होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / न्यूज नेशन के संवाददाता से पुलिस ने की बदसलूकी, वरिष्ठ अधिकारियों ने दिलाया ये भरोसा
न्यूज नेशन के संवाददाता से पुलिस ने की बदसलूकी, वरिष्ठ अधिकारियों ने दिलाया ये भरोसा
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म (Gangrape) के मामले की रिपोर्टिंग करने से मीडिया को रोके जाने की खबर सामने आई है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म (Gangrape) के मामले की रिपोर्टिंग करने से मीडिया को रोके जाने की खबर सामने आई है। न्यूज नेशन के संवाददाता विद्यानाथ झा वहां के हालात बताने के लिए जब बलरामपुर पहुंचे, तो पुलिस ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और वहां से चले जाने की धमकी दी।
हालांकि उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी ने रविवार को न्यूज नेशन के संवाददाता विद्यानाथ झा से बात की और इस बात का भरोसा दिलाया कि उनके साथ बदसलूकी करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मामले को शांत कराने और पीड़िता के परिवार की मदद के लिए रविवार को उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी और एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने पीड़िता के परिवार से मुलाकात की, जिसके बाद अवनीश अवस्थी ने कहा कि हम इस बात की निगरानी करेंगे कि परिवार ने जो भी बिंदु उठाए हैं वह बहुत बारीकी से जांच हो। उनका मुख्य मुद्दा यह है कि कोई भी अपराधी मुक्त नहीं होना चाहिए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, बलरामपुर गए एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आया है कि मृतका का लीवर फट गया था। उसकी हत्या नृशंस तरीके से की गई थी। शाहीद, साहिल, रफीक, और सगीर हत्या में शामिल रहे हैं। जांच-पड़ताल में और लोगों की भूमिका की जांच हो रही है, क्योंकि जितनी चोटें हैं, उससे जाहिर होता है कि इसमें और लोग शामिल हो सकते हैं।
बता दें कि 29 सितंबर को 22 वर्षीय महिला की कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म के कारण मौत हो गई थी। पीड़िता बी. कॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। महिला 29 सितंबर को गांव के नजदीक स्थित अपने कॉलेज में फीस जमा करने गई थी। परिवार के मुताबिक महिला एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी भी करती थी। रात को महिला एक रिक्शा से अर्ध-बेहोशी हालात में घर लौटी, जिसके बाद महिला की हालत देख घरवाले उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी। फिलहाल इस मामले में शाहिद और साहिल नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
टैग्स यूपी पुलिस न्यूज नेशन बलरामपुर विद्यानाथ झा बलरामपुर दुष्कर्म मामला