होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / देश की मीडिया पर बरसे अरनब, कहा- सही और गलत का फर्क भूल गए हैं पत्रकार
देश की मीडिया पर बरसे अरनब, कहा- सही और गलत का फर्क भूल गए हैं पत्रकार
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। नए साल की रात बेंगलुरु में महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार की घटना से जाने-माने टीवी एंकर अरनब गोस्वामी बेहद ही आहत हुए हैं। उन्होंने बेंगलुरु में महिला उत्पीड़न पर भारतीय मीडिया के रवैये पर सवाल खड़ा किया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
नए साल की रात बेंगलुरु में महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार की घटना से जाने-माने टीवी एंकर अरनब गोस्वामी बेहद ही आहत हुए हैं। उन्होंने बेंगलुरु में महिला उत्पीड़न पर भारतीय मीडिया के रवैये पर सवाल खड़ा किया है।
गोस्वामी ने कहा कि भारतीय पत्रकारिता के मठाधीश बेंगलुरु में हुए महिला उत्पीड़न पर चुप्पी साधे हुए हैं और उनका फोकस सिर्फ और सिर्फ उत्तर प्रदेश की पारिवारिक कलह पर है। अरनब ने कहा कि भारतीय मीडिया सही और गलत के बीच फर्क भूल चुका है।
8 जनवरी को बेंगलुरु में आयोजित कार्यक्रम ‘अंडर 25 सम्मिट’ में अरनब युवाओं को संबोधित कर रहे थे।
गोस्वामी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में उन्हें एंकरिग न करते होने का जितना मलाल हुआ है उतना पहले कभी नहीं हुआ। अरनब ने कहा कि बेंगलुरु के मंत्री के बयान पर उन्हें बहुत तेज गुस्सा आया। अरनब ने पूछा, ‘देश का मीडिया कहां है? उसे किस बात में रुचि है? लोग मुझसे पूछ रहे हैं कि आप रिपब्लिक क्यों लॉन्च कर रहे हैं? मैं कहता हूं इसलिए।’
दिल्ली के 'लुटियंस जोन' को कवर करने वाले पत्रकारों पर निशाना साधते हुए अरनब ने कहा कि वे इतने समझौतावादी हो चुके हैं, सत्ता से इतने मिल चुके हैं कि उन्हें जनता के प्रतिनिधित्व का अधिकार नहीं है उन्होंने कहा, ‘लुटियंस दिल्ली में 10 सालों में रहने के दौरान मैं पत्रकारिता के खूबसूरत पेशे के पतन और लगभग खात्मे का गवाह रहा। हम और आप मिलकर भारतीय पत्रकारिता को लुटियंस दिल्ली के असर से बचाएंगे।’ गोस्वमी ने युवाओं से अपील भी की कि पत्रकारिता को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से बाहर पुणे, गुवाहाटी, बेंगलुरु, मुंबई कहीं भी ले जाएं।
अरनब ने अपने संबोधन में कॉमनवेल्थ घोटाले में आरोपी सुरेश कलमाड़ी पर भी निशाना साधा। अरनब ने कहा, 27 दिसंबर 2016 को घोटाले के आरोपी सुरेश कलमाड़ी को भारतीय ओलंपिक संघ का आजीवन अध्यक्ष घोषित किया। मीडिया इस पर चुप क्यों है? पिछले कुछ महीनों से मीडिया को क्या हुआ है?’ अरनब ने कार्यक्रम में मौजूद युवाओं को अपने ही सवाल का जवाब देते हुए कहा कि मीडिया का डर खत्म हो चुका है, हम इसे दोबारा पैदा करेंगे।
समाचार4मीडिया देश के प्रतिष्ठित और नं.1 मीडियापोर्टल exchange4media.com की हिंदी वेबसाइट है। समाचार4मीडिया.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं।
टैग्स