होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / SEBI ने पूर्व एंकर हेमंत घई पर लगाया 5 साल का बैन, जानें पूरा मामला
SEBI ने पूर्व एंकर हेमंत घई पर लगाया 5 साल का बैन, जानें पूरा मामला
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने CNBC आवाज के पूर्व एंकर हेमंत घई को बाजार नियामक नियमों के उल्लंघन के आरोप में 5 साल के लिए सिक्योरिटी मार्केट से प्रतिबंधित कर दिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 10 months ago
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने CNBC आवाज के पूर्व एंकर हेमंत घई को बाजार नियामक नियमों के उल्लंघन के आरोप में 5 साल के लिए सिक्योरिटी मार्केट से प्रतिबंधित कर दिया है। साथ ही, SEBI ने हेमंत घई और उनकी पत्नी जया घई को 6.16 करोड़ रुपये की अवैध कमाई को 31 मार्च 2020 से 12% सालाना ब्याज के साथ लौटाने का निर्देश दिया है।
कैसे सामने आया मामला?
जनवरी 2021 में SEBI को हेमंत घई की संदिग्ध गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद उनके ट्रेडिंग अकाउंट फ्रीज कर दिए गए। जांच के दौरान यह पुष्टि हुई कि हेमंत और उनकी पत्नी ने कम से कम ₹6.15 करोड़ का अवैध लाभ कमाया था।
मोतीलाल ओसवाल पर भी लगा जुर्माना
SEBI ने हेमंत घई और उनकी पत्नी पर 50-50 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। इसके अलावा, मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (MOFSL) की अधिकृत इकाई MAS कंसल्टेंसी सर्विसेज पर 30 लाख रुपये और MOFSL पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जांच में यह पाया गया कि MOFSL ने इस हेरफेर में हेमंत का सहयोग किया था।
कैसे की गई शेयरों में हेराफेरी?
-
हेमंत घई की सोशल मीडिया पर अच्छी पकड़ थी और उन्होंने अपने प्रभाव का दुरुपयोग कर स्टॉक्स की कीमतों में हेरफेर किया।
-
उन्होंने अपने शो में कुछ स्टॉक्स की सिफारिश की, जिससे उनकी कीमत और ट्रेडिंग वॉल्यूम प्रभावित हुआ।
-
उनकी पत्नी जया घई और मां श्याम मोहिनी घई ने उनके कहे अनुसार पहले से ही इन शेयरों की खरीदारी कर ली थी, जिससे उन्हें बड़ा फायदा हुआ।
-
इस तरह, हेमंत अपनी खुद की सिफारिशों का इस्तेमाल कर शेयर बाजार में धांधली कर रहे थे।
सेबी को कैसे मिले सबूत?
-
SEBI के होल-टाइम मेंबर अश्विनी भाटिया ने बताया कि हेमंत अपनी पत्नी और मां के अकाउंट्स को खुद कंट्रोल कर रहे थे।
-
उनकी पत्नी के बैंक खाते को भी हेमंत अपने डिवाइस से एक्सेस कर रहे थे।
-
कॉल रिकॉर्ड से यह भी पता चला कि MAS कंसल्टेंसी सर्विसेज के डीलर के साथ उनकी लगातार बातचीत हो रही थी।
-
इस बातचीत में उन्होंने फर्जी ट्रेड ऑर्डर इंस्ट्रक्शन और ट्रेड डिटेल्स छुपाने के लिए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया।
धोखाधड़ी में मोतीलाल ओसवाल की MAS कंसल्टेंसी की भूमिका
-
MAS कंसल्टेंसी सर्विसेज ने हेमंत को उनकी पत्नी और मां के अकाउंट्स से अनधिकृत ट्रेडिंग करने की अनुमति दी।
-
इसने हेमंत के अवैध ट्रेडिंग रिकॉर्ड्स को छुपाने में मदद की।
-
हेमंत ने बाजार की अंदरूनी जानकारी का दुरुपयोग कर अपने परिवार के अकाउंट्स से ट्रेडिंग की और इसे छुपाने में MAS ने उनकी मदद की।
-
यह पूरा मामला धोखाधड़ी और अनुचित व्यापार प्रथाओं (PFUTP) के नियमों के उल्लंघन का है।
हेमंत की सिफारिशों से 85% तक मुनाफा
SEBI की जांच में सामने आया कि जनवरी 2019 से मई 2020 के बीच हेमंत की मां और पत्नी के 81% ट्रेड उन्हीं स्टॉक्स से जुड़े थे, जिनकी सिफारिश उन्होंने अपने शो में की थी। इन ट्रेड्स से उन्हें हुए कुल लाभ का 85% हिस्सा इसी हेरफेर से आया।
SEBI ने सितंबर 2021 में अपनी जांच के निष्कर्ष साझा किए और फरवरी 2022 में अवैध रूप से कमाए गए मुनाफे को जब्त कर लिया।
क्या सजा दी गई?
SEBI ने हेमंत घई, उनकी पत्नी जया घई और मां श्याम मोहिनी घई को 5 साल के लिए शेयर बाजार से प्रतिबंधित कर दिया। साथ ही, MAS कंसल्टेंसी और मोतीलाल ओसवाल को इस धोखाधड़ी में शामिल होने के कारण जिम्मेदार ठहराया गया।
क्या है पूरा मामला?
हेमंत घई ने अपने शो के जरिए दर्शकों को प्रभावित किया, अपनी पत्नी और मां के नाम पर पहले से स्टॉक खरीद लिए और बाद में उनके बढ़े हुए दाम पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाया। SEBI की सख्त कार्रवाई के बाद, यह मामला शेयर बाजार में पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए एक बड़ा उदाहरण बन गया है।
टैग्स