होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पत्रकारों से जुड़े इन मामलों पर PCI ने जताई चिंता, सरकार से मांगी रिपोर्ट
पत्रकारों से जुड़े इन मामलों पर PCI ने जताई चिंता, सरकार से मांगी रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में ‘मीडिया ब्रेक’ (Media Break) के एडिटर आशीष अवस्थी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने के मामले में ‘प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया’ (PCI) ने स्वत: संज्ञान लिया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में ‘मीडिया ब्रेक’ (Media Break) के एडिटर आशीष अवस्थी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने के मामले में ‘प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया’ (PCI) ने स्वत: संज्ञान लिया है। काउंसिल के चेयरमैन जस्टिस सीके प्रसाद ने इस मामले में चिंता जताते हुए बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार से इस मामले में रिपोर्ट मांगी है।
गौरतलब है कि आशीष अवस्थी ने 8 मई 2020 को कोरोना महामारी से जूझ रहे होमगार्ड्स की ‘दुर्दशा’ को अपनी खबर के माध्यम से उजागर किया था। इस रिपोर्ट में उन्होंने बताया था कि किस तरह से बिना किसी बीमा कवच के कोरोना से जूझते हुए होमगार्ड्स ड्यूटी कर रहे हैं जबकि पुलिस कर्मियों को कोरोना महामारी के दृष्टिगत उत्तर प्रदेश शासन से बीमा सुरक्षा कवच प्रदान किया गया है।
इसके बाद कानपुर पुलिस ने आशीष अवस्थी के खिलाफ कानपुर दक्षिण क्षेत्र के बाबूपुरवा कोतवाली के इंस्पेक्टर राजीव सिंह की तहरीर पर सोशल मीडिया में खबर प्रसारित करने और कानपुर पुलिस की छवि धूमिल करने सहित अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
यहां यह भी बता दें कि इससे पहले मंगलवार को प्रेस काउंसिल ने ‘अरुणाचल टाइम्स’ (Arunachal Times) की एसोसिएट एडिटर तोंगम रीना को अपनी खबर के चलते कई ऑनलाइन पोस्ट में शारीरिक हिंसा की धमकी दिये जाने पर चिंता जतायी थी और स्वत: मामले में संज्ञान लेते हुए अरुणाचल प्रदेश के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक से रिपोर्ट मांगी थी।
दरअसल, 23 अप्रैल को रीना ने ‘अरुणाचल टाइम्स’ में एक लेख प्रकाशित किया था, जिसका शीर्षक था, ‘वाइल्डलाइफ हंटिंग आन स्पाइक, सेज एक फारेस्ट आफिशियल’। इस पर रीना को तमाम ऑनलाइन पोस्ट में धमकी दी गई थीं।
टैग्स भारतीय प्रेस परिषद प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया पीसीआई आशीष अवस्थी पत्रकार के खिलाफ मुकदमा उप्र सरकार अरुणाचल टाइम्स तोंगम रीना