होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / सेना के जवान का स्टिंग करने वाली महिला जर्नलिस्ट पर दर्ज हुआ केस
सेना के जवान का स्टिंग करने वाली महिला जर्नलिस्ट पर दर्ज हुआ केस
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। सेना की शिकायत पर नासिक पुलिस ने केरल के जवान रॉय मैथ्यू का स्टिंग करने वाली महिला पत्रकार पूनम अग्रवाल के खिलाफ शासकीय गोपनीयता कानून और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। दरअसल, इस स्टिंग म
समाचार4मीडिया ब्यूरो 8 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
सेना की शिकायत पर नासिक पुलिस ने केरल के जवान रॉय मैथ्यू का स्टिंग करने वाली महिला पत्रकार पूनम अग्रवाल के खिलाफ शासकीय गोपनीयता कानून और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
दरअसल, इस स्टिंग में लांस नायक रॉय मैथ्यू ने भारतीय सेना के सिस्टम पर सवाल उठाए थे। विडियो को न्यूज वेबसाइट ‘द क्विंट’ (The Quint) पर अपलोड किया गया था। विडियो सामने आने के बाद मैथ्यू ने आत्महत्या कर ली थी।
ADVT: Do you know how Pradip Bhandari,#CEO Jan ki Baat got all election prediction in UP correct?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शिकायत पत्र में भारतीय सेना की तरफ से कहा गया है कि पूनम अग्रवाल ने बिना परमिशन के आर्मी कैंप में घुस कर चोरी से विडियो बनाया था। पूनम पर आर्मी ने ये आरोप भी लगाए हैं कि उन्होंने जानबूझकर रॉय मैथ्यू से उलझाने वाले सवाल पूछे जिसके चलते वह आत्महत्या करने पर मजबूर हो गया। पुलिस ने पूनम के खिलाफ सैन्य अधिकारियों की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता (आइपीसी) की धारा 306, 451, 500 और 34 के तहत केस दर्ज किया है।
पूनम अग्रवाल ने अपने स्टिंग ऑपरेशन के जरिए सेना की सहायक व्यवस्था के तहत जवानों को अधिकारियों के घरों पर तैनात करने और उनसे घरेलू काम कराने का मुद्दा उठाया था।
रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने पूनम से पूछताछ करके स्टिंग ऑपरेशन का ब्यौरा जुटाया है। इसमें सेना के जवानों से बातचीत और स्टिंग को फिल्माने में उनसे मिली मदद जैसी जानकारियां शामिल हैं। उधर, पूनम अग्रवाल का कहना है कि उनकी खबर ऑनलाइन प्रकाशित हुई थी और उन्होंने जब इसका लिंक सेना के अधिकारियों को दिया था, तब उन्होंने गोपनीयता के उल्लंघन का सवाल क्यों नहीं उठाया था।
अपने खिलाफ आरोपों को सेना द्वारा अपनी चूक छिपाने की सोची-समझी चाल बताते हुए उन्होंने कहा है कि उस समय सेना के अधिकारियों ने सहायक व्यवस्था को लेकर जवानों के आरोपों की जांच कराने का आश्वासन दिया था। पूनम ने यह भी दावा किया कि सेना की आंतरिक जांच के चलते मैथ्यु ने आत्महत्या की थी।
बता दें कि केरल के रहने वाले जवान रॉय मैथ्यू (33) ने सहायक व्यवस्था की आलोचना करने वाला अपना विडियो वायरल होने के बाद खुदकुशी कर ली थी। दो मार्च को महाराष्ट्र की देवलाली सैन्य छावनी क्षेत्र के एक खाली पड़े कमरे में मैथ्यू का शव छत से लटका हुआ मिला था। मैथ्यू 25 फरवरी से लापता था। वह पिछले एक साल से रॉकेट रेजीमेंट 214 में आर्टिलरी गनर के रूप में तैनात था। उसके परिवार के मुताबिक, उसने 25 फरवरी को ही अंतिम बार उन्हें फोन किया था और उसके लहजे से लग रहा था कि वह काफी डरा हुआ था।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स