पत्रकारिता और सियासत का रिश्ता बहुत पुराना है। वर्ष 2021 में भी कई पत्रकारों ने खबरों की दुनिया से निकलकर राजनीति का हाथ थाम लिया।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो
पत्रकारिता और सियासत का रिश्ता बहुत पुराना है। वर्ष 2021 में भी कई पत्रकारों ने खबरों की दुनिया से निकलकर राजनीति का हाथ थाम लिया। हालांकि इनमें से कुछ ने पार्टी की सदस्यता हासिल की और कुछ पार्टी की मीडिया टीम का हिस्सा बनकर अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
रोहित सक्सेना :
इस फेहरिस्त की शुरुआत ‘पार्लियामेंट्री बिजनेस’ के ग्रुप सीईओ व मैनेजिंग एडिटर रहे रोहित सक्सेना से करते हैं, जो अब सक्रिय राजनीति की दुनिया में अपने कदम रख चुके हैं। दरअसल, इस साल जून में उन्होंने उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी (आप) की सदस्यता ग्रहण की थी। हालांकि अक्टूबर में उन्होंने आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया।
वैसे दो दशक से ज्यादा समय तक प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में अपनी सेवाएं दे चुके रोहित सक्सेना की खेलों में भी रुचि रही है। वे ताइक्वांडो के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी रह चुके हैं और कई बार अपने वेट के यूपी चैंपियन रहने के साथ कोरिया से 2nd DAN ब्लैक बेल्ट हैं। देश के कई खेल संगठनों (ताइक्वांडो, बॉक्सिंग और बॉड़ी बिल्डिंग) के चेयरमैन और अध्यक्ष होने के साथ 21 वर्षो में मीडिया के शुरुआती पद से ग्रुप सीईओ तक का मुकाम हासिल किया है। रोहित भारत सरकार की मीडिया एंड एंटरटेनमेंट स्किल काउंसिल के वारिष्ठ सलाहकार भी हैं।
खेलों और समाज के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए उन्हें कुछ महीने पहले एशिया पैसिफिक चैंबर ऑफ कॉमर्स व टोंगा की कॉमनवेल्थ यूनिवर्सिटी की ओर से ‘एशिया पैसिफिक एक्सिलेंस अवॉर्ड’ के लिए चुना जा चुका है। यह सम्मान उन्हें ‘मोस्ट प्रॉमिसिंग पर्सनॉलिटी ऑफ द ईयर’ कैटेगरी के तहत मिला।
आनंद दुबे :
जुलाई में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने 15 प्रदेश प्रवक्ता की घोषणा की, जिसमें मऊ जनपद के निवासी व जी न्यूज के पूर्व पत्रकार आनंद दुबे का नाम भी शामिल था। आनंद दुबे ‘जी न्यूज’ में पांच वर्षों तक रहे। उन्होंने जुलाई, 2014 में जी न्यूज जॉइन किया था। वे यहां सीनियर प्रड्यूसर थे। इसके पहले वे पी7 न्यूज चैनल में दो साल तक रहे। इसके अतिरिक्त आनंद दुबे ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। वे ‘इंडिया टीवी’, ‘सहारा समय’, ‘नवभारत टाइम्स’ और ‘अमर उजाला’ में काम कर चुके हैं।
इसके अतिरिक्त उन्होंने ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ और ‘हिन्दुस्तान’ फ्रीलांसर के तौर पर योगादन दिया है।
जवाहर सरकार :
पूर्व नौकरशाह और ‘प्रसार भारती’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) रहे जवाहर सरकार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने इस साल जुलाई में राज्यसभा के लिए नॉमिनेट किया, जिसके बाद उन्हें राज्यसभा के लिए उपचुनाव में निर्विरोध चुन लिया गया। जवाहर सरकार तृणमूल कांग्रेस सदस्य दिनेश त्रिवेदी द्वारा सदन की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद खाली हुयी सीट के लिए चुने गए थे। त्रिवेदी बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे।
लगभग 70 वर्ष के जवाहर सरकार कोलकाता के रहने वाले हैं। जवाहर सरकार ने राजनीति शास्त्र में ऑनर्स के साथ स्नातक, समाज शास्त्र में एक एम.ए और इतिहास में और एक एम.ए किया है। वह यूनाइटेड किंगडम के कैंब्रिज तथा ससेक्स विश्वविद्यालयों से प्रशिक्षित होने के अलावा न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर चुके हैं।
डॉ. पंकज श्रीवास्तव :
सितंबर में कांग्रेस पार्टी ने वरिष्ठ पत्रकार डॉ. पंकज श्रीवास्तव को मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग का वाइस चेयरमैन नियुक्त किया। बता दें कि डॉ. श्रीवास्तव को इलेक्ट्रॉनिक व प्रिंट मीडिया में काम करने का दो दशकों से ज्यादा का अनुभव रहा है।
उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत ‘अमर उजाला’ अखबार से की थी। इसके बाद वे इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में आ गए और लखनऊ में ‘स्टार न्यूज’ (अब एबीपी न्यूज) से अपनी पारी को आगे बढ़ाया। लखनऊ के बाद उन्होंने नई दिल्ली में ‘आईबीएन7’ (अब न्यूज18 इंडिया), ‘सहारा समय’, ‘सूर्या समाचार’ व ‘स्वराज न्यूज’ चैनल में अपना योगदान दिया।
अवनीश त्यागी :
सितंबर में वरिष्ठ पत्रकार अवनीश त्यागी ने भारतीय जनता पार्टी को जॉइन कर लिया और उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उन्हें बीजेपी का प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया। बता दें कि अवनीश त्यागी उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वह काफी समय तक राजधानी लखनऊ में हिंदी अखबार ‘दैनिक जागरण’ के राज्य ब्यूरो में कार्यरत रहे हैं और कुछ महीने पहले ही वहां से सेवानिवृत्त हुए हैं।
प्रदीप यादव :
लखनऊ के वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप यादव ने इस साल अक्टूबर में पत्रकारिता को अलविदा कह दिया और इसके बाद उन्होंने लखनऊ में अपने कुछ साथियों के साथ ‘आम आदमी पार्टी’ (आप) की सदस्यता ग्रहण कर ली। मूल रूप से इटावा के रहने वाले प्रदीप यादव को पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करने का करीब डेढ़ दशक का अनुभव है। इस दौरान वह तमाम बड़े मीडिया संस्थानों में अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वह पिछले करीब पांच साल से टाइम्स समूह में कार्यरत थे।
प्रदीप यादव ने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत कानपुर से दैनिक जागरण समूह के साथ की थी। उसके बाद वह लखनऊ में हिंदी दैनिक ‘हिन्दुस्तान’ से जुड़ गए और यहां करीब पांच वर्ष तक कार्य किया। इसके बाद वह दिल्ली चले गए, जहां ‘जी बिजनेस’ में चार वर्षों तक काम किया। पिछले करीब 5 सालों से वह टाइम्स समूह में कार्यरत थे। इस दौरान वह 'इकनॉमिक टाइम्स' के ऑनलाइन संस्करण में रहे और अंत में 'नवभारत टाइम्स' के डिजिटल संस्करण के लिए काम कर रहे थे।
पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो प्रदीप यादव ने राजनीति विज्ञान और पत्रकारिता विषय में एमए किया है। इसके अलावा उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता एवं सृजनात्मक लेखन में डिप्लोमा किया है।
समरजीत सिंह ने अपनी नई जिम्मेदारी की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर एक पोस्ट के जरिए साझा की।
by
Samachar4media Bureau
‘रिपब्लिक वर्ल्ड’ (Republic World) ने समरजीत सिंह को चीफ रेवेन्यू ऑफिसर (ब्रैंडेड कंटेंट) नियुक्त किया है। समरजीत सिंह ने अपनी नई जिम्मेदारी की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर एक पोस्ट के जरिए साझा की।
लिंक्डइन पर उन्होंने लिखा, ‘मुझे यह साझा करते हुए खुशी हो रही है कि मैंने रिपब्लिक वर्ल्ड में चीफ रेवेन्यू ऑफिसर- ब्रैंडेड कंटेंट के पद पर नई जिम्मेदारी संभाली है।’
रिपब्लिक वर्ल्ड से जुड़ने से पहले समरजीत सिंह एकाया नेटवर्क (Ekaaya Network) में को-फाउंडर और सीईओ के पद पर कार्यरत थे। इससे पहले वह ‘AI in Action’ के को-फाउंडर और ‘Mad Influence’ में चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
समरजीत सिंह मीडिया इंडस्ट्री के अनुभवी पेशेवर हैं और उन्हें इस क्षेत्र में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है। अपने करियर के दौरान उन्होंने मीडिया, डिजिटल और टेक्नोलॉजी कंपनियों के लिए नए कारोबार शुरू करने, इंडस्ट्री कम्युनिटी विकसित करने और मजबूत राजस्व मॉडल तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
एपीएक्स लग्जरी ने मेघना शर्मा को प्रेस्टिज इंडिया का संपादक नियुक्त किया है। लग्जरी मीडिया ब्रांड प्रेस्टिज अब भारत में अपना संस्करण लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है।
by
Samachar4media Bureau
