होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / PTI के फोटोग्राफर से मारपीट, अज्ञात लोगों पर पीटने का आरोप
PTI के फोटोग्राफर से मारपीट, अज्ञात लोगों पर पीटने का आरोप
न्यूज एजेंसी 'पीटीआई' (PTI) के फोटोग्राफर रवि चौधरी और उनकी मंगेतर के साथ अज्ञात लोगों द्वारा मारपीट की खबर सामने आई है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
न्यूज एजेंसी 'पीटीआई' (PTI) के फोटोग्राफर रवि चौधरी और उनकी मंगेतर के साथ अज्ञात लोगों द्वारा मारपीट की खबर सामने आई है। मामला उत्तर प्रदेश के मुरादनगर का है।
बता दें कि यह घटना सोमवार को दिल्ली से मोटरसाइकिल के जरिए यात्रा करने के दौरान हुई। रवि का आरोप है कि 7 दिसंबर को जब वे अपनी मंगेतर के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी गाजियाबाद में गंगा कैनाल रोड के पास 5-6 लोगों ने हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि जिस बोलेरो कार में हमलावार सवार थे, उस पर ‘भारत सरकार’ लिखा था।
रवि चौधरी ने ट्वीट करके इस मामले की जानकारी दी। ये भी आरोप लगाया कि गाजियाबाद के मुरादनगर थाने पर तैनात पुलिसकर्मियों ने आरोपियों के खिलाफ उनकी शिकायत दर्ज करने से इनकार कर दिया। हालांकि, बाद में अधिकारियों ने चौधरी को मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया।
On a bike, I was attacked by 5-6 men on Ganga canal road. BOLERO car no: UP 14 DN 9545, had written 'bharat sarkar' on it.Muradnagar police refused to lodge FIR. What to do?@myogiadityanath @Uppolice @Ashokkumarips @yadavakhilesh @BJP4UP pic.twitter.com/oCKxWwVGZe
— Ravi Choudhary (@choudharyview) December 7, 2020
उल्लेखनीय है कि हाल ही में एक पुलिसकर्मी द्वारा प्रदर्शनकारी किसान को लाठी मारते हुए चौधरी की ली गई तस्वीर ने सभी का ध्यान आकर्षित किया था। चौधरी ने कहा कि घटना गंगा नहर रोड के भीड़ भरे रास्ते पर हुई। बोलेरो के चालक ने चौधरी के वाहन को आगे निकलने के दौरान रोका और कथित तौर पर रवि और उनकी मंगेतर के साथ गाली-गलौज की। जब चौधरी ने इसका विरोध किया तो चालक ने कार का दरवाजा खोलकर उनका रास्ता रोक लिया।
पीटीआई के पत्रकार चौधरी ने कहा कि इसी दौरान कार से निकले तीन-चार व्यक्तियों ने उनको पीटना शुरू कर दिया, जबकि कई लोग कार के अंदर ही रहे। उन्होंने बताया कि जब वे किसी तरह बचकर मौके से भागे तो कार सवार लोगों ने कुछ दूर तक उनका पीछा भी किया। चौधरी ने कहा कि बाद में वह गाजियाबाद पुलिस थानाक्षेत्र की मुरादनगर चौकी पर शिकायत दर्ज कराने रुके, तो पुलिसकर्मियों ने उनके क्षेत्र की घटना नहीं होने की बात कहकर टाल-मटोल की। बाद में चौधरी ने वाहन की ली गई तस्वीर को ट्वीट भी किया।
टैग्स हमला पीटीआई रवि चौधरी मुरादनगर