होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ‘आजतक’ से जल्दबाजी में हुई यह गलती, उड़ा मजाक!
‘आजतक’ से जल्दबाजी में हुई यह गलती, उड़ा मजाक!
एग्जिट पोल के पूर्वानुमान को लेकर चैनल की ओर से किया गया था ट्वीट
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
हिंदी की एक कहावत है, ‘जल्दी का काम शैतान का’, यानी जल्दबाजी में किया गया काम आपको मुश्किल में डाल सकता है। वैसे तो आजकल सबकुछ इतना फ़ास्ट हो गया है कि यदि कहावत पर गौर करने लगे तो बहुत कुछ पीछे छूट जायेगा। खासकर पत्रकारिता में ‘तेजी’ बहुत मायने रखती है, लेकिन फिर भी कभी न कभी हमें इस कहावत का असली अर्थ समझ आ ही जाता है।
‘आजतक’ के सोशल मीडिया अकाउंट को संभालने वाली टीम को भी यह अहसास हो गया होगा। दरअसल, जल्दबाजी में चैनल के ट्विटर हैंडल से एक ऐसा ट्वीट किया गया, जिसे देखने के बाद हंसी रोक पाना मुश्किल था। हालांकि, काम के अत्यधिक दबाव में ऐसी गलतियां हो जाती हैं और लोग भी इस बात को समझते हैं, लेकिन हंसी तो हंसी है, उस पर भला किसका बस चलता है।
‘आजतक’ 19 मई को सबसे बड़ा एग्जिट पोल दिखाने जा रहा है। 7 लाख से ज्यादा मतदाताओं से बातचीत के आधार पर यह एग्जिट पोल तैयार किया गया है। इसी सिलसिले में चैनल के ट्विटर अकाउंट से एक ट्वीट किया गया था, जिसमें एग्जिट पोल के प्रसारण समय की जानकारी के साथ-साथ सटीक पूर्वानुमान का भी जिक्र था। बस यहीं चैनल की टीम से गलती हो गई। इस ट्वीट के साथ जो ग्राफ़िक अटैच था, उस पर लिखा था ‘34 में से 36 सटीक पूर्वानुमान।’ अब भला ये कैसे मुमकिन है? 34 में से 36? संभवतः 36 में से 34 सटीक पूर्वानुमान लिखने की कोशिश होगी, लेकिन जल्दबाजी में उल्टा हो गया। जिसने भी यह ट्वीट देखा, वो कुछ देर तक अपनी हंसी नहीं रोक पाया। जब तक ‘आजतक’ की टीम को इसकी भनक लगती, ट्वीट स्क्रीनशॉट की शक्ल में वायरल हो चुका था।
चर्चा का विषय बने ‘आजतक’ के इस ट्वीट का स्क्रीनशॉट आप यहां देख सकते हैं-
टैग्स आजतक सोशल मीडिया एग्जिट पोल पूर्वानुमान