एपीएक्स लग्जरी (APX Luxury), जिसे पहले बर्डालग्जरी (BurdaLuxury) के नाम से जाना जाता था, ने मेघना शर्मा (Meghna Sharma) को प्रेस्टिज इंडिया (Prestige India) का संपादक नियुक्त किया है। अंतरराष्ट्रीय लग्जरी लाइफस्टाइल मीडिया ब्रांड प्रेस्टिज (Prestige) अब भारत में अपना संस्करण शुरू करने जा रहा है।
मेघना शर्मा को लाइफस्टाइल और लग्जरी पब्लिशिंग (Luxury Publishing) के क्षेत्र में 16 वर्षों से अधिक का अनुभव है। अपने लंबे करियर में वह द टाइम्स ऑफ इंडिया (The Times of India), एल'ऑफिशियल इंडिया (L’Officiel India), कॉस्मोपॉलिटन इंडिया (Cosmopolitan India), हार्पर्स बाजार (Harper’s Bazaar), ब्राइड्स टुडे (Brides Today), द वर्ड मैगजीन (The Word. Magazine) और मैनिफेस्ट (Manifest) जैसे प्रतिष्ठित प्रकाशनों के साथ काम कर चुकी हैं।
भारत में प्रेस्टिज के विस्तार की तैयारी
एपीएक्स लग्जरी लिमिटेड (APX Luxury Limited) की इंडिया सेल्स एंड मार्केटिंग की कंट्री डायरेक्टर अनेशा सन्याल (Anesha Sanyal) ने मेघना शर्मा की नियुक्ति को लेकर कहा कि प्रेस्टिज ने एशिया में संस्कृति, लोगों, कारोबार और समकालीन जीवन के जरिए लग्जरी को देखने की अपनी अलग संपादकीय पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि भारत में इस दृष्टिकोण को सामने लाना मौजूदा समय में खास तौर पर प्रासंगिक है। उनके मुताबिक, भारत लग्जरी, डिजाइन, फैशन, हॉस्पिटैलिटी और संस्कृति से जुड़े वैश्विक विमर्श को तेजी से प्रभावित कर रहा है।
अनेशा सन्याल के अनुसार, भारतीय संपादकीय परिदृश्य की मेघना शर्मा की समझ प्रेस्टिज इंडिया को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उनके अनुभव से भारत में ब्रांड की संपादकीय दिशा को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
मेघना शर्मा ने जताई खुशी
अपनी नई जिम्मेदारी को लेकर मेघना शर्मा ने कहा कि वह लंबे समय से प्रेस्टिज की संपादकीय शैली की प्रशंसक रही हैं। उनके मुताबिक, ब्रांड लग्जरी को केवल एक कैटेगरी के रूप में नहीं देखता, बल्कि इसे संस्कृति और महत्वाकांक्षा को समझने के एक नजरिए के तौर पर पेश करता है।
उन्होंने कहा कि भारत में इसी संपादकीय सोच को विकसित करना उनके लिए खास अनुभव होगा। मेघना के मुताबिक, भारत डिजाइन, शिल्प और कारोबार से जुड़े वैश्विक संवाद को लगातार प्रभावित कर रहा है।
प्रेस्टिज इंडिया के जरिए अब इसी बदलते भारतीय परिदृश्य को लग्जरी, संस्कृति और समकालीन जीवन के नजरिए से सामने लाने की तैयारी है। मेघना शर्मा की नियुक्ति को इसी विस्तार की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
नवभारत टाइम्स, मुंबई के रेजिडेंट एडिटर कैप्टन सुंदर चंद ठाकुर के 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने के बाद अब यह कमान ललित वर्मा संभालने जा रहे हैं।
by
Samachar4media Bureau
नवभारत टाइम्स, मुंबई के रेजिडेंट एडिटर कैप्टन सुंदर चंद ठाकुर के 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने के बाद अब यह कमान ललित वर्मा संभालेंगे। उच्च पदस्थ सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर अभी घोषणा का इंतजार है। बता दें कि इससे पहले ललित वर्मा करीब तीन साल से नवभारत टाइम्स, मुंबई में डिप्टी रेजिडेंट एडिटर के तौर पर जिम्मेदारी निभा रहे थे।
यह भी पढ़ें: NBT मुंबई के रेजिडेंट एडिटर कैप्टन सुंदर चंद ठाकुर सेवानिवृत्त, अब नई पारी की तैयारी
ललित वर्मा पिछले करीब 19 वर्षों से टाइम्स ऑफ इंडिया समूह से जुड़े हुए हैं। उन्होंने सितंबर 2007 में नवभारत टाइम्स के साथ अपने सफर की शुरुआत की थी। इस दौरान उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। वह नवभारत टाइम्स के एनसीआर संस्करण में कॉपी एडिटर, सीनियर कॉपी एडिटर और चीफ कॉपी एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।
मई 2014 में उन्हें सांध्य टाइम्स का संपादक बनाया गया था। करीब 10 वर्षों तक उन्होंने सांध्य टाइम्स के संपादक के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद अगस्त 2023 में वह नवभारत टाइम्स, मुंबई में डिप्टी रेजिडेंट एडिटर के तौर पर जुड़े।
