होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / स्टार स्पोर्ट्स को मिले भारतीय उपमहाद्वीप में ‘NBA’ के प्रसारण अधिकार
स्टार स्पोर्ट्स को मिले भारतीय उपमहाद्वीप में ‘NBA’ के प्रसारण अधिकार
प्रशंसक अब स्टार स्पोर्ट्स सेलेक्ट और स्टार स्पोर्ट्स 1 पर 2021 NBA Playoffs और The Finals के चुनिंदा गेम्स देख सकते हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
‘स्टार स्पोर्ट्स’ (Star Sports) ने भारतीय उपमहाद्वीप में ‘नेशनल बास्केटबॉल एसोसिएशन’ (एनबीए) के प्रसारण अधिकार हासिल कर लिए हैं। इससे पहले यह ब्रॉडकास्ट अधिकार ‘सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया‘ (SPNI) के पास थे, लेकिन इस डील को रिन्यू नहीं कराया गया। इसके बाद अब ‘स्टार स्पोर्ट्स‘ ने ये अधिकार हासिल कर लिए हैं।
बता दें कि ‘सोनी‘ करीब आठ साल से ‘एनबीए‘ का ऑफिशियल ब्रॉडकास्ट पार्टनर था, दोनों ने नवंबर 2012 में कई साल के लिए ब्रॉडकास्ट डील की थी। इससे पहले ये अधिकार ‘टेन स्पोर्ट्स‘ (जो उस समय ZEEL का हिस्सा था) और ‘सोनी पिक्स‘ (Sony stable का अंग्रेजी मूवी चैनल) के बीच विभाजित हो गए थे। इस नई डील के तहत, भारत में इस गेम के प्रशंसक अब 2021 एनबीए प्लेऑफ (NBA Playoffs) के चुनिंदा और फाइनल गेम ‘स्टार स्पोर्ट्स सेलेक्ट‘ और ‘स्टार स्पोर्ट्स 1‘ पर देख सकते हैं।
‘एनबीए इंडिया’ के बिजनेस हेड (ग्लोबल कंटेंट और मीडिया डिस्ट्रीब्यूशन) सनी मलिक ने एक लिंक्डइन पोस्ट में कहा है, ‘हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत का प्रमुख स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टर ‘स्टार स्पोर्ट्स‘ 2021 NBA Playoffs और The Finals के लिए भारत, बांग्लादेश, भूटान, मालद्वीव, श्रीलंका और नेपाल में एनबीए का ऑफिशियल ब्रॉडकास्ट पार्टनर होगा।‘
इसके साथ ही मलिक का यह भी कहना है, ‘हम प्रशंसकों को बेस्ट एनबीए कंटेंट उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं और इस पार्टनरशिप के जरिये प्रशंसक एनबीए प्लेऑफ और द फाइनल्स के द्वारा लाइव गेम्स देख सकेंगे। इसके अलावा स्टार स्पोर्ट्स सीजन के अंत तक क्लासिक एनबीए कंटेंट और डेली हाईलाइट्स का प्रसारण भी करेगा।‘
एनबीए के प्रशंसकों के पास टेलिविजन और एनबीए लीग पास समेत तमाम प्लेटफार्म्स पर खेल देखने की चॉइस होगी। बता दें कि जनवरी में एनबीए ने सार्वजनिक सेवा प्रसारक ‘प्रसार भारती’ (Prasar Bharati) के साथ कंटेंट पार्टनरशिप की घोषणा की थी। इस पार्टनरशिप के तहत प्रसार भारती के स्पोर्ट्स चैनल ‘दूरदर्शन स्पोर्ट्स’ (DD Sports) और इसके यूट्यूब चैनल ‘प्रसार भारती स्पोर्ट्स’ पर एनबीए के क्लासिक कंटेंट, डॉक्यूमेंट्रीज, गेम हाईलाइट्स और घोषणाओं का प्रसारण किया जाएगा।
टैग्स एनबीए स्टार स्पोर्ट्स जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड नेशनल बास्केटबॉल एसोसिएशन जील एसपीएनआई