होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / मीडिया जगत में हमारे न्यूजरूम का हर कोई मुरीद: कली पुरी
मीडिया जगत में हमारे न्यूजरूम का हर कोई मुरीद: कली पुरी
इंडिया टुडे ग्रुप की वाइस चेयरपर्सन और एग्जिक्यूटिव एडिटर-इन-चीफ कली पुरी ने एक भावनात्मक आंतरिक नोट में यह घोषणा की कि वरिष्ठ पत्रकार और न्यूज डायरेक्टर राहुल कंवल अब ग्रुप का हिस्सा नहीं रहेंगे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 10 months ago
इंडिया टुडे ग्रुप की वाइस चेयरपर्सन और एग्जिक्यूटिव एडिटर-इन-चीफ कली पुरी ने एक भावनात्मक आंतरिक नोट में यह घोषणा की कि वरिष्ठ पत्रकार और न्यूज डायरेक्टर राहुल कंवल अब ग्रुप का हिस्सा नहीं रहेंगे। 22 साल तक चैनल से जुड़े रहने के बाद उन्होंने नई राह चुनने का फैसला किया है।
राहुल कंवल ने आजतक, इंडिया टुडे टीवी और बिजनेस टुडे जैसे फ्लैगशिप प्लेटफॉर्म्स पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। एक युवा पत्रकार के रूप में सफर शुरू करने वाले राहुल कंवल ने टीवी टुडे नेटवर्क के न्यूज डायरेक्टर और बिजनेस टुडे के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर तक का सफर तय किया। कली पुरी ने इसे "इंडिया टुडे ग्रुप की अनोखी यात्रा" बताते हुए कहा कि राहुल कंवल की सफलता संगठन की विकासशील संस्कृति, असीमित अवसरों और तेजी से आगे बढ़ने की क्षमता का प्रमाण है, जिससे दोनों पक्षों को फायदा हुआ।
पिछले बारह वर्षों में राहुल कंवल के साथ की गई साझेदारी को याद करते हुए लिखा कि उन्होंने मिलकर मजबूत टीमें बनाई, प्रभावशाली संपादकीय संपत्तियां (Editorial IPs) विकसित कीं और पूरे देश में घूमते हुए ऐसी यादें संजोईं जो जीवनभर बनी रहेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि उनका न्यूजरूम आज मीडिया जगत में ईर्ष्या का विषय बन चुका है।
उनके संदेश में बीते समय की विरासत को स्वीकार करने के साथ-साथ आने वाले बदलावों की उम्मीद भी झलकती है। उन्होंने माना कि बदलाव कभी आसान नहीं होता, लेकिन पत्रकारिता के लिए यह बहुत जरूरी है। उन्होंने आगे कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मीडिया के लिए एक नया रास्ता खोल रहा है और यह कंटेंट क्रिएटर्स के लिए एक रोमांचक मोड़ साबित हो सकता है। यह दर्शाता है कि इंडिया टुडे ग्रुप लगातार इनोवेशन और नए प्रयोगों की दिशा में बढ़ रहा है।
कली पुरी ने खासतौर पर इस बात को स्वीकार किया कि राहुल कंवल ने नए पत्रकारों को मार्गदर्शन देने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि अब ये युवा पत्रकार पूरी तरह से तैयार हैं और आगे आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए सक्षम हैं।
उनका संदेश एक तरफ राहुल कंवल के लिए विदाई संदेश था, तो दूसरी तरफ यह पूरी टीम के लिए प्रेरणादायक शब्द भी थे। अंत में, उन्होंने व्यक्तिगत रूप से सम्मान देते हुए लिखा कि चाहे राहुल कंवल कहीं भी जाएं, लेकिन वे हमेशा इंडिया टुडे ग्रुप की एक याद अपने साथ रखेंगे।
टैग्स