होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / अपनी मांग पर अड़ी इनवेस्को, ZEE Entertainment ने बॉम्बे हाई कोर्ट से की ये गुजारिश
अपनी मांग पर अड़ी इनवेस्को, ZEE Entertainment ने बॉम्बे हाई कोर्ट से की ये गुजारिश
‘जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड’ ने असाधारण आम बैठक (ईजीएम) बुलाने के शेयरधारकों, इनवेस्को और ओएफआई ग्लोबल चाइना फंड के अनुरोध के खिलाफ कथित रूप से बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
‘जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड’ (Zee Entertainment Enterprises Ltd.) ने असाधारण आम बैठक (ईजीएम) बुलाने के शेयरधारकों, इनवेस्को और ओएफआई ग्लोबल चाइना फंड के अनुरोध के खिलाफ कथित रूप से बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। दोनों निवेशकों ने कंपनी के एमडी पुनीत गोयनका को हटाने के लिए ईजीएम बुलाने की मांग की है। Zee ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा है कि इसने बॉम्बे हाई कोर्ट से अनुरोध किया है कि वह ईजीएम बुलाने के इनवेस्को के अनुरोध को गैरकानूनी व अमान्य करार देने पर विचार करे।
बता दें कि राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (NCLT) की मुंबई पीठ ने गुरुवार को जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज को विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए असाधारण आम बैठक (ईजीएम) बुलाने के इनवेस्को के अनुरोध पर विचार करने के लिए बोर्ड की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया था।
अमेरिकी कंपनी इनवेस्को ने ईजीएम बुलाने, कंपनी के सीईओ व मैनेजिंग डायरेक्टर पुनीत गोयनका के साथ-साथ दो अन्य डायरेक्टर्स को हटाने तथा छह नए डायरेक्टर्स की नियुक्ति के साथ बोर्ड का पुनर्गठन करने की मांग करते हुए एक याचिका दायर की थी।
शुक्रवार को हुई बैठक में, कंपनी के निदेशक मंडल ने अल्पांश शेयरधारकों की मांग को खारिज कर दिया और उसे अवैध करार दिया। कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘एक अक्टूबर 2021 को हुई बैठक में, बोर्ड इस निष्कर्ष पर पहुंचा है कि मांग गलत और अवैध है। इस बारे में इनवेस्को डेवलपिंग मार्केट्स फंड्स और ओएफआई ग्लोबल चाइना फंड एलएलसी को सूचना दे दी गई है कि कंपनी असाधारण आम बैठक बुलाने में असमर्थ है।’
गौरतलब है कि इनवेस्को डेवलपिंग मार्केट्स फंड (पूर्व में इनवेस्को ओपनहेइमेर डेवलपिंग मार्केटिंग्स फंड) की ओएफआई ग्लोबल चाइना फंड के साथ जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज में 17.88 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
टैग्स पुनीत गोयनका जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड बॉम्बे हाई कोर्ट ओएफआई ग्लोबल चाइना फंड . इनवेस्को