होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / महिला पत्रकार की गला रेतकर हत्या...
महिला पत्रकार की गला रेतकर हत्या...
मंगलवार को एक महिला पत्रकार की उसके घर में घुसकर कुछ अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
बांग्लादेश में मंगलवार को एक महिला पत्रकार की उसके घर में घुसकर कुछ अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी। बताया जा रहा कि हमलावरों ने घर में घुसकर तेज धारदार हथियार से गला रेत कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतका की पहचान सुबर्णा नोदी (32) के रूप में की गई है, जोकि निजी न्यूज चैनल ‘आनंद टीवी’ में कॉरेस्पोंडेंट के तौर पर कार्यरत थीं। सुबर्णा डेली जाग्रतो बांग्ला सामाचार और बीडीन्यूज 24 डॉटकॉम के लिए भी काम करती थीं। वह पबना जिले के राधानगर इलाके में रहती थी।
सुबर्णा की नौ साल की एक बेटी है और वह अपने पति के साथ तलाक की एक प्रक्रिया से गुजर रहीं थीं।
पबना के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इबअने मिजान ने बताया कि जांच-पड़ताल में पता चला है कि 10 बजकर 45 पर करीब 10 से 12 हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। इन हमलावरों ने पत्रकार के घर के दरवाजे की घंटी बजाई जब उन्होंने दरवाजा खोला, तो हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उन्हें फर्श पर गिराकर तेज धारदार से कई वार कर किए और फिर गला रेत कर घटनास्थल से फरार हो गए।
घायल अवस्था में जब नोदी को अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
एएसपी गौतम कुमार बिसवास ने कहा कि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है, लेकिन फिलहाल हत्या की वजह का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई है।
सुबर्णा नोदी की हत्या के बाद से बांग्लादेश के पत्रकारों में जबरदस्त गुस्सा है।पत्रकारों ने हत्या की निंदा करते हुए हत्यारों को तत्काल न्याय के दायरे में लाने की मांग की है।
गौरतलब है कि बांग्लादेश में पत्रकारों और लेखकों पर हमले आम हो चुके हैं। इससे पहले जून में बांग्लादेश के जाने माने लेखक और प्रकाशक शहजहान बच्चू की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वहीं इसके पहले 26 फरवरी, 2015 बांग्लादेश में अमेरिकी ब्लॉगर अविजीत रॉय की हत्या कर दी गई थी।
टैग्स सुबर्णा नोदी