होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पुलिस का दावा- वरिष्ठ महिला पत्रकार अपर्णा कालरा पर इस वजह से हुआ हमला...
पुलिस का दावा- वरिष्ठ महिला पत्रकार अपर्णा कालरा पर इस वजह से हुआ हमला...
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। दिल्ली में वरिष्ठ महिला पत्रकार अपर्णा कालरा पर हुए जानलेवा हमले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। इस सिलसिले में 22 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है जो कथित तौर पर पत्रकार के प्रति आकर्षित था।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 8 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
दिल्ली में वरिष्ठ महिला पत्रकार अपर्णा कालरा पर हुए जानलेवा हमले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। इस सिलसिले में 22 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है जो कथित तौर पर पत्रकार के प्रति आकर्षित था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी संजय को सावन पार्क झुग्गी बस्ती से गिरफ्तार किया गया। वह नशे का आदी है। उसका कहना है कि वह महिला के प्रति आकर्षित था और दोस्ती करना चाहता था। महिला पत्रकार अपर्णा कालरा पर बुधवार शाम पार्क में टहलने के दौरान हमला हुआ था।
पुलिस ने बताया, स्वतंत्र पत्रकार अर्पणा परिवार के साथ अशोक विहार में रहती हैं। उनके परिवार में माता-पिता के अलावा एक बड़ी बहन है। अपर्णा रोजाना शाम को घर के नजदीक पिकनिक हट पार्क में टहलने के लिए जाती थीं। बुधवार शाम लगभग 6.30 बजे वह पार्क में टहल रही थीं। इस दौरान किसी युवक ने उन पर हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया था।
छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि इस पार्क के आसपास नशा करने वाले कुछ युवक घूमते रहते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए आसपास में रहने वाले लगभग 40 लड़कों को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ की। इस दौरान पुलिस ने संजय से सख्ती से पूछताछ की तो उसने हमला करने की बात कबूल कर ली। उसने पुलिस को बताया कि वह अशोक विहार स्थित एक फैक्टरी में नौकरी करता है। वह अकसर शाम के समय पार्क में टहलने आता था। वहां उसने महिला पत्रकार को कई बार टहलते हुए देखा था। वह उसके प्रति आकर्षित था। बुधवार को वह वह शराब पीकर पार्क में आया था। उसने महिला से बातचीत का प्रयास किया और जिसका महिला विरोध करने लगी। विरोध करने पर वह महिला को ईंट मारकर फरार हो गया।
वहीं पुलिस उपायुक्त मिलिंद डुमरे के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती महिला पत्रकार को होश आ गया है। अस्पताल में उनका सीटी स्कैन किया जा रहा है। फिलहाल उनका बयान नहीं लिया जा सका है। पुलिस जल्द ही घटना को लेकर उनका बयान दर्ज करेगी।
दिल्ली पुलिस के आयुक्त अमूल्य पटनायक ने इस मामले को तेजी से सुलझा लेने के लिए उत्तर पश्चिम जिला टीम को ट्विटर पर बधाई दी।
बता दें कि महिला पत्रकार अपर्णा कालरा बतौर फ्रीलांस काम करती हैं। फ्रीलांसर के तौर पर वह न्यूज वेबसाइट ‘स्क्रॉल डॉट इन’ (Scroll.in), ‘इंडियास्पेंड’ (IndiaSpend), ‘डेलीओ’ (DailyO), और ‘फ़ैक्टर डेली’ (FactorDaily) के लिखती रहती हैं।
उन्होंने कई बड़े मीडिया संस्थानों के साथ भी काम किया है, जिनमें न्यूज एजेंसी ‘रॉयटर्स’ (कॉरेस्पोंडेंट- मई, 2000 से नवबंर, 2001 तक), ‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’ (डिप्टी मैनेजर- ब्रैंड टीम, साल 2002 से 2004 तक), ‘टाइम इंक’ (स्ट्रिंगर- साल 2003 से 2004 तक), ‘मिंट’ (स्टाफ राइटर- साल 2006 से 2010 तक) और ‘बिजनेस स्टैंडर्ड’ (सीनियर असिसटेंट एडिटर- नवंबर 2011 से नवंबर 2014 तक) शामिल हैं।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स