होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / Exclusive: अरनब के हिंदी चैनल का प्रोमो, रिक्रूटमेंट फाइनल स्टेज पर...
Exclusive: अरनब के हिंदी चैनल का प्रोमो, रिक्रूटमेंट फाइनल स्टेज पर...
हिंदी न्यूज चैनल की दुनिया में आने वाले 50 दिन बहुत ही चुनौती भरे होने वाले हैं...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
हिंदी न्यूज चैनल की दुनिया में 50 दिन बाद बहुत ही चुनौती भरे दिन आने वाले हैं। ऐसा कहना इसलिए उपयुक्त है क्योंकि अंग्रेजी टीवी मीडिया ने पहले ऐसा देखा है और एक हद तक इस चुनौती की कीमत अपनी टीआरपी गंवाकर चुकाई है।
जी हां, यहां हम बात कर रहे हैं देश के अंग्रेजी टीवी मीडिया के नंबर वन चैनल ‘रिपब्लिक टीवी’ की। जिस तरह ‘रिपब्लिक टीवी’ ने अपनी लॉन्चिंग के साथ ही इस जोनर में नंबर एक की पोजिशन हासिल कर पूरी मीडिया इंडस्ट्री में खलबली मचा दी थी, उसी तरह अब जल्द लॉन्च होने वाले उनके हिंदी चैनल से भी बाजार को वैसी ही उम्मीद है।
अरनब के नेतृत्व में लॉन्च होने वाले इस नए चैनल का नाम भी राष्ट्रवादी ही है, इसका नाम है ‘रिपब्लिक भारत’। नए चैनल का ये एक्सक्लूसिव प्रोमो आप नीचे विडियो पर क्लिक कर देख सकते हैं...
यहां देखें 'रिपब्लिक भारत' का पहला प्रोमो-
बताया गया है कि अरनब पूरी तरह कमर कसकर इसकी लॉन्चिंग में जुट गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अरनब गोस्वामी अब पांच दिन नोएडा में रहकर फाइनल रिक्रूटमेंट को अमली जामा पहना रहे हैं। वैसे रिक्रूटमेंट के प्री-राउंड के तहत वे मुंबई से सैकड़ों कैंडिडेट्स के साथ विडियो क्रॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात कर चुके हैं। अब प्री-राउंड के बाद सेलेक्ट हुए उम्मीदवारों से वे खुद रूबरू होकर इंटरव्यू कर फाइनल हायरिंग कर लेंगे।
उल्लेखनीय है कि हिंदी टीवी पत्रकार शमशेर सिंह ‘रिपब्लिक भारत’ के एडिटर होंगे। एंकर्स के तौर पर कुछ नए फेस भी चैनल पर दिखेंगे। वैसे सूत्रों के अनुसार, कई प्रतिष्ठित एंकर्स भी अरनब गोस्वामी के संपर्क में हैं और इन पांच दिनों में हिंदी टीवी मीडिया के कई बड़े एंकर्स के साथ उनकी मुलाकात भी शेड्यूल है।
मिली जानकारी के मुताबिक,अभी लॉन्चिंग की तिथि तय नहीं हुई है, पर माना जा रहा है कि आगामी 50 दिन में चैनल ड्राईरन शुरू कर देगा।
बताया गया है कि चैनल अपनी लॉन्चिंग के पहले ही दिन से फ्रंटफुट पर खेलते हुए पूरे हिंदी मीडिया जोनर में एक हड़कंप मचाने की कोशिश करेगा।
ऐसे में सबसे बड़ी चुनौती देश के नंबर वन चैनल ‘आजतक’ के लिए है, क्योंकि अगर ‘रिपब्लिक भारत’ अच्छी टीआरपी बटोरता है तो उसका खामियाजा ‘आजतक’ को ही उठाना होगा, वैसे भी ‘आजतक’ लगातार ‘नेटवर्क18’ के ‘न्यूज18हिंदी’ के साथ कम टीआरपी गैप की चुनौती से जूझ रहा है।
पर सूत्रों के अनुसार टीवीटुडे समूह के न्यूज डायरेक्टर सुप्रिय प्रसाद ने अपनी पूरी टीम को एकजुट कर लिया है और शुरुआती तौर पर उनका कोई बड़ा नाम अरनब के नए वेंचर से नहीं जुड़ रहा है। सेल्फ गोल से बचने के बाद अब ‘आजतक’ को एक बार फिर अपनी बादशाहत बचाने के लिए सुप्रिय प्रसाद के नेतृत्व में लंबी छलांग की कोई प्रभावकारी बाजी खेलनी ही होगी।
टैग्स अरनब गोस्वामी रिपब्लिक भारत