होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ‘Times Network’ ने वरुण कोहली को किया नियुक्त, सौंपी यह बड़ी जिम्मेदारी
‘Times Network’ ने वरुण कोहली को किया नियुक्त, सौंपी यह बड़ी जिम्मेदारी
वरुण कोहली इससे पहले ‘भारत एक्सप्रेस’ (Bharat Express) में डायरेक्टर और चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर के पद पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे, जहां से उन्होंने कुछ समय पहले इस्तीफा दे दिया था।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
देश के बड़े मीडिया नेटवर्क्स में शुमार ‘टाइम्स नेटवर्क’ (Times Network) ने वरुण कोहली को चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (न्यूज ब्रॉडकास्टिंग बिजनेस) के पद पर नियुक्त किया है। अपनी इस भूमिका में वह टाइम्स ग्रुप के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर और ग्रुप सीईओ (नॉन पब्लिशिंग बिजनेस) एन. सुब्रमण्यम के साथ मिलकर काम करेंगे और मैनेजिंग डायरेक्टर के ऑफिस में रिपोर्ट करेंगे।
वरुण कोहली इससे पहले ‘भारत एक्सप्रेस’ (Bharat Express) में डायरेक्टर और चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर के पद पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। वरुण कोहली ने जनवरी 2023 में इस मीडिया नेटवर्क को जॉइन किया था। वह ‘भारत एक्सप्रेस’ की लॉन्चिंग के समय से ही इसके साथ जुड़े हुए थे, जहां से कुछ समय पूर्व ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।
वरुण कोहली की नियुक्ति के बारे में ‘टाइम्स ग्रुप’ के मैनेजिंग डायरेक्टर विनीत जैन का कहना है, ‘हमें टाइम्स नेटवर्क की लीडरशिप टीम में न्यूज ब्रॉडकास्टिंग बिजनेस के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर के रूप में वरुण की नियुक्ति की घोषणा करते हुए काफी खुशी हो रही है। वरुण को न्यूज ब्रॉडकास्टिंग बिजनेस का काफी अनुभव है। हमें उम्मीद है कि रेवेन्यू मैनेजमेंट और न्यूज बिजनेस ऑपरेशंस में वह नया दृष्टिकोण लाएंगे और टाइम्स नेटवर्क को विकास के अगले स्तर पर ले जाएंगे। हम टाइम्स ग्रुप में वरुण का स्वागत करते हैं और उन्हें उनकी नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं देते हैं।’
वहीं, अपनी नियुक्ति को लेकर वरुण कोहली का कहना है, ‘अंग्रेजी न्यूज, हिंदी न्यूज और बिजनेस न्यूज जैसे ब्रैंड्स में नेतृत्व करने वाली ऐसी महान विरासत वाली कंपनी का हिस्सा बनना मेरे लिए काफी सौभाग्य की बात है। मैं विनीत जैन के कुशल नेतृत्व में टाइम्स नेटवर्क पर विभिन्न ब्रैंड्स की सफलता की नई इबारत लिखने के लिए पूरी तरह तैयार हूं।’
आपको बता दें कि अब तक कई बड़े संस्थानों में महत्वपूर्ण पदों पर अपनी जिम्मेदारी निभा चुके वरुण कोहली को करीब 30 साल का अनुभव है। पूर्व में वह आईटीवी नेटवर्क में करीब आठ साल तक कार्यरत रहे हैं। वरुण कोहली बतौर सीओओ और रेवेन्यू हेड आईटीवी नेटवर्क से जुड़े थे, इसके बाद उन्हें यहां पहले सीईओ और फिर ग्रुप सीईओ की जिम्मेदारी मिली थी।
‘आईटीवी नेटवर्क’ से पहले वरुण कोहली ‘टीवी18’ में सीनियर वाइस प्रेजिडेंट थे और ‘आईबीएन7’ (अब न्यूज18 इंडिया) के रेवेन्यू की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा वरुण कोहली ‘डीएनए’ अखबार, Mogae Media, ‘मेल टुडे’ अखबार, हिन्दुस्तान टाइम्स, अमर उजाला, डेक्कन क्रॉनिकल और ‘बेनेट कोलमैन एंड कंपनी लिमिटेड’ में भी अहम पदों पर अपनी भूमिका निभा चुके हैं।
वरुण कोहली ने उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद स्थित ‘शिवा इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज’ (SIMS) से मैनेजमेंट में ग्रेजुएशन किया है। उन्होंने ‘वाईएमसीए’ (YMCA) से पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके अलावा वह ‘रिजल्ट्स कोचिंग सिस्टम्स’ (Results Coaching Systems) से सर्टिफाइड कोच भी हैं।
टैग्स टाइम्स नेटवर्क वरुण कोहली सीओओ चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर विनीत जैन