होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ‘समाचार प्लस’ के CEO कोर्ट में पेश, बढ़ीं मुश्किलें...
‘समाचार प्लस’ के CEO कोर्ट में पेश, बढ़ीं मुश्किलें...
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का स्टिंग न कर पाने पर पत्रकार को धमकी देने के आरोप...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का स्टिंग न कर पाने पर पत्रकार को धमकी देने के आरोप में फंसे रीजनल न्यूज चैनल ‘समाचार प्लस’ के एडिटर-इन-चीफ व सीईओ उमेश कुमार शर्मा को सोमवार को देहरादून न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। कोर्ट ने उमेश कुमार को आगामी 8 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा है।
वहीं पुलिस ने कोर्ट में पांच दिन की कस्टडी रिमांड मांगी है, साथ ही बचाव पक्ष ने जमानत की अर्जी भी दी है, इन दोनों ही मामलों की मंगलवार को सुनवाई होगी। दरअसल, स्थानीय वकीलों की हड़ताल के चलते किसी वकीन ने उनकी पैरवी नहीं की। बताया जा रहा है कि पैरवी के लिए अधिवक्ता दिल्ली से आए हैं।
प्रेस क्लब ऑफ इंडिया की मैनेजिंग कमेटी के पूर्व सदस्य रह चुके उमेश कुमार ने कोर्ट में पेश होने के बाद सरकार से खुद को जान का खतरा बताया है। उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच एसीजेएम थर्ड रिंकी साहनी की कोर्ट में पेश किया गया।
गौरतल है कि उमेश कुमार को उत्तराखंड पुलिस ने रविवार को गाजियाबाद स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया है। उत्तराखंड के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, कानून और व्यवस्था, अशोक कुमार के मुताबिक, रविवार को प्रदेश पुलिस द्वारा उमेश कुमार के नोएडा स्थित कार्यालय तथा गाजियाबाद में उनके आवास पर दबिश दी गई और तलाशी ली गई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को उनके घर से लगभग 40 लाख रुपए नकद, 16 हजार अमेरिकी डॉलर, 11 हजार थाई मुद्रा भात और दर्जनों स्टिंग की रिकॉर्डिंग बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि उसने मुख्यमंत्री के एक करीबी का स्टिंग किया था, जिसके बाद वसूली में यह रकम प्राप्त की थी। रंगदारी के इस मामले में आयुर्वेद विवि के कुलसचिव (निलंबित) मृत्युंजय मिश्रा समेत चार अन्य भी मुल्जिम हैं।
अशोक कुमार ने बताया कि 'समाचार प्लस' चैनल के पत्रकार आयुष गौड़ ने बीते 10 अगस्त को राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने उमेश शर्मा और अन्य के विरूद्ध आरोप लगाया है कि शर्मा ने उन्हें उत्तराखंड के प्रमुख अधिकारियों एवं राजनीतिक व्यक्तियों के स्टिंग करने के लिए कहा था। स्टिंग न हो पाने पर गौड़ को जान से मारने की धमकी दी गई।
गौड़ का आरोप है कि उमेश शर्मा राजनेताओं और अधिकारियों का स्टिंग करते हैं, लेकिन ये स्टिंग चैनल पर प्रसारित नहीं होते। बल्कि, संबंधित लोगों पर दबाव डालकर स्टिंग के एवज में मोटी रकम वसूली जाती है।
बता दें कि उमेश कुमार के चैनल ने वर्ष 2016 में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का स्टिंग ऑपरेशन किया था, जिसमें दिखाया गया था कि फ्लोर टेस्ट के वक्त बहुमत साबित करने के लिए हरीश रावत विधायकों को अपने समर्थन में लाने के लिए कथित तौर पर घूस दे रहे हैं। फिलहाल उमेश कुमार के पास से मिली रकम के बाद उनकी मुश्किलें और बढ़ती नजर आ रही हैं।
टैग्स समाचार प्लस उमेश कुमार