होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / इस बड़ी वजह से SONY और ZEE ने तीन हिंदी चैनल्स को बेचने का लिया फैसला
इस बड़ी वजह से SONY और ZEE ने तीन हिंदी चैनल्स को बेचने का लिया फैसला
दोनों नेटवर्क्स ने ‘भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग’ (CCI) के समक्ष अपना प्रस्ताव रखा है, जिसने विलय के सौदे को कुछ संशोधनों के साथ चार अक्टूबर को अपनी मंजूरी दे दी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
प्रस्तावित विलय से पहले ‘जी’ (ZEE) और ‘सोनी’ (SONY) ने तीन हिंदी चैनलों- ‘बिग मैजिक‘, ‘जी एक्शन‘ और ‘जी क्लासिक‘ को बेचने का फैसला किया है, ताकि बाजार संबंधी उन चिंताओं को दूर किया जा सके, जो दोनों नेटवर्क्स के बीच इस सौदे में बाधा डाल सकती हैं।
दोनों नेटवर्क्स ने ‘भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग’ (CCI) के समक्ष अपना प्रस्ताव रखा है, जिसने विलय के सौदे को कुछ संशोधनों के साथ चार अक्टूबर को अपनी मंजूरी दे दी है। इस सौदे के अनुमोदन के तीन सप्ताह से अधिक समय बाद ‘भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग’ ने अपना 58 पेज का आदेश जारी किया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बाजार संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए नेटवर्क्स ने अपने जनरल एंटरटेनमेंट चैनल ‘बिग मैजिक’ के साथ फिल्मी चैनल्स ‘जी एक्शन’ और ‘जी क्लासिक’ को बेचने पर सहमति जताई है। इन रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग’ का मानना है कि इस विलय से बाजार में प्रतिस्पर्धा पर विपरीत असर पड़ सकता है, इसके बाद स्वैच्छिक रूप से यह निर्णय लिया गया है।
दरअसल, बाजार में सभी प्लेयर्स के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने के तहत एक निश्चित सीमा से अधिक नेटवर्क सौदों के लिए ‘भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग’ की मंजूरी लेना अनिवार्य है। लगभग पांच महीने के लंबे इंतजार के बाद ‘भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग’ ने आखिरकार चार अक्टूबर 2022 को कुछ संशोधनों के साथ ‘जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड’ और ‘कल्वर मैक्स एंटरटेनमेंट’ (Sony) के बीच विलय के सौदे को अपनी मंजूरी दी थी।
कथित तौर पर दोनों कंपनियों ने उन जॉनर में कुछ चैनलों को बंद करने की पेशकश की थी, जहां वे प्रमुख स्थिति में हैं। दरअसल, कुछ बाजारों में विलय की गई इकाई के वर्चस्व पर ‘सीसीआई’ की चिंताओं को दूर करने के लिए ‘जी-सोनी’ द्वारा एक उपाय के रूप में इस तरह की पेशकश की गई थी।
‘भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग’ की ओर से चार अक्टूबर को किए गए एक ट्वीट में कहा गया था, ‘आयोग ने कुछ संशोधनों के साथ जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (जी) और बांग्ला एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड (बीईपीएल) के कल्वर मैक्स एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड (सीएमई) के साथ विलय को मंजूरी दे दी है।’
टैग्स पत्रकार मीडिया चैनल पत्रकारिता जर्नलिस्ट समाचार4मीडिया जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड हिंदी पत्रकारिता न्यूज हिंदी न्यूज खबर सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स मर्जर विलय जी नेटवर्क सीसीआई समाचार भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग मीडिया न्यूज़ मीडिया की न्यूज़ बि