होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / कंगना रनौत और पत्रकार के बीच विवाद में न्यूज एजेंसी भी कूदी, लिया बड़ा फैसला
कंगना रनौत और पत्रकार के बीच विवाद में न्यूज एजेंसी भी कूदी, लिया बड़ा फैसला
प्रेस कान्फ्रेंस में पत्रकार के साथ कंगना रनौत की हो गई थी तीखी नोकझोंक
पंकज शर्मा 6 years ago
देश की प्रतिष्ठित न्यूज एजेंसी ‘पीटीआई’ (PTI) के पत्रकार जस्टिन राव से तीखी नोकझोंक के मामले में बॉलिवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत के खिलाफ मीडिया का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। जस्टिन राव के समर्थन में एंटरटेनमेंट जर्नलिस्ट्स गिल्ड के सामने आने के बाद अब पीटीआई ने भी अपने पत्रकार का साथ देते हुए कंगना रनौत का बायकॉट कर दिया है।
एजेंसी से जुड़े अधिकारियों ने कंगना रनौत द्वारा जस्टिन राव पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। इसके साथ ही यह स्पष्ट कर दिया है कि जब तक कंगना इस मामले में माफी नहीं मांगती हैं, तब तक उनका बायकॉट जारी रहेगा। यानी, उन्हें एजेंसी की ओर से किसी तरह की कवरेज नहीं दी जाएगी।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व कंगना मुंबई में अपनी नई फिल्म ‘जजमेंटल है क्या’ के गानों की रिलीज के अवसर पर एक प्रेस कांफ्रेंस में पहुंची थीं। उनके साथ अभिनेता राजकुमार राव और फिल्म की निर्माता एकता कपूर भी थीं। प्रेस कांफ्रेंस शुरू होते ही सवाल-जवाब का सिलसिला शुरू हुआ। कुछ देर तक सब कुछ ठीक चला, लेकिन जैसे ही एक जस्टिन राव ने अपना परिचय देते हुए कंगना से सवाल पूछना चाहा, वह भड़क उठीं। अभिनेत्री ने उक्त जस्टिन राव पर अपनी फिल्म ‘मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ़ झांसी की रानी’ को लेकर गलतबयानी करने का आरोप लगाया, जिससे जस्टिन ने इनकार किया और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई थी।
इसके बाद जस्टिन राव के समर्थन में एंटरटेनमेंट जर्नलिस्ट्स गिल्ड आ गया था। गिल्ड ने कंगना रनौत की मीडिया कवरेज न करने और बायकॉट का ऐलान करते हुए एक्ट्रेस से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने की मांग की थी। हालांकि, इस मामले में फिल्म प्रड्यूसर एकता कपूर ने लिखित में खेद प्रकट किया था, लेकिन कंगना एक विडियो के जरिये यह स्पष्ट कर चुकी हैं कि वो माफी नहीं मांगेंगी। इसके साथ ही उन्होंने पत्रकारों से उन्हें बैन करने की अपील भी कर डाली है।
टैग्स पीटीआई प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया बॉलिवुड एक्ट्रेस पत्रकार की बेइज्जती कंगना रनौत एंटरटेनमेंट जर्नलिस्ट्स गिल्ड जजमेंटल है क्या