नवभारत टाइम्स से पहले ललित वर्मा दैनिक भास्कर समूह के साथ भी काम कर चुके हैं। उन्होंने यहां कॉपी एडिटर के रूप में विभिन्न डेस्क की जिम्मेदारियां संभालीं। इसके अलावा वह राष्ट्रीय सहारा में जिला संवाददाता के तौर पर भी काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने हरियाणा से जिला समाचारों की रिपोर्टिंग की।
पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन/मीडिया स्टडीज में मास्टर डिग्री और जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में पीजी डिप्लोमा किया है। इसके अलावा उन्होंने अंग्रेजी भाषा एवं साहित्य में भी मास्टर डिग्री हासिल की है। वह पत्रकारिता एवं जनसंचार में यूजीसी-नेट क्वालिफाइड हैं।
ललित वर्मा नवभारत टाइम्स के लिए लेखन भी करते रहे हैं। वह ‘कभी-कभी’ नाम से कॉलम लिखते रहे हैं। उनके लेख नवभारत टाइम्स के एडिट पेज पर प्रकाशित होते रहे हैं।
एनडीटीवी से अपनी विदाई के बारे में नगमा सहर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट भी शेयर की है।
by
Samachar4media Bureau
वरिष्ठ टीवी पत्रकार और जानी-मानी न्यूज एंकर नगमा सहर ने एनडीटीवी (NDTV) को अलविदा कह दिया है। वह यहां दो दशक से ज्यादा समय से कार्यरत थीं और वर्तमान में सीनियर कंसल्टेंट के तौर पर अपनी जिम्मेदारी संभाल रही थीं।
एनडीटीवी से अपनी विदाई के बारे में नगमा सहर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट भी शेयर की है। इस पोस्ट में नगमा ने कहा कि वह NDTV के साथ 23 साल तक रहीं और अब उनके लिए इस अध्याय को बंद कर आगे बढ़ने का समय आ गया है। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, “It’s finally goodbye to NDTV.” उन्होंने कहा कि उन्होंने 23 साल उस NDTV के साथ बिताए, जिसे वह जानती थीं, जबकि पिछले तीन साल “नए” NDTV के साथ रहे।
नगमा सहर ने लिखा कि एक वक्त ऐसा आता है, जब आपको एहसास होता है कि कोई अध्याय अब अपनी यात्रा पूरी कर चुका है। उनके मुताबिक, यह किसी बड़े निष्कर्ष का मामला नहीं है, बल्कि उस शांत एहसास का है कि अब आगे बढ़ने का समय आ गया है। उन्होंने अंत में लिखा, “Some chapters need to be closed. So for now, it is what it is.”
It’s finally goodbye to NDTV.
— Naghma Sahar (@NaghmaSahar) August 31, 2026
I spent 23 years with the NDTV I knew, and somehow the last three with the “new” NDTV.
But there comes a moment when you realise that a chapter has simply run its course. No grand conclusions. Just the quiet relief of knowing it is time to move on.…
बता दें कि नगमा सहर लंबे समय से टेलीविजन पत्रकारिता का जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने वर्ष 1999 में पत्रकारिता की शुरुआत की थी और बाद में NDTV से जुड़ीं। NDTV में अपने लंबे कार्यकाल के दौरान नगमा ने एंकरिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग भी की। उन्होंने देश के कई बड़े चुनावों की कवरेज के अलावा सुनामी, मुंबई ट्रेन धमाकों और कश्मीर चुनाव जैसे महत्वपूर्ण घटनाक्रमों की कवरेज भी की।
उनका चर्चित कार्यक्रम ‘सलाम ज़िंदगी’ भी सामाजिक मुद्दों को लेकर जाना जाता रहा है। बाद के वर्षों में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय और भू-राजनीतिक मुद्दों पर भी कार्यक्रम किए। फिलहाल नगमा सहर ने अपनी पोस्ट में अपनी अगली पारी को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की है।
समाचार4मीडिया की ओर से नगमा सहर को उनकी नई पारी के लिए अग्रिम शुभकामनाएं।
समाचार4मीडिया से बातचीत में सुंदर चंद ठाकुर ने बताया कि पत्रकारिता में अपने लंबे अनुभव के दौरान उन्होंने निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता को हमेशा प्राथमिकता दी।
by
Samachar4media Bureau
नवभारत टाइम्स, मुंबई के रेजिडेंट एडिटर कैप्टन सुंदर चंद ठाकुर 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो गए हैं। वह यहां करीब 16 साल से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे।
