होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / RSTV ने हासिल किया खास मुकाम, जल्द शुरू करेगा ये काम भी
RSTV ने हासिल किया खास मुकाम, जल्द शुरू करेगा ये काम भी
चैनल की उपलब्धि पर उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने ट्वीट कर दी बधाई
पंकज शर्मा 6 years ago
राज्यसभा टीवी (RSTV) के लिए यह काफी अच्छी खबर है। दरअसल, राज्यसभा टीवी के यूट्यूब चैनल के सबस्क्राइबर्स की संख्या तीन मिलियन (तीस लाख) का आंकड़ा पार कर गई है और तमाम चैनल्स को पीछे छोड़ते हुए यह न्यूज के क्षेत्र में यूट्यूव पर तेजी से बढ़ते हुए चैनल्स में शुमार हो गया है। RSTV के यूट्यूब चैनल के सबस्क्राइबर्स की संख्या में इस साल काफी तेजी से वृद्धि देखने को मिली है। इस साल करीब साढ़े सात महीने में ही राज्यसभा टीवी के यूट्यूब चैनल को 11.75 लाख से ज्यादा आर्गेनिक सबस्क्राइबर्स (organic subscribers) मिले हैं, जबकि वर्ष 2018 में चैनल को 11.96 लाख सबस्क्रिप्शन हासिल हुए थे।
इस बारे में चैनल की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, ‘इस साल एक फरवरी से 15 जुलाई तक मात्र साढ़े पांच महीनों में ही हमने अपने साथ 9,99,854 से ज्यादा सबस्क्राइबर्स जोड़े हैं। औसत रूप से देखा जाए तो रोजाना करीब 6060 सबस्क्राइबर्स जुड़ रहे हैं। चैनल ने चार फरवरी 2019 को ही दो मिलियन का आंकड़ा पार कर लिया था।’ चैनल की इस उपलब्धि पर उप राष्ट्रपति और राज्यसभा के चेयरमैन एम. वेंकैया नायडू ने ट्वीट कर खुशी भी जाहिर की है। अपने ट्वीट में उन्होंने कहा है, ‘30 लाख यूट्यूब सब्सक्राइबर का लक्ष्य प्राप्त करने पर राज्यसभा टेलीविजन को बधाई। इस उपलब्धि पर चैनल के प्रबंधन, संपादन और तकनीकी दल को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।’
30 लाख यू ट्यूब सब्सक्राइबर का लक्ष्य प्राप्त करने पर राज्य सभा टेलीविजन को बधाई। इस उपलब्धि पर चैनल के प्रबंधन, संपादन और तकनीकी दल को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। #RSTV @rajyasabhatv #RajyaSabha pic.twitter.com/JNs4ffm6IA
— VicePresidentOfIndia (@VPSecretariat) July 18, 2019
बताया जाता है कि वेंकैया नायडू ने करीब दो साल पहले जब राज्यसभा टीवी के चैयरमैन का कार्यभार संभाला था, तो उस दौरान 10 अगस्त 2017 को राज्यसभा टीवी के यूट्यूब चैनल के सबस्क्राइबर्स की संख्या 4,25,622 थी। दो साल से भी कम समय में अब इसके सबस्क्राइबर्स की संख्या में करीब 25,58,460 का इजाफा हुआ है, जो पहले के मुकाबले करीब 501 प्रतिशत बढ़ी है। इसी अवधि के दौरान चैनल के यूट्यूब व्यूज 8.13 करोड़ से 487 प्रतिशत बढ़कर करीब 46.74 करोड़ हो गए हैं।
तीन मिलियन से ज्यादा यूट्यूब सबस्क्राइबर्स होने के साथ ही राज्यसभा टीवी इस मामले में अन्य चैनल्स जैसे एनडीटीवी इंडिया (2.8 मिलियन), इंडिया टुडे (1.9 मिलियन), डीडी न्यूज (1.7 मिलियन), टाइम्स नाउ(1.1 मिलियन), रिपब्लिक वर्ल्ड (1.2 मिलियन), सीएनएन न्यूज18 (1 मिलियन), न्यूज नेशन(1.4 मिलियन), सीएनबीसी आवाज (0.84 मिलियन), लोकसभा टीवी (0.53 मिलियन), सीएनबीसी टीवी18 (0.37 मिलियन), न्यूज एक्स (0.34 मिलियन) और विऑन(0.33 मिलियन) से आगे निकल गया है। यूट्यूव चैनल के सबस्क्राबर्स की संख्या के मामले में राज्यसभा टीवी प्रमुख टीवी चैनल्स की लिस्ट में आठवें नंबर पर है। इससे आगे अभी सिर्फ सात चैनल जैसे- आजतक, एबीपी न्यूज, इंडिया टीवी, जी न्यूज, एनडीटीवी, न्यूज18 इंडिया और न्यूज24 हैं।
बताया जाता है कि राज्यसभा टीवी की व्युअरशिप में यह बढ़ोतरी राज्यसभा टीवी के एडिटर-इन-चीफ राहुल महाजन के नेतृत्व में संपादकीय टीम की मेहनत के साथ ही बेहतर कंटेंट और प्रधानमंत्री के आधिकारिक कार्यक्रमों की कवरेज के अलावा ग्राउंड रिपोर्टिंग की वजह से हुई है। राज्यसभा टीवी की ऑनलाइन पहुंच बढ़ने के कारण ही यूट्यूब चैनल पर राज्यसभा की कार्यवाही देखने वालों की संख्या में भी काफी वृद्धि हुई है। 23 मई 2019 को जब लोकसभा चुनाव के परिणाम आए थे, उस समय राज्यसभा टीवी के यूट्यूब चैनल के 18.37 लाख से ज्यादा व्यूज थे। पांच जुलाई 2019 को बजट वाले दिन इसके व्यूज 13.30 लाख से ज्यादा थे।
इस दौरान राज्यसभा टीवी के कई विडियो वायरल हुए हैं. जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण और कार्यक्रम शामिल हैं। जब नरेंद्र मोदी ने इस साल लोकसभा चुनाव में भारी विजय के बाद प्रधानमंत्री के रूप में एक समारोह में शपथ ली थी, तो उस दौरान 24 घंटे से भी कम समय में चैनल को 157000 व्यूज मिले थे। कंटेंट और कवरेज प्लानिंग को और बेहतर बनाने के लिए राज्यसभा टीवी ने ‘ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल’ (BARC) को जॉइन कर लिया है ताकि इसके प्रत्येक शो के बारे में व्युअर्स की रिस्पॉन्स जाना जा सके। लोकसभा टीवी की तर्ज पर राज्यसभा टीवी भी जल्द ही सरकारी और निजी उपक्रमों के विज्ञापनों को प्रसारित करना शुरू करेगी।
टैग्स राज्यसभा टीवी यू ट्यूब एम. वेंकैया नायडू