओं के लिए यह पुरस्कार शुरू किया जा रहा है। हिंदी पत्रकार अंग्रेजी से अधिक लायक पत्रकार हैं। उन्होंने कहा कि वह चूंकि अंग्रेजी में लिखते हैं, इसलिए देश भर में उन्हें लोग बुलाते हैं। अंगेजी के अखबारों को अधिक विज्ञापन मिलते हैं हिंदी से इसलिए उनकी कमाई भी अधिक है लेकिन हिंदी को बढ़ावा देना चाहिए।
यह पूछे जाने पर कि किसी दिवंगत पत्रकार के नाम पर यह पुरस्कार क्यों नहीं, इस पर गांधी शांति प्रतिष्ठान के अध्यक्ष कुमार प्रशांत ने कहा कि इस पुरस्कार की कल्पना भी नैय्यर की थी और वह देश के बड़े और सम्मानित पत्रकार हैं, इसलिए उनके नाम पर यह सम्मान दिया जा रहा है।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स