होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / संजीव मेहता के सिर सजा 'IMPACT Person Of The Year 2021' का ताज
संजीव मेहता के सिर सजा 'IMPACT Person of the Year 2021' का ताज
मुंबई के ‘फोर सीजन्स’ होटल में 14 अप्रैल को एक समारोह में यह अवॉर्ड दिया गया। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
एक्सचेंज4मीडिया (exchange4media) ग्रुप द्वारा मीडिया, मार्केटिंग और एडवर्टाइजिंग के क्षेत्र में बेहतरीन योगदान देने और ऊंचाइयों को छूने वालों को हर साल दिए जाने वाले ‘इंपैक्ट पर्सन ऑफ द ईयर’ (IMPACT Person of the Year) अवॉर्ड 2021 के विजेता का नाम घोषित कर दिया गया है। इस बार यह अवॉर्ड ‘एचयूएल’ (HUL) के सीईओ और एमडी संजीव मेहता ने जीता है।
मुंबई के ‘फोर सीजन्स’ होटल में 14 अप्रैल गुरुवार की शाम करीब छह बजे से आयोजित एक समारोह में यह अवॉर्ड दिया गया। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह ‘इंपैक्ट पर्सन ऑफ द ईयर अवॉर्ड’ का 17वां एडिशन था। मेहता को यह अवॉर्ड ‘एचयूएल’ को देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों में से एक में बदलने और इनोवेशन के साथ भविष्य के लिए सुरक्षित बनाने के लिए दिया गया है।
मेहता के नेतृत्व में कंपनी का बाजार पूंजीकरण (market capitalization) पिछले आठ वर्षों में 17 बिलियन डॉलर से बढ़कर 65 बिलियन डॉलर से अधिक हो गया है। उनका दृढ़ विश्वास है कि देश के लिए जो अच्छा है, वह एचयूएल के लिए भी अच्छा है। उनके मार्गदर्शन में कंपनी ने अपनी डिजिटल क्षमताओं को भी बढ़ाया है।
मेहता ने हाल ही में यूनिलीवर बिजनेस के सीईओ/एग्जिक्यूटिव चेयरमैन के रूप में 20 साल पूरे किए हैं और उन्हें मैक्रो-लेवल (macro-level) के मुद्दों को जल्दी पहचानने की उनकी क्षमता के लिए जाना जाता है। महामारी के बाद के महीनों में जब अधिकांश अन्य एफएमसीजी कंपनियों ने गिरावट दर्शाई, तब मेहता की स्ट्रैटेजी ने एचयूएल को अपनी बिक्री और लाभ दोनों में वृद्धि करने में मदद की।
इस साल इस अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट होने वालों में ‘मामाअर्थ’ (Mamaearth) के को-फाउंडर्स गजल अलघ और वरुण अलघ; एको (Acko) के फाउंडर व सीईओ वरुण दुआ; शेयरचैट (ShareChat) के को-फाउंडर्स अंकुश सचदेवा, भानु प्रताप सिंह, फरीद अहसन; मीशो (Meesho) की फाउंडर व सीईओ विदित आत्रे, ड्रीम11 (Dream11) के को-फाउंडर्स हर्ष जैन और भावित शेठ शामिल रहे।
बता दें कि इससे पहले यह अवॉर्ड ‘ आईटीसी लिमिटेड’ (ITC Limited) के चेयरमैन और एमडी संजीव पुरी, ‘Byju’s’ के फाउंडर और सीईओ बायजू रवींद्रन, ‘Google India’ के पूर्व एमडी राजन आनंदन, ‘Patanjali Ayurved‘ के बाबा रामदेव, ‘Paytm‘ के फाउंडर और सीईओ विजय शेखर शर्मा, ‘Times Now और ET Now’ के पूर्व प्रेजिडेंट और एडिटर-इन-चीफ अरनब गोस्वामी, ‘Zee Entertainment Enterprises Ltd‘ के एमडी और सीईओ पुनीत गोयनका, ‘Times Group‘ के एमडी विनीत जैन, पूर्व सूचना-प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी, ‘Taproot India‘ के फाउंडर एजनेलो डायस, ‘Network18 और Viacom18‘ के पूर्व ग्रुप सीईओ हरीश चावला, ‘Star India‘ के पूर्व सीईओ उदय शंकर, ‘Network18’ के फाउंडर राघव बहल और ‘CNN-IBN‘ के पूर्व एडिटर-इन-चीफ राजदीप सरदेसाई को मिल चुका है।
‘इंपैक्ट पर्सन ऑफ द ईयर 2021‘ अवॉर्ड ‘एमएक्स प्लेयर‘ (MX Player) द्वारा प्रजेंट किया गया। ‘एबीपी नेटवर्क‘ (ABP Network) ने कार्यक्रम में को-पॉवर्ड की भूमिका निभाई।
टैग्स इंपैक्ट पर्सन ऑफ द ईयर एचयूएल संजीव मेहता इंपैक्ट पर्सन ऑफ द ईयर अवॉर्ड 2021