होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / अरनब गोस्वामी की गिरफ्तारी के विरोध में आगे आया न्यूज ब्रॉडकास्टर्स फेडरेशन
अरनब गोस्वामी की गिरफ्तारी के विरोध में आगे आया न्यूज ब्रॉडकास्टर्स फेडरेशन
‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स फेडरेशन’ ने मुंबई पुलिस द्वारा रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन-चीफ और मैनेजिंग डायरेक्टर अरनब गोस्वामी को गिरफ्तार किए जाने की निंदा की है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
न्यूज ब्रॉडकास्टर्स फेडरेशन’ (News Broadcasters Federation) ने मुंबई पुलिस द्वारा बुधवार की सुबह रिपब्लिक टीवी (Republic TV) के एडिटर-इन-चीफ और मैनेजिंग डायरेक्टर अरनब गोस्वामी को गिरफ्तार किए जाने की निंदा की है।
एनबीएफ ने भारत सरकार और महाराष्ट्र सरकार से कानून की उचित प्रक्रिया का पालन करने और अरनब गोस्वामी से उचित व न्यायसंगत तरीके से व्यवहार करने का आग्रह किया है। इसके साथ ही एनबीएफ ने समूचे मीडिया और न्यूज जगत से एकजुट होने और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ यानी प्रेस की स्वतंत्रता का समर्थन करने का आह्वान किया है।
एनबीएफ के जनरल सेक्रेट्री आर. जय कृष्णा का कहना है, ‘मुंबई पुलिस द्वारा अरनब गोस्वामी को गिरफ्तार किया जाना काफी चौंकाने वाला कदम है और यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला है। यह देश की इतिहास में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के खिलाफ अपमानजनक और अराजकतावादी कार्रवाई है। हम सरकार का ध्यान इस ओर दिलाना चाहते हैं कि वह पत्रकारों की सुरक्षा को लिए कोई विशेष कदम उठाए, जिन्हें अपनी प्रोफेशनल ड्यूटी निभाने के कारण परेशान किया जा रहा है।’
एनबीएफ की वाइस प्रेजिडेंट और ओटीवी (OTV) की मैनेजिंग डायरेक्टर जगी. एम पांडा (Jagi M. Panda) का कहना है, ‘पत्रकारों और न्यूज मीडिया संगठनों के अधिकारों के संरक्षण के लिए केंद्र सरकार को एक ऐसी तटस्थ एजेंसी तैयार करनी चाहिए जो प्रेस की स्वतंत्रता के खिलाफ सत्ता का दुरुपयोग न होने दे।’
एनबीएफ के वाइस प्रेजिडेंट और प्राग न्यूज (असम) के फाउंडर संजीव नारायण (Sanjive Narain) का कहना है, ‘मैं अरनब गोस्वामी की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करता हूं। यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को तोड़ने जैसा है। मैं केंद्र सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप करने और राज्य सरकार पर दबाव बनाने का आग्रह करता हूं। यदि जरूरी हो तो महाराष्ट्र में आपातकाल घोषित कर देना चाहिए। जैसा आपातकाल के दौरान हुआ और आज भी ऐसा ही हो रहा है। इस तरह का हमला स्वीकार्य नहीं है और मैं पूरी न्यूज मीडिया से इस मुद्दे पर एक साथ आगे आने का आग्रह करता हूं, क्योंकि ऐसा हममें से किसी के साथ हो सकता है।’
एनबीएफ के वाइस प्रेजिडेंट और आईटीवी नेटवर्क (ITV Network) के फाउंडर कार्तिकेय शर्मा का कहना है, ‘अरनब गोस्वामी की गिरफ्तारी निंदनीय है। पूरी मीडिया बिरादरी को प्रेस की स्वतंत्रता के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई के खिलाफ खड़ा होना चाहिए।’
एनबीएफ के वाइस प्रेजिडेंट और फोर्थ डाइमेंशन मीडिया (Fourth Dimension Media) के सीईओ शंकर, बी का कहना है, ‘रिपब्लिक टीवी जैसे प्रमुख न्यूज नेटवर्क के प्रतिष्ठित और सम्मानित पत्रकार अरनब गोस्वामी को गिरफ्तार किया जाना घृणित और अपमानजनक है। यह बिल्कुल भी सही नहीं है।’
24 न्यूज चैनल (केरल) के चीफ एडिटर आर. श्रीकंदन नायर (R Sreekandan Nair) का कहना है, ‘बंद हुए केस के मामले में अनैतिक रूप से अरनब गोस्वामी की गिरफ्तारी की हम कड़ी निंदा करते हैं। मुंबई पुलिस की यह कार्रवाई सत्ता का दुरुपयोग है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर इस तरह के हमले के खिलाफ मीडिया बिरादरी को एकजुट होना चाहिए।’
एमएच1 न्यूज (MH1 News) के मैनेजिंग डायरेक्टर और चेयरमैन महेंद्र बाथला का कहना है, ‘हम अरनब गोस्वामी की गिरफ्तारी की निंदा करते हैं, प्रतिशोधी व्यवहार अस्वीकार्य है और प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा की जानी चाहिए।’
टैग्स अरनब गोस्वामी गिरफ्तार न्यूज ब्रॉडकास्टर्स फेडरेशन एनबीएफ मुंबई पुलिस न्यूज ब्रॉडकास्टर्स सुसाइड केस