होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / वरिष्ठ पत्रकार आदित्य राज कौल ने छोड़ा TV9 नेटवर्क, जल्द शुरू कर सकते हैं नई पारी
वरिष्ठ पत्रकार आदित्य राज कौल ने छोड़ा TV9 नेटवर्क, जल्द शुरू कर सकते हैं नई पारी
वरिष्ठ पत्रकार आदित्य राज कौल ने TV9 नेटवर्क से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यहां तीन साल छह महीने तक सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर (कॉरपोरेट, नेशनल सिक्योरिटी और स्ट्रैटजिक अफेयर्स) की अहम भूमिका निभाई।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 6 months ago
वरिष्ठ पत्रकार आदित्य राज कौल ने TV9 नेटवर्क से इस्तीफा दे दिया है। कौल ने नेटवर्क में तीन साल छह महीने तक बतौर सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर (कॉरपोरेट, नेशनल सिक्योरिटी और स्ट्रैटजिक अफेयर्स) की अहम भूमिका निभाई। इस दौरान उन्होंने TV9 और उसके OTT प्लेटफॉर्म News9Plus के लिए 70 से अधिक डॉक्यूमेंट्रीज का निर्माण और निर्देशन किया, जिनके लिए उन्हें 20 से ज्यादा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिले।
उन्हें मुंबई प्रेस क्लब द्वारा रेड इंक स्पेशल मेंशन अवॉर्ड और संडे गार्जियन फाउंडेशन व जेठमलानी परिवार की ओर से राम जेठमलानी जर्नलिज्म प्राइज भी मिल चुका है, जिसमें एक गोल्ड मेडल और ₹14 लाख की इनामी राशि शामिल है। 2024 में उन्हें एक्सचेंज4मीडिया की ओर से ‘जर्नलिज्म ऑफ करेज’ के लिए 40 अंडर 40 अवॉर्ड से भी नवाजा जा चुका है।
TV9 नेटवर्क में रहते हुए उन्होंने प्रतिष्ठित NEWS9 ग्लोबल समिट्स की परिकल्पना और लॉन्चिंग में भी निर्णायक भूमिका निभाई। उन्होंने भारत, जर्मनी और UAE में आयोजित इन समिट्स की क्यूरेशन और होस्टिंग की, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, डेविड कैमरन, टोनी एबॉट जैसे वैश्विक नेताओं और डॉ. एस. जयशंकर, अश्विनी वैष्णव, हरदीप सिंह पुरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, अब्दुल्ला शाहिद और मरिया दीदी जैसे मंत्रियों ने भाग लिया।
हालांकि कौल ने अब तक आधिकारिक तौर पर अपने अगले कदम की घोषणा नहीं की है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक वे जल्द ही एक प्रतिष्ठित टेलीविजन न्यूज नेटवर्क में वरिष्ठ संपादकीय नेतृत्व की भूमिका निभा सकते हैं। संभव है कि वे सितंबर में अपनी नई भूमिका संभालें।
'समाचार4मीडिया' से बात करते हुए कौल ने अपने इस्तीफे की पुष्टि की और TV9 नेटवर्क के एमडी और सीईओ बरुण दास और माय होम ग्रुप के वाइस चेयरमैन रामू राव जुपल्ली का उनके कार्यकाल के दौरान मिले समर्थन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
आदित्य राज कौल को राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति और संघर्ष कवरेज पर भारत के अग्रणी संपादकीय आवाजों में शुमार किया जाता है। जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान मामलों पर भी उन्हें विशेषज्ञ माना जाता है। वे पहलगाम आतंकी हमले की रिपोर्टिंग करने वाले पहले पत्रकारों में शामिल रहे, जिन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के लॉन्च की जानकारी सार्वजनिक की। भारत-पाकिस्तान तनाव के दौरान उनके विश्लेषण और खबरों को सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से सराहा गया।
कौल फिल्म 'उरी' के निर्देशक आदित्य धर की अगली फिल्म धुरंधर के लिए भी मुख्य कंसल्टेंट हैं, जिसमें रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर. माधवन, अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकार नजर आएंगे।
मीडिया जगत में 16 वर्षों के अनुभव के साथ कौल ने भारत और विदेश की प्रमुख मीडिया संस्थाओं जैसे Network18, Times Now, The Times of India, Republic TV और कनाडियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (CBC) में काम किया है।
टैग्स