समाचार4मीडिया से बातचीत में सुंदर चंद ठाकुर ने बताया कि उनके नेतृत्व में नवभारत टाइम्स मुंबई के हिंदी अखबारों के बाज़ार में अपनी अग्रणी पहचान को मज़बूती से बनाए रखते हुए नंबर वन पॉजिशन पर काबिज रहा। पत्रकारिता में अपने लंबे अनुभव के दौरान उन्होंने निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता को हमेशा प्राथमिकता दी।
भारतीय सेना से ऐच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने टाइम्स ऑफ इंडिया समूह में 1997 में सिक्योरिटी ऑफिसर के रूप में काम शुरू किया था और 2003 में वे नवभारत टाइम्स में बतौर जूनियर सहायक संपादक नियुक्त हुए थे। उन्होंने खेल पेज के संपादक के रूप में काम करने से पहले स्पेशल इन्वेस्टिगेशन डेस्क के इंचार्ज के रूप में काम किया था और तत्कालीन विदेश मंत्री के.नटवर सिंह के साथ चार दिनों की पाकिस्तान यात्रा पर भी गए थे।
2010 में उनका दिल्ली नवभारत टाइम्स से मुंबई नवभारत टाइम्स में बतौर स्थानीय संपादक ट्रांसफर हुआ था और तभी से वे मुंबई में काम कर रहे थे। अब वे अपने जीवन की चौथी पारी की शुरुआत कर रहे हैं।
एक पत्रकार होने के साथ-साथ वे फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। वे पिछले लगभग 13 वर्षों से लगातार फुल मैराथन दौड़ रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर की अल्ट्रा मैराथन रेस भी पूरी कर चुके हैं। यही नहीं, डिजिटल माध्यम पर वे MindFit जैसे यूट्यूब चैनल के ज़रिए युवा पीढ़ी को मानसिक फिटनेस और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दे रहे हैं।
सुंदर चंद ठाकुर ने बताया कि सेवानिवृत्ति के बाद वे अपनी कंपनी मास्टर माइंडफिट ग्रोथ प्राइवेट लिमिटेड, Alto Mind के माध्यम से मानसिक फिटनेस, नेतृत्व विकास, मीडिया, डिजिटल कंटेंट, फिटनेस और आध्यात्मिक विकास के क्षेत्रों में कार्य करेंगे। अपने मूल राज्य उत्तराखंड में भी वे बड़े स्तर पर मैराथन और युवा कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रहे हैं।
भारत को 2012 में आईसीसी अंडर 19 वर्ल्डकप जिताने वाले कप्तान उन्मुक्त चंद के चाचा और गुरु कैप्टन ठाकुर का संकल्प है कि वे युवाओं को मानसिक रूप से सशक्त, शारीरिक रूप से स्वस्थ और आध्यात्मिक रूप से जागरूक बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर कैप्टन सुंदर चंद ठाकुर ने कहा, ‘ज़िंदगी की हर पारी ने मुझे कुछ नया सिखाया। पहली पारी भारतीय सेना में देश सेवा की थी, दूसरी पारी टाइम्स ऑफ इंडिया समूह में सिक्योरिटी ऑफिसर की और तीसरी पारी नवभारत टाइम्स में पत्रकारिता और नेतृत्व की रही। अब मेरी चौथी पारी समाज को मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाने के लिए समर्पित होगी। यह नई पारी केवल पेशेवर बदलाव नहीं, बल्कि समाज, विशेषकर युवाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के उनके दीर्घकालिक संकल्प की शुरुआत है।’
समाचार4मीडिया की ओर से सुंदर चंद ठाकुर को उनकी नई पारी के लिए ढेरों शुभकामनाएं।
वह इस संस्थान के साथ साढ़े तीन साल से ज्यादा समय से जुड़ी हुई हैं और इस प्रमोशन से पहले डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभा रही थीं।
by
Samachar4media Bureau
दैनिक जागरण के डिजिटल विंग जागरण.कॉम (Jagran.com) की एडिटोरियल टीम से जुड़ी दीप्ति मिश्रा को प्रमोशन मिला है। उन्हें अब एसोसिएट एडिटर की जिम्मेदारी दी गई है। वह इस संस्थान के साथ साढ़े तीन साल से ज्यादा समय से जुड़ी हुई हैं और इस प्रमोशन से पहले डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभा रही थीं।
दीप्ति के प्रोफेशनल सफर की बात करें तो उनके पास पत्रकारिता और मास कम्युनिकेशन में 11 साल से ज्यादा का अनुभव है। उनके अनुभव में न्यूज एडिटिंग, रिपोर्टिंग, कंटेंट प्लानिंग और डिजिटल पब्लिशिंग जैसे काम शामिल हैं। उन्होंने हिंदी मीडिया के कई प्रमुख संस्थानों में काम किया है।
उनका करियर अधुनिक टाइम्स से शुरू हुआ, जहां उन्होंने न्यूज कोऑर्डिनेटर के तौर पर काम किया। इसके बाद वह दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान, अमर उजाला वेब सर्विसेज और दैनिक भास्कर जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी जिम्मेदारियां संभालीं।
