होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / विकास की रफ्तार बढ़ाने को तैयार Zee मीडिया, बोर्ड ने $46.59 मिलियन के FCCB को दी मंजूरी
विकास की रफ्तार बढ़ाने को तैयार Zee मीडिया, बोर्ड ने $46.59 मिलियन के FCCB को दी मंजूरी
जी मीडिया कॉर्पोरेशन लिमिटेड (ZMCL) ने अपनी बोर्ड मीटिंग में एक अहम प्रस्ताव को मंजूरी दी है। कंपनी 46.59 मिलियन अमेरिकी डॉलर के फॉरेन करेंसी कन्वर्टिबल बॉन्ड्स (FCCBs) जारी करेगी।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 10 months ago
जी मीडिया कॉर्पोरेशन लिमिटेड (ZMCL) ने अपनी बोर्ड मीटिंग में एक अहम प्रस्ताव को मंजूरी दी है। कंपनी 46.59 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 390 करोड़ रुपये) के फॉरेन करेंसी कन्वर्टिबल बॉन्ड्स (FCCBs) जारी करेगी। यह फंड एक प्राइवेट प्लेसमेंट के जरिए जुटाया जाएगा, जिसका उद्देश्य कंपनी के विस्तार और संचालन क्षमता को मजबूत करना है।
रेगुलटरी फाइलिंग के अनुसार, यह बॉन्ड्स 5% सालाना ब्याज दर पर जारी किए जाएंगे और इनकी परिपक्वता अवधि 10 साल होगी। जी मीडिया यह बॉन्ड्स दो संस्थागत निवेशकों— UNICO Global Opportunities Fund Limited और Sun India Opportunities Investing Fund को जारी करेगी।
इन बॉन्ड्स के कन्वर्जन (इक्विटी में बदले जाने) की कीमत ₹13.50 प्रति शेयर तय की गई है, जो ₹1 के फेस वैल्यू पर ₹12.50 का प्रीमियम जोड़ती है।
कंपनी का कहना है कि यह निवेश उसकी विस्तार योजनाओं को रफ्तार देने में मदद करेगा। हालांकि जी मीडिया ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस रकम को किस सेक्टर में विशेष रूप से लगाया जाएगा, लेकिन यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब मीडिया इंडस्ट्री में डिजिटल और ब्रॉडकास्टिंग के क्षेत्र में तीव्र प्रतिस्पर्धा और बदलाव देखने को मिल रहे हैं।
यह प्रस्ताव जी मीडिया के शेयरधारकों की मंजूरी और नियामकीय स्वीकृति के अधीन है। FCCB का यह मॉडल कंपनी को विदेशी पूंजी तक पहुंच प्रदान करता है, साथ ही निवेशकों को बाद में अपनी हिस्सेदारी को इक्विटी में बदलने का विकल्प भी देता है। यह रणनीति कंपनी की दीर्घकालिक वित्तीय योजना के अनुरूप है।
टैग्स