होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पत्रकारों से बदसलूकी मामले में DIG ने कहा- करेंगे नुकसान की भरपाई
पत्रकारों से बदसलूकी मामले में DIG ने कहा- करेंगे नुकसान की भरपाई
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। भोपाल के अयोध्या नगर थाने में नए नवेले आईपीएस द्वारा पत्रकारों से बदसलूकी करने और फोटोग्राफर का कैमरा तोड़ने के मामले में राजधानी के पत्रकारों ने बड़ी संख्या शांतिपूर्वक मार्च निकालकर विरोध जताया। काले कपड़े पहनकर पत्रकारों ने यह मार्च ज्योति
समाचार4मीडिया ब्यूरो 8 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
भोपाल के अयोध्या नगर थाने में नए नवेले आईपीएस द्वारा पत्रकारों से बदसलूकी करने और फोटोग्राफर का कैमरा तोड़ने के मामले में राजधानी के पत्रकारों ने बड़ी संख्या शांतिपूर्वक मार्च निकालकर विरोध जताया। काले कपड़े पहनकर पत्रकारों ने यह मार्च ज्योति टॉकीज चौराहे से एसपी साउथ के ऑफिस तक निकाला।
पत्रकारों ने डीआईजी रमन सिंह सिकरवार को तीन सूत्रीय मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। डीआईजी ने घटना पर खेत जताते हुए प्रशिक्षु आईपीएस धर्मराज मीणा की जगह खुद माफी मांगी। साथ ही धर्मराज के माफी मांगने और दैनिक अखबार ‘नवदुनिया’ के फोटो जर्नलिस्ट निर्मल व्यास का कैमरा टूटने की भरपाई करवाने की मांग मान ली है। लेकिन तीसरी मांग अपने स्तर पर पूरी करने में असमर्थता जताते हुए प्रशासन और पुलिस मुख्यालय तक बात पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस प्रदर्शन में पत्रकारों के साथ राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
गौरतलब है कि अयोध्या थाना क्षेत्र के सागर एवेन्यु बिल्डिंग में रहने वाली महिला को घर में बंधक बनाकर तीन लाख रुपए की लूट की वारदात हुई थी। मीडियाकर्मी इसी मामले की जानकारी लेने थाने पहुंचे थे। मीडियाकर्मी को थाने के अंदर आता देख भड़के मीणा ने वहीं से चिल्लाते हुए पहले सभी को भाग जाने को कहा। जब मीणा द्वारा किए जा रहे दुर्व्यवहार की शिकायत आईजी योगेश चौधरी से की गई, तो उन्होंने मीणा से बात कर जानकारी देने को कहा।
इस बात से झल्लाए मीणा ने पहले तो मीडियाकर्मियों को अंदर आने को कहा और उसके बाद बंद कैमरा देख वो भड़क गए। यह बताने पर भी कि फोटो नहीं ली जा रही है उन्होंने किसी की बात नहीं सुनी और नवदुनिया के फोटोजर्नलिस्ट का कैमरा छीनकर पहले जब्त कर लिया फिर जोर से जमीन पर पटक दिया।
मीणा की अभ्रदता यहीं खत्म नहीं हुई उन्होंने चिल्लाते हुए कहा भागो यहां से वरना कलेक्टर को बोलकर सबको अंदर करवा दूंगा। इससे पहले भी राजधानी में आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने अपनी नाकामी छिपाने के लिए दो कैमरामैन और एक फोटोजर्नलिस्ट के साथ अभद्रता की थी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्रवाई करने के भरोसा देने के दो दिन बाद भी विवादों में घिरे धर्मराज पर कार्रवाई नहीं होने से पत्रकारों में नाराजगी थी। नवदुनिया समेत सभी समाचार पत्रों के पत्रकार और फोटोग्राफर्स ने सामूहिक रूप से काली शर्ट और पट्टी बांधकर शांतिपूर्वक मार्च निकला।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स