एडिटोरियल प्लानिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, डिजिटल जर्नलिज्म, न्यूज एडिटिंग, डेस्क ऑपरेशंस, रिपोर्टिंग और फीचर राइटिंग उनकी प्रमुख विशेषज्ञताओं में शामिल हैं। हिंदी कंटेंट राइटिंग-एडिटिंग और एडिटोरियल क्वालिटी कंट्रोल में भी उनका अनुभव है।
दीप्ति ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) से हिंदी में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके अलावा उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता एवं जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री और डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा से बीएससी (बायोलॉजी) की पढ़ाई की है।
पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके काम को कई पुरस्कार और सम्मानों से भी नवाजा गया है। इनमें सर्वश्रेष्ठ डिजिटल मीडिया पत्रकार पुरस्कार-2025, कलम के सिपाही पुरस्कार-2025, इंडियन मीडिया वॉरियर पुरस्कार-2025, समन्विता-2025 सम्मान, देवर्षि नारद पत्रकारिता पुरस्कार-2024 और कुलदीप नैयर समर्पण समाज गौरव पुरस्कार-2024 शामिल हैं। इसके अलावा इस साल समाचार4मीडिया 40अंडर40 के विजेताओं की लिस्ट में भी उनका नाम शामिल था। यही नहीं, वर्ष 2023 में वह जागरण न्यू मीडिया, गूगल और आईआईटी कानपुर के हैकाथॉन में प्रथम पुरस्कार भी जीत चुकी हैं। समाचार4मीडिया की ओर से दीप्ति मिश्रा को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
इससे पहले अजय सिंह इस संस्थान में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत थे। अजय सिंह ने करीब चार वर्ष पहले डिप्टी एडिटर के तौर पर जागरण.कॉम के साथ अपने सफर की शुरुआत की थी।
by
Samachar4media Bureau
पत्रकार अजय सिंह को दैनिक जागरण के डिजिटल विंग जागरण. कॉम का एडिटर (न्यूज) बनाया गया है। नई जिम्मेदारी के तहत उन्हें न्यूज, हाइपरलोकल के साथ-साथ जागरण समूह की अन्य वेबसाइटों के बीच समन्वय की जिम्मेदारी भी दी गई है। इससे पहले अजय सिंह इस संस्थान में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत थे।
अजय सिंह ने करीब चार वर्ष पहले डिप्टी एडिटर के तौर पर जागरण.कॉम के साथ अपने सफर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने एसोसिएट एडिटर के रूप में जिम्मेदारी संभाली और अब उन्हें एडिटर की नई भूमिका सौंपी गई है।
मूल रूप से बिहार के आरा के रहने वाले अजय सिंह ने पटना विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और मास कम्युनिकेशन में स्नातकोत्तर किया है। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें करीब 19 वर्षों का अनुभव है। उनके करियर के शुरुआती दो वर्ष प्रिंट मीडिया में बीते, जबकि करीब आठ वर्षों तक उन्होंने टेलीविजन मीडिया में काम किया। पिछले नौ वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं।
‘दैनिक जागरण’ से पहले अजय सिंह ‘अमर उजाला’ के साथ जुड़े रहे, जहां उन्होंने नेशनल-इंटरनेशनल डेस्क इंचार्ज के साथ-साथ होम पेज की जिम्मेदारी भी संभाली। इससे पहले वह ‘प्रभात खबर’, ‘फोकस टीवी’, ‘साधना न्यूज’, ‘जी न्यूज’ और ‘इंडिया न्यूज’ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
अजय सिंह ने वर्ष 2016 में टेलीविजन इंडस्ट्री से अलग होकर डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया। अमर उजाला में उन्होंने करीब पांच वर्षों तक काम किया। इसके बाद वह दैनिक जागरण के डिजिटल समूह से जुड़े। डिजिटल पत्रकारिता के दौरान उन्होंने देश-विदेश और राजनीति से जुड़ी खबरों पर विशेष रूप से काम किया है।
समाचार4मीडिया से बातचीत में अजय सिंह का कहना था कि खबरों के प्रति उनका जुड़ाव बचपन से ही रहा है। वह कहते हैं, ‘बचपन में चुपके-चुपके अखबार पलटने और रेडियो पर समाचार सुनने का जो शौक था, आज वही सपना हकीकत बन गया है। 7-8 साल की उम्र में ही दो-तीन अखबारों को कुरेद डालता था। रात में पढ़ाई के बहाने पिताजी से छिपकर रेडियो पर समाचार सुनना, आज भी रूह तक को रोमांचित कर देता है।’
समाचार4मीडिया की ओर से अजय सिंह को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
