होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एंड डिजिटल एसोसिएशन ने जारी किया अपना नया लोगो
न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एंड डिजिटल एसोसिएशन ने जारी किया अपना नया लोगो
देश में निजी टेलिविजन न्यूज चैनल्स का प्रतिनिधित्व करने वाले समूह ‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन’ (NBA) ने अपना नाम बदलकर अब ‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एंड डिजिटल एसोसिएशन’ (NBDA) रख लिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
देश में निजी टेलिविजन न्यूज चैनल्स का प्रतिनिधित्व करने वाले समूह ‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन’ (NBA) ने अपना नाम बदलकर अब ‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एंड डिजिटल एसोसिएशन’ (NBDA) रख लिया है। इसके साथ ही एसोसिएशन ने अब अपना नया लोगो जारी किया है। नाम बदलकर ‘NBDA’ करने से परिलक्षित होता है कि अब डिजिटल मीडिया पब्लिशर्स भी इसके सदस्यों मे शामिल हैं।
नए लोगो में दो छल्ले (rings) हैं, जो आपस में एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। यह टेलिविजन और डिजिटल ईको-सिस्टम के समामेलन का प्रतीक है। इसमें नीले रंग का छल्ला टेलिविजन के ईको-सिस्टम को बताता है और गहरा रंग न्यूज जॉनर की ठोस मौजूदगी को दर्शाता है। इसके साथ ही नए जमाने के प्लेटफॉर्म डिजिटल को नारंगी रंग से दर्शाया गया है और ‘D’ अक्षर को भी नारंगी रंग से दर्शाया गया है।
बता दें कि ‘NBDA’में देश के तमाम प्रमुख न्यूज चैनल्स शामिल हैं और देश की न्यूज टेलिविजन की व्युअरशिप में इसकी 80 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सेदारी है। टेक्नोलॉजी के कारण वर्तमान में मीडिया के परिदृश्य में भारी बदलाव आया है। अब दर्शकों के पास कंटेंट तक पहुंचने के लिए तमाम विकल्प उपलब्ध हैं। डिजिटल मीडिया काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इस बारे में ‘NBDA’ के प्रेजिडेंट रजत शर्मा का कहना है, ‘मुझे पूरा विश्वास है कि एनबीडीए ब्रॉडकास्ट और डिजिटल मीडिया दोनों के लिए एक मजबूत व सामूहिक आवाज बनेगा। वाणिज्यिक और नियामक मुद्दों के साथ यह एसोसिएशन को भारत के संविधान के तहत मीडिया को मिले वाक एवं अभिव्यक्ति की आजादी के मौलिक अधिकार की रक्षा करने में भी सक्षम बनाएगा।’
टैग्स एनबीए रजत शर्मा न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन लोगो न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एंड डिजिटल एसोसिएशन