होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / देखें, मोदी की जीत पर हिंदी अखबारों का कैसा रहा फ्रंट पेज
देखें, मोदी की जीत पर हिंदी अखबारों का कैसा रहा फ्रंट पेज
लोकसभा चुनाव 2019 में विपक्ष को करारी शिकस्त देते हुए भाजपा ने दर्ज की है बड़ी जीत
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
2014 की मोदी लहर 2019 में सुनामी में तब्दील हो गई। भाजपा ने ऐसा जनादेश हासिल किया, जिसकी शायद किसी को उम्मीद नहीं थी। अब जीत इतनी बड़ी होगी, तो कवरेज भी बड़ी मिलना लाज़मी है। शुक्रवार के अख़बार मोदी की प्रचंड जीत और उसके विश्लेषण से पटे रहे। तकरीबन हर पन्ने पर चुनावी परिणाम से जुड़ी खबर थी। ऐसे मौकों पर फ्रंट पेज काफी मायने रखता है, क्योंकि यही तय करता है कि पाठक अख़बार पढ़ेगा या नहीं? लिहाजा सभी अख़बारों ने अपनी रचनात्मकता के घोड़े दौड़ाए और दूसरों से अलग करने का प्रयास किया।
कुछ प्रमुख अख़बारों की बात करें तो हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, पत्रिका और प्रभात खबर का पहला पेज मोदीमय रहा, लेकिन इन सबके बीच पत्रिका और प्रभात खबर, दोनों अख़बारों ने नरेंद्र मोदी की एक जैसी फोटो इस्तेमाल की है, मगर अलग-अलग एंगल से। इसके अलावा, सभी महत्वपूर्ण आंकड़ों को फ्रंट पेज पर चस्पा किया गया है, ताकि पढ़ने वाले को एक ही नज़र में सबकुछ समझ आ जाए।
प्रभात खबर ने जहां मोदी की हाथ जोड़े फोटो को पूरे फ्रंट पेज पर रखा है, वहीं पत्रिका ने हैडर के साथ-साथ नीचे कुछ जगह छोड़कर सात कॉलम फोटो लगाई है। लेआउट के अलावा दोनों ही अख़बारों का शीर्षक भी सबसे जुदा है। पत्रिका की हैडलाइन है ‘मोदी शहंशाह...’ यहां शहं और शाह को अलग रंगों में रखा गया है। ऐसा करके अख़बार ने मोदी के साथ-साथ अमित शाह को भी शीर्षक में जगह दी है। प्रभात खबर की बात की जाए तो उसकी हैडलाइन है ‘मोदी लड़े, मोदी जीते।’ कहने को तो इसे बेहद सामान्य शीर्षक कहा जा सकता है, लेकिन इसमें बहुत गहराई है। वो इस तरह कि पूरा लोकसभा चुनाव मोदी के नाम पर लड़ा गया। मोदी को हराने के लिए विपक्ष एकजुट हो गया, तो भाजपा महज मोदी के नाम पर वोट मांगती रही। जनता ने भी प्रत्याशियों के गुण-अवगुणों की अनदेखी करते हुए मोदी को वोट दिए। इसी बात को प्रभात खबर ने अपनी हैडलाइन में उठाया है।
इसी तरह दैनिक भास्कर और अमर उजाला ने भी एक ही फोटो इस्तेमाल किया है और इसका एंगल भी एकदम समान है। हैडर के ऊपर से फोटो को
हिंदुस्तान की बात करें तो उसने भी इस प्रचंड जीत को सामान्य रूप में पेश किया है। अख़बार के फ्रंट पेज पर विज्ञापन है और उसी को ध्यान में रखते हुए नरेंद्र मोदी का एक फोटो लगाया गया है। जिसके चलते फ्रंट पेज खास आकर्षक नहीं लगता। हिंदुस्तान की हैडलाइन भी रचनात्मक दिखाई नहीं देती। अख़बार लिखता है ‘महाविजेता मोदी।’ हालांकि फ्रंट पेज पर दूसरे अख़बारों के मुकाबले हिंदुस्तान ने कंटेंट ज्यादा दिया है। हारने-जीतने वाले दिग्गज नेताओं को पहले पेज पर फोटो के साथ जगह दी गई है। कुल मिलाकर कहा जाए तो कम से कम फ्रंट पेज को आकर्षक बनाने के लिहाज से लोकमत, पत्रिका और प्रभात खबर ने बाकी हिंदी के अख़बारों को पीछे छोड़ दिया है।
यहां देखें इन अखबारों का फ्रंट पेज
आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कीजिए
टैग्स नरेंद्र मोदी पीएम मोदी बीजेपी चुनाव 2019 अखबारी कवरेज