‘जी’ ग्रुप के फाउंडर और चेयरमैन एमेरिटस डॉ. सुभाष चंद्रा ने अपनी व्यक्तिगत दिवाला कार्यवाही से जुड़े मामले में कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर कोई कर्ज नहीं लिया था।
by
Samachar4media Bureau
‘जी’ ग्रुप के फाउंडर और चेयरमैन एमेरिटस डॉ. सुभाष चंद्रा ने अपनी व्यक्तिगत दिवाला कार्यवाही से जुड़े मामले में विस्तृत सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर कोई कर्ज नहीं लिया था। उनके मुताबिक, उनके खिलाफ किए गए दावे उन विभिन्न संस्थाओं की ओर से जुटाई गई रकम से जुड़े हैं, जिनके लिए उन्होंने व्यक्तिगत गारंटी दी थी।
डॉ. सुभाष चंद्रा के कार्यालय की ओर से 30 अगस्त को जारी बयान सोशल मीडिया पर #PaisaWapasKaro हैशटैग के साथ किए जा रहे पोस्ट के जवाब में आया। बयान में कहा गया कि इस मामले को लेकर लोगों के बीच ‘गलत धारणा और समझ’ बनी हुई है।
₹22,000 करोड़ की गारंटी, व्यक्तिगत उधारी शून्य: बयान के अनुसार, डॉ. सुभाष चंद्रा ने कुल करीब ₹22,000 करोड़ की व्यक्तिगत गारंटी पर हस्ताक्षर किए थे। इनमें से करीब ₹4,800 करोड़ की गारंटी उस समय दी गई थी, जब संबंधित संस्थाओं ने रकम उधार ली थी। बाकी गारंटियां डिफॉल्ट होने के बाद दी गई थीं। बयान में साफ तौर पर कहा गया है, ‘मेरे द्वारा उधार लिया गया धन शून्य है।’ इसमें जोर दिया गया कि मूल कर्ज अलग-अलग कंपनियों ने लिया था और डॉ. चंद्रा ने अपनी व्यक्तिगत क्षमता में यह रकम उधार नहीं ली थी।
कर्जदाताओं ने दाखिल किए ₹5,311 करोड़ के दावे: बयान में इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड की ओर से शुरू की गई डॉ. चंद्रा की व्यक्तिगत दिवाला कार्यवाही में दाखिल किए गए दावों का कर्जवार ब्योरा भी दिया गया है। डॉ. चंद्रा के कार्यालय की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, बयान में शामिल कर्जदाताओं ने मिलकर उधार लेने वाली संस्थाओं को ₹4,808 करोड़ वितरित किए थे।
इनमें से उधार लेने वाली संस्थाओं ने ₹3,803 करोड़ वापस कर दिए। बयान के अनुसार, इसके बाद ₹998 करोड़ का बैलेंस बचा था। हालांकि, डॉ. चंद्रा के व्यक्तिगत गारंटर होने के आधार पर उनके खिलाफ कुल ₹5,311 करोड़ के दावे दाखिल किए गए। इनमें से ₹1,049 करोड़ के दावों का भुगतान या निपटारा होने के बाद शेष दावों की राशि ₹4,262 करोड़ रह गई।
इन कर्जदाताओं के नाम भी बताए: बयान में कहा गया कि इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस और एक्सिस बैंक समूह के दावों का निपटारा हो चुका है या उनका भुगतान किया जा चुका है। इसके अलावा बयान में एचडीएफसी समूह, केनरा बैंक, एडेलवाइस, फ्रैंकलिन टेम्पलटन, इंडसइंड बैंक, एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस, आरबीएल बैंक और यूनियन बैंक का भी नाम लिया गया है। डॉ. चंद्रा का कहना है कि देय बताई गई रकम और कर्जदाताओं की ओर से दाखिल किए गए दावों के बीच अंतर का संबंधित कर्जदाताओं और उधार लेने वाली संस्थाओं के बीच मिलान किया जाना जरूरी है।
उधार लेने वाली संस्थाओं ने दिया ₹4,262 करोड़ चुकाने का भरोसा: बयान के मुताबिक, डॉ. चंद्रा ने संबंधित उधार लेने वाली संस्थाओं के साथ इस मामले पर चर्चा की है। उन्होंने कहा कि उन्हें भरोसा दिलाया गया है कि कर्जदाताओं के साथ खातों के मिलान के बाद बची हुई ₹4,262 करोड़ की राशि का निपटारा किया जाएगा। बयान में इस मामले में नियुक्त रिजॉल्यूशन प्रोफेशनल की ओर से तैयार की गई पुनर्भुगतान योजना का भी जिक्र किया गया है। इसमें डॉ. चंद्रा की उपलब्ध संपत्तियों और धनराशि को ध्यान में रखा गया है।
2016 में घोषित संपत्तियों का मूल्य घटकर ₹31.79 करोड़: बयान के अनुसार, डॉ. चंद्रा ने 2016 में संसद में जिन संपत्तियों की कीमत ₹39.08 करोड़ घोषित की थी, उनका मूल्य घटकर ₹31.79 करोड़ रह गया है। इसमें ₹25 करोड़ मूल्य की गिरवी रखी गई आवासीय संपत्ति शामिल है। इसके बाद तरल संपत्तियों का मूल्य ₹6.79 करोड़ बताया गया है।
