होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / मोदी सरकार के इस फैसले से अभिसार शर्मा हुए खुश
मोदी सरकार के इस फैसले से अभिसार शर्मा हुए खुश
सरकार के फैसले पर खुशी जताते हुए पीएम और वित्त मंत्री को धन्यवाद भी कहा
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
वरिष्ठ पत्रकार अभिसार शर्मा को मोदी सरकार की नीतियों की खुलकर मुखालफत करने वाला माना जाता है, लेकिन आज उन्होंने सरकार के एक फैसले पर न केवल ख़ुशी जाहिर की है, बल्कि प्रधानमंत्री और वित्तमंत्री को धन्यवाद भी कहा है। अभिसार ने अपने ट्वीट में लिखा है ‘13साल लंबी लड़ाई आज मैंने और मेरी पत्नी ने जीत ली। जिस शख्स एस.के श्रीवास्तव ने मेरे खिलाफ झूठा अभियान चलाया उसे आज मोदी सरकार ने बर्खास्त कर दिया। सच पर आंच नहीं। शुक्रिया @PMOIndia @FinMinIndia।’ कुमार विश्वास सहित कई पत्रकारों ने इस जीत के लिए अभिसार को बधाई दी है।
दरअसल, केंद्र सरकार ने इनकम टैक्स विभाग के 12 बड़े अफसरों को वॉलंटरी रिटायरमेंट दिलवाया है। ख़बर है कि वित्त मंत्रालय ने नियम 56 के अनुसार इन अफसरों को रिटायरमेंट लेने के लिए कहा था। इनमें से कुछ अफसरों पर भ्रष्टाचार, आय से अधिक संपत्ति और यौन शोषण के आरोप भी हैं। इन 12 अफसरों में अशोक अग्रवाल (जॉइंट कमिश्नर, इनकम टैक्स), एसके श्रीवास्तव (कमिश्नर), होमी राजवंश (आईआरएस) का नाम शामिल है।
अशोक अग्रवाल पर भ्रष्टाचार को लेकर जांच चल रही थी और उन्हें 1999 से लेकर 2014 के बीच निलंबित भी किया गया था। वहीं, एसके श्रीवास्तव पर दो महिला अफसरों के यौन शोषण का आरोप था। श्रीवास्तव वही शख्स हैं, जिन्होंने अभिसार शर्मा और उनकी पत्नी को बेहिसाब संपत्ति और एनडीटीवी को टैक्स से जुड़े मामलों में फायदा पहुँचाने को लेकर कठघरे में खड़ा किया था। हालांकि, अभिसार शुरू से ही इन आरोपों से इनकार करते आ रहे थे।
यह मामला तब का है जब अभिसार एनडीटीवी में कार्यरत थे। उनकी पत्नी सुमाना सेन आईआरएस अधिकारी हैं। सेन पर आरोप था कि उन्होंने पद का दुरुपयोग करते हुए एनडीटीवी को टैक्स से जुड़े मामलों में फायदा पहुँचाया और इसके एवज में उन्हें भी फायदा हुआ। इसके अलावा, अभिसार और सुमाना दोनों के पास बिना हिसाब किताब की करोड़ों की संपत्ति की बात भी कही गई।
मामले ने जब तूल पकड़ा तो दोनों के खिलाफ सीबीआई जांच का घेरा भी मजबूत किया गया। अभिसार ने सोशल मीडिया पर अपने और अपनी पत्नी के बचाव में कई साक्ष्य पेश किये, जिनमें आरटीआई से प्राप्त की गई जानकारी भी शामिल थी। उसके बाद से अभिसार और एसके श्रीवास्तव के बीच एक अघोषित जंग छिड़ी हुई थी, जिस पर अब विराम लगता नजर आ रहा है।
अभिसार के ट्वीट के बाद कई लोगों ने उन्हें एसके श्रीवास्तव की रवानगी के लिए बधाई दी है। कवि और राजनेता कुमार विश्वास ने लिखा है ‘बधाई अभिसार! मैंने तुम्हारे और भाभी के अंदर उस असत्य आरोप से उपजी बेचैनी देखी है! आशा है देर से ही सही पर आज हुई सच्चाई की यह विजय पूरे परिवार को आंतरिक शान्ति देगी! बीती ताहि बिसार दे, आगे की सुधि लेहि! जय हो।’
इसी तरह पत्रकार स्वाति चतुर्वेदी और रोहिणी सिंह ने भी सरकार के इस फैसले पर खुशी जताई है। साथ ही स्वाति ने भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी पर कटाक्ष भी किया है, जो श्रीवास्तव के बचाव में उतर आये हैं। स्वामी ने ट्वीट किया है कि वे एसके श्रीवास्तव का केस अपने हाथ में ले रहे हैं। उन्होंने लिखा है, ‘श्रीवास्तव के ख़िलाफ कोई ठोस मामला नहीं है और वित्त मंत्री ने चिदंबरम के कार्यकाल के झूठे केस पर यकीन कर लिया, शायद एनडीटीवी की मदद करने के लिए पर पहले मैं पीएम को चिट्ठी लिखूंगा।’
आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कीजिए
टैग्स अभिसार शर्मा मोदी सरकार का फैसला वॉलंटरी रिटायरमेंट