होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / महिलाओं की सफलता व जज्बे को ITV नेटवर्क ने दी नई पहचान, इस मंच पर किया सम्मान
महिलाओं की सफलता व जज्बे को iTV नेटवर्क ने दी नई पहचान, इस मंच पर किया सम्मान
नारी शक्ति अवॉर्ड्स पाने वालों में वह महिलाएं शामिल रहीं, जिन्होंने अपने उल्लेखनीय कार्यों से समाज के सामने अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
देश-दुनिया में धूम मचाने वाली महिलाओं को सम्मानित करने और उनके काम को नई पहचान देने के लिए देश के प्रमुख मीडिया नेटवर्क्स में शुमार ‘आईटीवी नेटवर्क’ (iTV Network) ने 18 मार्च से दो दिवसीय ‘वी वीमेन वांट’ (We Women Want) फेस्टिवल का आयोजन किया। यह इस कार्यक्रम का दूसरा एडिशन था।
मुंबई के जुहू होटल में आयोजित इस फेस्टिवल के तहत समाज में उदाहरण पेश करने वाली महिलाओं को ‘शक्ति अवॉर्ड्स’ (Shakti Awards) से सम्मानित करने के साथ-साथ कॉन्क्लेव का आयोजन भी किया गया।
नारी शक्ति अवॉर्ड्स पाने वाली महिलाओं में जानी मानी वकील, इंडस्ट्री लीडर्स और सेनाधिकारी समेत समाज के सभी तबकों से जुड़ी वह महिलाएं शामिल रहीं, जिन्होंने अपने उल्लेखनीय कार्यों से समाज के सामने अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है।
कार्यक्रम के दौरान महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विजेताओं को नारी शक्ति अवार्ड्स-2023 से सम्मानित किया। इस दौरान फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के बारे में भी बताया, जिसमें उन्होंने महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास की बात कही है। मुद्रा लोन के बारे में उनका कहना था कि आंकड़े बताते हैं कि महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा लोन दिए गए हैं और यह लोन लेने वालों में महिलाओं की संख्या सबसे ज्यादा है। महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर फडणवीस का कहना था, ‘मुंबई महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित शहर है और महिलाएं रात में भी सुरक्षित तरीके से अपना कामकाज कर सकें, इसके लिए हमने कानूनों में भी आवश्यक बदलाव किए हैं।’
इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उस सेशन के बारे में ट्वीट किया, जिसमें महिलाओं ने अपनी उपलब्धियों को लेकर ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भाग लिया था। अपने ट्वीट में पीएम का कहना था, ‘पिछले 98 एपिसोड में मन की बात कार्यक्रम ने जमीनी स्तर के चैंपियंस की प्रेरक जीवन यात्रा को प्रदर्शित किया है। मैं आपसे गुजारिश करता हूं कि आप उनके और उनकी कड़ी मेहनत के बारे में जानें।’
Over the past 98 episodes, #MannKiBaat has showcased inspiring life journeys of grassroots level champions. I would urge you all to know more about them and their hardwork. https://t.co/SrgPZbAJOK
— Narendra Modi (@narendramodi) March 19, 2023
इस कार्यक्रम में अनुराधा पौडवाल, रसिका दुगल और प्रियंका चाहर जैसी दिग्गज हस्तियों सहित संगीत, सिनेमा और ओटीटी में उपलब्धि हासिल करने वाली तमाम महिलाओं ने भी भाग लिया। इस दौरान इन महिलाओं ने अपनी जीवन यात्रा का भी जिक्र किया और बताया कि उन्हें आगे बढ़ने और इस मुकाम तक पहुंचने में किस तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
‘आईटीवी फाउंडेशन’ (iTV Foundation) की ट्रस्टी और अंबाला की मेयर श्रीमती शक्ति शर्मा ने भी विजेताओं को नारी शक्ति अवॉर्ड्स से सम्मानित किया और कहा, ‘इस फेस्टिवल में उन प्रेरक महिलाओं को सम्मानित किया गया है, जो तमाम भारतीयों के लिए आदर्श रही हैं। यह अवॉर्ड समाज में उन महिलाओं के अमूल्य योगदान का प्रतिनिधित्व और सम्मान करता है।’
वहीं, ‘आईटीवी फाउंडेशन’ (iTV Foundation) की चेयरपर्सन ऐश्वर्या पंडित शर्मा का कहना था, ‘इस फेस्टिवल ने महिलाओं, उनकी उपलब्धियों, उनके सपनों, उनकी आशाओं और उनके साहस को नई पहचान देने का काम किया है। यह विविध पृष्ठभूमि की महिलाओं को एक साथ लाता है और हम देख सकते हैं कि कैसे उनकी स्टोरीज लगभग समान हैं फिर भी पूरी तरह से अनूठी हैं।’
राज्यसभा सदस्य और ‘आईटीवी नेटवर्क’ के प्रमोटर कार्तिकेय शर्मा ने इस पहल का जिक्र करते हुए बताया कि किस तरह से यह मंच समाज में अनुकरणीय उदाहरण पेश करने वाली महिलाओं को नई पहचान दे रहा है। उन्होंने कहा, ‘हम आशा करते हैं कि जो पहल हमने शुरू की है, वह और आगे बढ़ेगी और हमें और भी तमाम महिलाओं को सम्मानित करने और उनकी सफलता की गाथा को लोगों के सामने रखने का मौका मिलेगा।’
दिन भर चले इस कार्यक्रम को ‘न्यूजएक्स’ (NewsX) पर प्रसारित किया गया और इस कार्यक्रम का दोबारा से प्रसारण (रिपीट टेलिकास्ट) वीकेंड पर होगा। इस कार्यक्रम की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शनिवार को ट्विटर पर #WeWomenWant नंबर-वन पर ट्रेंड कर रहा था।
कार्यक्रम की झलकियां आप यहां देख सकते हैं।
टैग्स पत्रकार चैनल आईटीवी नेटवर्क कार्तिकेय शर्मा वी वीमेन वांट शक्ति अवॉर्ड ऐश्वर्या पंडित शर्मा देवेंद्र फडणवीस