बयान में यह भी कहा गया कि उधार लेने वाली संस्थाओं ने विदेशी फंड, घरेलू फंड, गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों और कॉरपोरेट्स से भी रकम जुटाई थी। डॉ. चंद्रा के कार्यालय के मुताबिक, इनमें से ज्यादातर उधारी या तो चुकाई जा चुकी है या फिर उसे चुकाने की प्रक्रिया चल रही है।
कर्जदाताओ से उधार लेने वाली संस्थाओं के साथ सीधे हिसाब मिलाने की अपील: डॉ. सुभाष चंद्रा ने कर्जदाताओं से अपील की है कि वे सीधे संबंधित उधार लेने वाली संस्थाओं के साथ बातचीत करें, बकाया खातों का मिलान करें और उनसे संबंधित रकम की वसूली करें। उनका कहना है कि इसी प्रक्रिया के बाद बकाया राशि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
‘जी’ ग्रुप के फाउंडर और चेयरमैन एमेरिटस डॉ. सुभाष चंद्रा इन दिनों अपने बारे में उठ रहे सवालों और चर्चाओं के बीच लोगों से सीधे संवाद करने जा रहे हैं।
by
Samachar4media Bureau
‘जी’ ग्रुप के फाउंडर और चेयरमैन एमेरिटस डॉ. सुभाष चंद्रा इन दिनों अपने बारे में उठ रहे सवालों और चर्चाओं के बीच लोगों से सीधे संवाद करने जा रहे हैं। उन्होंने ऐलान किया है कि इस सोमवार से वह हर सुबह 9 बजे Instagram पर LIVE आएंगे और लोगों के सवालों का सीधे जवाब देंगे।
सुभाष चंद्रा ने फेसबुक पर साझा किए अपने संदेश में कहा कि अक्सर दो लोगों के बीच दूरी तब आने लगती है, जब उनके बीच की बात कोई तीसरा करने लगता है। उन्होंने कहा, ‘तो क्यों न इस दूरी को खत्म किया जाए?’
उन्होंने आगे कहा, ‘आपके सवाल हैं, तो जवाब भी मुझसे ही होने चाहिए।” सुभाष चंद्रा ने यह भी कहा कि वह सही हैं या गलत, इसका फैसला भी सीधी बातचीत के बाद ही होना चाहिए।’
इसी सोच के साथ उन्होंने सीधे संवाद की शुरुआत करने का फैसला किया है। उन्होंने लोगों से कहा, ‘आप सवाल पूछिए। मैं जवाब दूँगा।” सुभाष चंद्रा ने अपने संदेश में बातचीत की प्रकृति भी साफ करते हुए कहा, “कोई बीच में नहीं। बस आप और मैं।’
वरिष्ठ पत्रकार और न्यूज एंकर गरिमा सिंह ने फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए अपनी नई शुरुआत की जानकारी दी।
by
Samachar4media Bureau
हिंदी न्यूज चैनल ‘न्यूज24’ (News24) से विदाई के बाद वरिष्ठ पत्रकार और न्यूज एंकर गरिमा सिंह ने अपने नए सफर की शुरुआत कर दी है। उन्होंने अपना यूट्यूब चैनल 'भारत की गरिमा' शुरू किया है और इसकी पहली वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए साझा की है।
गरिमा सिंह ने फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए अपनी नई शुरुआत की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘प्रणाम मैं गरिमा सिंह। जो लिंक नीचे आपको दिख रहा है, ये नए पते पर मेरी शुरुआत का पहला क़दम है, मेरी पहली video।” इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपनी पहली वीडियो देखने और इसे आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने लिखा, “आपका साथ भी चाहिए और प्यार भी।’
गौरतलब है कि गरिमा सिंह ने जुलाई 2026 में ‘न्यूज24’ से इस्तीफा दे दिया था। वह करीब तीन साल तक इस चैनल से जुड़ी रहीं और यहां सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर के तौर पर जिम्मेदारी संभालने के साथ ‘सबसे बड़ा सवाल’ शो को होस्ट करती थीं।
इससे पहले गरिमा सिंह ‘भारत एक्सप्रेस’ में एग्जिक्यूटिव एडिटर और ‘सत्य’ शो की एंकर रह चुकी हैं। वह ‘सहारा मीडिया’ में चैनल हेड की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। उनके करियर में ‘दैनिक जागरण’, ‘टोटल टीवी’, ‘लाइव इंडिया’, ‘पी7 न्यूज’, ‘नेटवर्क18’, ‘समाचार प्लस’ और ‘जी न्यूज’ जैसे संस्थानों के साथ काम करने का अनुभव शामिल है।
गरिमा सिंह ने वर्ष 2003 में ‘दैनिक जागरण’ से रिपोर्टर के तौर पर पत्रकारिता की शुरुआत की थी। दो दशक से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने रिपोर्टिंग, एंकरिंग और संपादकीय जिम्मेदारियों के साथ अपनी अलग पहचान बनाई है। वह ‘द कैपिटल पोस्ट’ में एडिटर-इन-चीफ की भूमिका भी निभा चुकी हैं।
अब उनकी नई डिजिटल पारी किस दिशा में आगे बढ़ती है और उनके यूट्यूब चैनल पर किस तरह का कंटेंट देखने को मिलता है, इस पर उनके दर्शकों की नजर रहेगी।