होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / HT लीडरशिप समिट में बोले PM मोदी, हमारा उद्देश्य नया भारत बनाने का है
HT लीडरशिप समिट में बोले PM मोदी, हमारा उद्देश्य नया भारत बनाने का है
हिन्दुस्तान टाइम्स (HT) के 100 वर्ष पूरे होने पर 16 नवंबर को दिल्ली में आयोजित हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट 2024 को संबोधित कर रहे थे पीएम मोदी।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 नवंबर को दिल्ली में आयोजित हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट 2024 को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने हिन्दुस्तान टाइम्स (HT) के 100 वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए कहा कि यह समाचार पत्र भारत के स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आजादी के बाद के विकास यात्रा का साक्षी रहा है। उन्होंने महात्मा गांधी द्वारा इस अखबार का उद्घाटन किए जाने का उल्लेख किया और इसके ऐतिहासिक सफर की प्रशंसा की।
प्रधानमंत्री ने समिट स्थल पर लगी एचटी की विशेष प्रदर्शनी का अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह एक प्रदर्शनी से बढ़कर एक अनुभव है। उन्होंने आजादी और संविधान लागू होने के दौर के पुराने समाचार पत्रों को देखने का अनुभव भी साझा किया। पीएम मोदी ने कहा कि एचटी के मंच पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस, मार्टिन लूथर किंग, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महान लोगों ने भी अपने विचार रखे थे।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने 1947 में कश्मीर के भारत में विलय की खबर पढ़ने के अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय की अनिर्णय की स्थिति ने कश्मीर को सात दशकों तक हिंसा में फंसा कर रखा। उन्होंने खुशी जताई कि आज जम्मू-कश्मीर में रिकॉर्ड मतदान की खबरें आ रही हैं। असम की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय असम को अशांत क्षेत्र घोषित करने की खबरें थीं, लेकिन आज शांति और स्थिरता का माहौल है।
पीएम ने बोडोलैंड महोत्सव का जिक्र करते हुए कहा कि 2020 के बोडो शांति समझौते के बाद क्षेत्र में हिंसा समाप्त हुई है। उन्होंने इस उपलब्धि को मीडिया द्वारा कम तवज्जो दिए जाने पर आश्चर्य जताया और कहा कि यह देश के लिए बड़ी उपलब्धि है।
पीएम के अनुसार, उनकी सरकार ने ‘जनता के लिए निवेश, विकास के लिए रोजगार, और सम्मान के लिए विकास’ का मंत्र अपनाया है। उन्होंने बताया कि 2014 में केवल 14 करोड़ गैस कनेक्शन थे, जो आज बढ़कर 30 करोड़ से अधिक हो गए हैं। उन्होंने उजाला योजना, जनऔषधि केंद्र, और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से देश को हुए आर्थिक लाभ के आंकड़े साझा किए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले दस वर्षों में भारत ने जिस तेजी से विकास किया है, वह दुनिया के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि आज भारत में 1.25 लाख से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हो चुके हैं और युवा जोखिम लेने में आगे बढ़ रहे हैं। खेलों से लेकर उद्यमिता तक, हर क्षेत्र में छोटे शहरों और गांवों के युवा नई ऊंचाइयां छू रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने हिन्दुस्तान टाइम्स की 100 वर्षों की यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि इस मंच ने भारत के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक बदलावों को बहुत करीब से देखा है। उन्होंने एचटी को भारत के विकास में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। उन्होंने कहा कि भारत के नागरिकों की आकांक्षाएं ही देश की ताकत हैं और उनकी सरकार इन आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए काम कर रही है।
Addressing the Hindustan Times Leadership Summit. @htTweets #HTLS2024 https://t.co/BG2XQfH2mJ
— Narendra Modi (@narendramodi) November 16, 2024
टैग्स नरेंद्र मोदी पीएम मोदी एचटी लीडरशिप समिट एचटी समिट 2024